प्रीत विहार में ए एस जी कलसा आई केयर सेंटर का भव्य उद्घाटन, आधुनिक सुविधाओं से लैस होगा उपचार
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। प्रीत विहार स्थित एएसजी कलसा आई केयर सेंटर का हर्षोल्लास के साथ भव्य उद्घाटन किया गया। उद्घाटन समारोह में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा का सेंटर के संचालकों एवं स्टाफ ने बुके देकर जोरदार स्वागत किया। इसके बाद कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने रिबन काटकर आई केयर सेंटर का विधिवत उद्घाटन किया। इस दौरान चिकित्सकों, स्टाफ और गणमान्य लोगों ने नए सेंटर की शुरुआत पर शुभकामनाएं दीं।
वरिष्ठ नेत्र रोग विशेषज्ञ डॉ. संगीता हंस ने कहा कि रुड़की और आसपास के क्षेत्रों में आंखों से संबंधित बेहतर एवं आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं की आवश्यकता लंबे समय से महसूस की जा रही थी। इसी उद्देश्य से रुड़की में यह सेंटर शुरू किया गया है, ताकि आर्थिक रूप से कमजोर लोगों को भी बेहतर उपचार उपलब्ध कराया जा सके। उन्होंने कहा कि हर मरीज के लिए बड़े शहरों या बड़े अस्पतालों तक जाना और वहां उपचार कराना संभव नहीं होता। ऐसे में स्थानीय स्तर पर आधुनिक सुविधाओं वाला आई केयर सेंटर लोगों के लिए काफी उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने बताया कि सेंटर में आंखों की जांच से लेकर आवश्यक उपचार और सर्जरी तक की सुविधाएं उपलब्ध कराई गई हैं। यहां आधुनिक मशीनों के साथ प्रशिक्षित चिकित्सकों की टीम मौजूद रहेगी। इसके अलावा आयुष्मान कार्ड, गोल्डन कार्ड, ESI, CGHS, ECHS और विभिन्न TPA बीमा योजनाओं के तहत कैशलेस उपचार की सुविधा भी उपलब्ध होगी।
डॉ. संगीता हंस ने बताया कि रुड़की और आसपास के ग्रामीण क्षेत्रों के मरीजों को ध्यान में रखते हुए यहां अत्याधुनिक ऑपरेशन थिएटर तैयार किया गया है। सेंटर की ओर से NABH मान्यता के लिए आवेदन भी किया गया है। उन्होंने कहा कि ऑपरेशन थिएटर में बड़े अस्पतालों में उपलब्ध आवश्यक आधुनिक उपकरणों की व्यवस्था की गई है।
उन्होंने कहा कि पिछले 18 वर्षों से संस्था समाजसेवा के क्षेत्र में कार्य कर रही है। इसी क्रम में हर महीने दूर-दराज और ग्रामीण क्षेत्रों में 15 से 20 निःशुल्क स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाते हैं। शिविरों के माध्यम से जरूरतमंद मरीजों की पहचान कर उन्हें आवश्यक उपचार उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने लोगों से अपील की कि अस्पताल या सेंटर देखकर घबराने की आवश्यकता नहीं है। पात्र मरीजों का आयुष्मान योजना के तहत परामर्श, जांच और सर्जरी तक का उपचार कवर हो सकता है।
वहीं कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने सेंटर के शुभारंभ पर चिकित्सकों एवं संचालकों को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रुड़की में चार आई केयर सेंटर होना क्षेत्र के लिए बड़ी उपलब्धि है। उन्होंने कहा कि ALK Group द्वारा आधुनिक सुविधाओं से तैयार किया गया यह सेंटर मरीजों के लिए उपयोगी साबित होगा।
उन्होंने सेंटर के ऑपरेशन थिएटर, साफ-सफाई और व्यवस्थाओं की सराहना करते हुए कहा कि मरीजों को काउंसलिंग, आंखों की जांच, चश्मे से संबंधित सेवाएं और दवाइयां एक ही छत के नीचे उपलब्ध होंगी। उन्होंने उम्मीद जताई कि मरीजों की संख्या बढ़ने के बावजूद सेंटर की टीम बेहतर समन्वय के साथ काम करते हुए उपचार की गुणवत्ता बनाए रखेगी। कार्यक्रम के दौरान मौजूद लोगों ने सेंटर के उज्ज्वल भविष्य की कामना की।




