हल्द्वानी घटना को लेकर कांग्रेस के भ्रामक प्रचार के विरोध में भाजपा का धरना-प्रदर्शन
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। हल्द्वानी की घटना को लेकर कांग्रेस पार्टी द्वारा किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार के विरोध में भारतीय जनता पार्टी रुड़की की ओर से नगर निगम रुड़की के सामने धरना-प्रदर्शन किया गया। प्रदर्शन में भाजपा के पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि और बड़ी संख्या में कार्यकर्ता शामिल हुए। इस दौरान कांग्रेस के खिलाफ नारेबाजी करते हुए भाजपा नेताओं ने विपक्ष पर राजनीतिक लाभ के लिए प्रदेश का माहौल खराब करने का आरोप लगाया।
धरना-प्रदर्शन को संबोधित करते हुए राज्यसभा सांसद डॉ. कल्पना सैनी ने कहा कि कांग्रेस हल्द्वानी की घटना को लेकर तथ्यों को तोड़-मरोड़कर जनता के बीच भ्रम फैलाने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि प्रदेश की भाजपा सरकार कानून व्यवस्था बनाए रखने और प्रत्येक नागरिक के हितों की रक्षा के लिए प्रतिबद्ध है। उनके अनुसार विपक्ष को सकारात्मक भूमिका निभाते हुए जनता के मुद्दों को उठाना चाहिए, लेकिन राजनीतिक लाभ के लिए भ्रम और असंतोष फैलाना उचित नहीं है।
कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि प्रदेश में शांति और सौहार्द बनाए रखना सरकार की सर्वोच्च प्राथमिकता है। उन्होंने कांग्रेस पर आरोप लगाया कि वह विकास के मुद्दों से भटककर कथित झूठे प्रचार के माध्यम से जनता को गुमराह करने का प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार प्रत्येक परिस्थिति में कानून के दायरे में रहते हुए निष्पक्ष कार्रवाई के लिए प्रतिबद्ध है।
भाजपा जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि कांग्रेस द्वारा किए जा रहे कथित भ्रामक प्रचार का भाजपा कार्यकर्ता हर स्तर पर जवाब देंगे। उन्होंने कहा कि भाजपा की राजनीति सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित पर आधारित है। उन्होंने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे जनता के बीच जाकर घटनाओं से जुड़े सही तथ्यों को पहुंचाएं और संगठन को मजबूत करें।
जिला सह प्रभारी रविंद्र कटारिया ने भी कांग्रेस के कथित दुष्प्रचार की निंदा की। उन्होंने कहा कि भाजपा कार्यकर्ता जनता के हितों और प्रदेश के विकास के लिए लगातार सक्रिय रहेंगे।
इस अवसर पर पूर्व सांसद हरपाल साथी, मास्टर सत्यपाल, वैजयंती माला, राजपाल सिंह और दिनेश कौशिक ने भी विचार रखे। वक्ताओं ने कहा कि विपक्ष को रचनात्मक राजनीति करनी चाहिए और ऐसे मुद्दों पर जिम्मेदारी के साथ अपनी बात रखनी चाहिए।
कार्यक्रम का संचालन नीटू सिंह और संजय अरोड़ा ने संयुक्त रूप से किया। प्रदर्शन में प्रदेश उपाध्यक्ष राकेश गिरी, अल्पसंख्यक मोर्चा अध्यक्ष अनीश गॉड, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, जिला महामंत्री सागर गोयल, अक्षय प्रताप सिंह, भीम सिंह, सोनू धीमान, डॉ. सौरभ गुप्ता, तेजपाल मौर्य, सतीश सैनी, प्रतिभा चौहान, सचिन झबरेड़ी, पंकज नंदा, कदम सिंह, अंकित गौतम, गीता मलिक, मुनीश सैनी, राजेंद्र चौधरी, गौरव कौशिक सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने कांग्रेस के कथित भ्रामक प्रचार के खिलाफ एकजुट होकर जनता तक सरकार का पक्ष और सही तथ्यों को पहुंचाने का आह्वान किया।
