महिलाएं परिवार की धुरी हैं, स्वस्थ रहने के लिए पौष्टिक आहार लें: डॉ. अजय भार्गव
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की, 12 सितंबर 2026। भारत विकास परिषद समर्पण शाखा रुड़की की ओर से बालिकाओं एवं महिलाओं को एनीमिया से बचाव और स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से एसडीपीसी कॉलेज, रुड़की में जागरूकता एवं स्वास्थ्य जांच शिविर का आयोजन किया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ वंदे मातरम् के साथ हुआ।
कार्यक्रम में शाखा अध्यक्ष इंजीनियर राकेश गर्ग ने कॉलेज की प्रधानाचार्या, शिक्षकों, छात्राओं एवं शाखा सदस्यों का स्वागत किया। उन्होंने भारत विकास परिषद द्वारा संचालित विभिन्न सामाजिक एवं जनहितकारी कार्यक्रमों की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि केवल शिविर आयोजित करना परिषद का उद्देश्य नहीं है, बल्कि महिलाओं और बालिकाओं को उनके स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना भी उतना ही महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि परिवार में महिलाओं की भूमिका बेहद महत्वपूर्ण होती है, इसलिए उनका स्वस्थ रहना पूरे परिवार और समाज के लिए आवश्यक है।
कार्यक्रम संयोजक एवं रुड़की के प्रसिद्ध हृदय रोग विशेषज्ञ डॉ. अजय भार्गव ने एनीमिया के कारण, लक्षण और उससे बचाव के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि शरीर में हीमोग्लोबिन की कमी को एनीमिया कहा जाता है। रक्त में हीमोग्लोबिन की कमी होने पर शरीर में कमजोरी, चक्कर आना, थकान और कार्य करने की क्षमता में कमी जैसी समस्याएं हो सकती हैं। उन्होंने कहा कि एनीमिया को नजरअंदाज नहीं करना चाहिए और समय पर जांच तथा उचित उपचार बेहद जरूरी है।
डॉ. अजय भार्गव ने कहा कि “महिलाएं परिवार की धुरी हैं, इसलिए उन्हें अपने स्वास्थ्य के प्रति विशेष रूप से सजग रहना चाहिए और नियमित रूप से पौष्टिक आहार लेना चाहिए।” उन्होंने छात्राओं को आयरन और अन्य आवश्यक पोषक तत्वों से भरपूर भोजन लेने तथा स्वास्थ्य संबंधी समस्या होने पर चिकित्सकीय सलाह लेने के लिए प्रेरित किया।
सह-संयोजिका डॉ. रमिता गुप्ता ने कहा कि स्वस्थ महिला ही स्वस्थ बच्चे को जन्म देने में सक्षम होती है। महिलाओं के स्वास्थ्य पर ध्यान देने से आने वाली पीढ़ी भी स्वस्थ होगी और इससे स्वस्थ समाज के निर्माण में मदद मिलेगी।
बाल रोग विशेषज्ञ डॉ. सुधीर चौधरी ने छात्राओं एवं महिला स्टाफ को उचित खान-पान, पौष्टिक आहार और बेहतर स्वास्थ्य के लिए आवश्यक सावधानियों की जानकारी दी।
कॉलेज की प्रधानाचार्या श्रीमती रीतू सैनी ने कॉलेज में एनीमिया जांच एवं जागरूकता शिविर आयोजित करने के लिए भारत विकास परिषद समर्पण शाखा के सदस्यों का आभार व्यक्त किया।
शिविर के दौरान करीब 200 छात्राओं एवं सभी महिला स्टाफ की रक्त जांच की गई। प्रतिभागियों को एलोवेरा युक्त फ्रूट जूस और बिस्कुट भी वितरित किए गए।
इसी कार्यक्रम के दौरान रुड़की की पैरा एथलीट सुश्री भारती अग्रवाल को शॉट पुट एवं डिस्कस थ्रो में राष्ट्रीय स्तर पर स्वर्ण पदक जीतने की तैयारी के लिए कोचिंग हेतु परिषद सदस्यों के सहयोग से 25 हजार रुपये की धनराशि भेंट की गई।
कार्यक्रम में प्रांतीय संयोजक संस्कार डॉ. राजीव गोयल, महिला सहभागिता संयोजिका रीतिका गुप्ता, फराह मलिक, रीना नैथानी, वंदना मोहन, डॉ. सुनील शर्मा, डॉ. संजय जैन, प्रो. रमा भार्गव, बीना सिंह, रश्मि जैन, शालिनी प्रकाश, दीप्ति सैनी, आकांक्षा गोयल सहित मेडिकल टीम से कामिल खान, नरेश गिरी, सोहेल खान एवं कॉलेज स्टाफ मौजूद रहा।


