शिक्षक केवल शिक्षा नहीं देते, बल्कि छात्रों के भविष्य को संवारते हैं: हर्ष प्रकाश काला
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की, 5 सितंबर 2026। शिक्षक दिवस के अवसर पर अशोक नगर स्थित श्रीमती नीमा देवी काला पब्लिक स्कूल एवं शिवाजी कॉलोनी स्थित ब्राइट किट्स प्ले स्कूल की ओर से संयुक्त रूप से भव्य सांस्कृतिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के सम्मान में विभिन्न मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर सभी का ध्यान आकर्षित किया। अवकाश के बावजूद बड़ी संख्या में बच्चों ने उत्साहपूर्वक कार्यक्रम में भाग लिया। इस दौरान शिक्षकों ने भी सांस्कृतिक प्रस्तुतियां देकर समारोह को यादगार बनाया।
कार्यक्रम के अवसर पर विद्यालय के संस्थापक, शिक्षाविद एवं समाजसेवी हर्ष प्रकाश काला ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की शुभकामनाएं दीं। उन्होंने शिक्षक दिवस के महत्व पर प्रकाश डालते हुए भारत के महान राजनीतिज्ञ, शिक्षाविद और भारत रत्न से सम्मानित डॉ. सर्वपल्ली राधाकृष्णन के जीवन एवं योगदान को याद किया। उन्होंने बताया कि डॉ. राधाकृष्णन ने अपने जन्मदिन को शिक्षकों के सम्मान के लिए समर्पित किया था, जिसके बाद देश में शिक्षक दिवस मनाने की परंपरा शुरू हुई।
हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि शिक्षक का कार्य केवल बच्चों को स्कूली शिक्षा प्रदान करने तक सीमित नहीं है। शिक्षक विद्यार्थियों के भविष्य के निर्माता होने के साथ-साथ देश के शिक्षित, विकसित और श्रेष्ठ राष्ट्र के निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। उन्होंने कहा कि शिक्षकों की जिम्मेदारी है कि वे बच्चों को नैतिक मूल्यों, संस्कार, अनुशासन और संस्कृति आधारित शिक्षा देकर जिम्मेदार नागरिक के रूप में तैयार करें।
विद्यालय की प्रधानाचार्या कुसुम काला ने सभी शिक्षकों को शिक्षक दिवस की बधाई देते हुए कहा कि शिक्षक को समाज में श्रेष्ठ स्थान प्राप्त है, इसलिए प्रत्येक शिक्षक को अपने पद और गरिमा को बनाए रखना चाहिए। उन्होंने कहा कि बच्चों को समाज और देश के विकास के लिए तैयार करना शिक्षकों का महत्वपूर्ण दायित्व है।
उपप्रधानाचार्य डॉ. बिनीत काला ने कहा कि वास्तविक शिक्षा वही है, जिसके माध्यम से विद्यार्थी संस्कारवान बनकर समाज को सही दिशा देने का कार्य करें और अपने से बड़ों, छोटों तथा जीवनभर अपने शिक्षकों का सम्मान करें। वहीं कोऑर्डिनेटर गार्गी ने शिक्षकों की भूमिका को कुम्हार से जोड़ते हुए कहा कि शिक्षक मिट्टी को तराशने वाले कुम्हार की तरह बच्चों के व्यक्तित्व को आकार देते हैं। इसके लिए सही दिशा और दशा तय करना आवश्यक है।
कार्यक्रम के दौरान विद्यालय की सहकर्मी सुनीता को 32 वर्षों की सेवा पूर्ण करने के बाद भावभीनी विदाई दी गई। वहीं उत्कृष्ट कार्य के लिए कुछ शिक्षकों को विशेष प्रोत्साहन राशि देकर सम्मानित किया गया। इनमें एसएनडीके पब्लिक स्कूल की रीना रावत और किरण रावत तथा ब्राइट किट्स प्ले स्कूल की हिमानी सजवाण शामिल रहीं।
अंत में विद्यार्थियों और शिक्षकों की शानदार सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने देर तक कार्यक्रम में समां बांधे रखा। समारोह में शिक्षक-विद्यार्थियों के बीच सम्मान, संस्कार और शिक्षा के महत्व का संदेश प्रमुखता से सामने आया।






