August 26, 2026

पीरान कलियर में उर्स की व्यवस्थाओं पर आजाद अली ने उठाए सवाल, भ्रष्टाचार के लगाए गंभीर आरोप जांच की मांग

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की/कलियर। पीरान कलियर शरीफ में शुरू हुए उर्स की व्यवस्थाओं को लेकर जन अधिकार पार्टी (ज) के राष्ट्रीय अध्यक्ष आजाद अली ने प्रशासन और नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए हैं। उन्होंने विभिन्न व्यवस्थाओं में कथित भ्रष्टाचार और लापरवाही के आरोप लगाते हुए जिलाधिकारी हरिद्वार को ज्ञापन सौंपकर पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और आवश्यक कार्रवाई की मांग की।

आजाद अली ने कहा कि पीरान कलियर शरीफ में उर्स के दौरान देश-विदेश और दूर-दराज के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में जायरीन पहुंचते हैं। ऐसे में सफाई, बिजली, सुरक्षा, पेयजल, दुकानों और अन्य मूलभूत व्यवस्थाओं का बेहतर होना बेहद जरूरी है। उनका आरोप है कि इस बार भी कई व्यवस्थाएं संतोषजनक नहीं हैं और जगह-जगह अव्यवस्थाएं देखने को मिल रही हैं।

उन्होंने कहा कि कुछ दिन पहले आग लगने की घटना में पांच दुकानें जल गई थीं। उनका कहना है कि प्रभावित दुकानदारों को अभी तक अपेक्षित राहत नहीं मिल पाई है। इसके अलावा नगर पंचायत में काम करने के दौरान एक व्यक्ति की मृत्यु के मामले को भी उन्होंने उठाया और मृतक के परिवार को उचित सहायता एवं राहत दिलाने की मांग प्रशासन से की।

नगर पंचायत की कार्यप्रणाली पर उठाए सवाल

आजाद अली ने नगर पंचायत के ईओ, अध्यक्षा और उनके प्रतिनिधियों पर कथित भ्रष्टाचार में संलिप्तता के आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि उर्स जैसे बड़े धार्मिक आयोजन में पारदर्शिता और जवाबदेही सबसे महत्वपूर्ण है। दुकानों के आवंटन और लगाने के नाम पर कथित अवैध वसूली की शिकायतों की भी उन्होंने जांच कराने की मांग की।

उन्होंने कहा कि कई दुकानदारों द्वारा पैसे लिए जाने की शिकायतें सामने आई हैं। यदि ऐसी शिकायतें सही पाई जाती हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई होनी चाहिए। उन्होंने प्रशासन से पूरे मामले की जांच कर वास्तविक स्थिति सामने लाने की मांग की।

असुरक्षित झूलों को लेकर भी जताई चिंता

उर्स क्षेत्र में लगाए गए झूलों की सुरक्षा को लेकर भी आजाद अली ने गंभीर चिंता जताई। उन्होंने दावा किया कि एलआईओ की ओर से कुछ झूलों को असुरक्षित बताए जाने की बात सामने आई है। उन्होंने सवाल उठाया कि यदि कोई झूला सुरक्षा की दृष्टि से मानकों पर खरा नहीं उतरता है तो उसे संचालन की अनुमति कैसे दी जा सकती है।

उन्होंने कहा कि उर्स में बड़ी संख्या में बच्चे और परिवार झूलों का आनंद लेने पहुंचते हैं। ऐसे में किसी भी असुरक्षित झूले का संचालन लोगों की जिंदगी के लिए खतरा बन सकता है। उन्होंने मांग की कि केवल सुरक्षा मानकों पर खरे उतरने वाले झूलों को ही अनुमति दी जाए और सभी झूलों की आवश्यक जांच कराई जाए।

कलियर की छवि बनाए रखने की अपील

आजाद अली ने कहा कि पीरान कलियर शरीफ केवल हरिद्वार जिले की पहचान नहीं है, बल्कि देशभर में आस्था का महत्वपूर्ण केंद्र है। यहां आने वाले जायरीन अपने साथ कलियर की व्यवस्थाओं और माहौल की छवि लेकर जाते हैं। इसलिए उर्स के दौरान सफाई, सुरक्षा और अन्य व्यवस्थाओं में किसी भी प्रकार की लापरवाही क्षेत्र की प्रतिष्ठा को प्रभावित कर सकती है।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी हरिद्वार ने ज्ञापन में उठाए गए बिंदुओं पर जांच कराने और आवश्यक कार्रवाई का आश्वासन दिया है। आजाद अली ने कहा कि उनका उद्देश्य उर्स को बेहतर, सुरक्षित और व्यवस्थित तरीके से संपन्न कराना है।

उन्होंने कहा कि पीरान कलियर शरीफ किसी की निजी संपत्ति नहीं, बल्कि जनआस्था और जनहित से जुड़ा महत्वपूर्ण धार्मिक स्थल है। इसलिए व्यवस्थाओं में पारदर्शिता और जवाबदेही सुनिश्चित की जानी चाहिए। उन्होंने कहा कि कथित भ्रष्टाचार और अव्यवस्थाओं के खिलाफ उनकी पार्टी आगे भी मजबूती से आवाज उठाती रहेगी और यदि जांच में आरोप सही पाए जाते हैं तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की जाएगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!