बीटी गंज में धूमधाम से मनाया गया 80वां स्वतंत्रता दिवस,बीटी गंज में दिखा देशभक्ति का जज्बा, मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने फहराया तिरंगा
KNEWS18 | सोशल मीडिया डिजिटल मीडिया
एडिटर इन चीफ: दिलशाद खान
स्थान: रुड़की | तारीख: 15 अगस्त 2026
रुड़की। बीटी गंज (सुभाष गंज) में 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह देशभक्ति और उत्साह के वातावरण में धूमधाम से मनाया गया। समारोह का शुभारंभ नगर की प्रथम महिला मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने ध्वजारोहण कर किया। राष्ट्रध्वज फहराते ही पूरा कार्यक्रम स्थल देशभक्ति के नारों और राष्ट्रगान से गूंज उठा। इस दौरान उपस्थित लोगों ने देश की एकता, अखंडता और विकास के लिए मिलजुलकर कार्य करने का संकल्प लिया।

ध्वजारोहण के बाद मेयर अनीता देवी अग्रवाल ने सभी देशवासियों एवं नगरवासियों को 80वें स्वतंत्रता दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दीं। उन्होंने देश की आजादी के लिए अपने प्राणों का बलिदान देने वाले सभी ज्ञात-अज्ञात शहीदों को श्रद्धापूर्वक याद किया। उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता सेनानियों और देश की रक्षा करते हुए शहीद हुए वीर जवानों के बलिदान के कारण ही आज हम स्वतंत्र वातावरण में सांस ले रहे हैं।
मेयर ने कहा कि आज भारत दुनिया में अपनी मजबूत पहचान बना रहा है और देश विकास की नई ऊंचाइयों की ओर तेजी से अग्रसर है। उन्होंने कहा कि प्रत्येक नागरिक का दायित्व है कि देश की एकता, अखंडता और मजबूती के लिए मिलजुलकर काम करे। अपने क्षेत्र, प्रदेश और देश के विकास में हर व्यक्ति को अपनी जिम्मेदारी निभानी चाहिए। उन्होंने युवाओं से राष्ट्र निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान भी किया।
नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल ने स्वतंत्रता दिवस की शुभकामनाएं देते हुए नगरवासियों से रुड़की को स्वच्छ और सुंदर बनाने में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि नगर निगम प्रशासन क्षेत्र की मूलभूत समस्याओं के समाधान के लिए लगातार प्रयासरत है। उन्होंने नागरिकों से स्वच्छता को अपनी जिम्मेदारी समझने और नगर निगम के प्रयासों में सहयोग करने का आह्वान किया।
समारोह में स्कूली छात्राओं ने देशभक्ति तरानों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से वातावरण को राष्ट्रप्रेम से सराबोर कर दिया। छात्राओं की शानदार प्रस्तुतियों को देखकर उपस्थित लोगों ने तालियों के साथ उनका उत्साहवर्धन किया। कार्यक्रम में अनुशासन और देशभक्ति का विशेष माहौल देखने को मिला।
इस अवसर पर राज्य मंत्री श्यामवीर सैनी, शोभाराम प्रजापति, मेयर प्रतिनिधि ललित मोहन अग्रवाल, पूर्व सांसद हरपाल सिंह साथी, पूर्व मंत्री राम सिंह सैनी, वरिष्ठ भाजपा नेता सुशील त्यागी, राज्य महिला आयोग की पूर्व सदस्य एवं वरिष्ठ भाजपा नेत्री रश्मि चौधरी, कांग्रेस नेता आशीष, भाजपा नेता एडवोकेट नवीन कुमार जैन, अनूप राणा, सुनीता गोस्वामी, सरस्वती रावत, राखी चंद्रा, शक्ति सिंह राणा, पंडित राजकुमार दुखी, पार्षद डॉ. नवनीत शर्मा, आकाश जैन और सावित्री मंगला सहित अनेक गणमान्य लोग मौजूद रहे।
कार्यक्रम के दौरान नेताजी सुभाष चंद्र बोस की प्रतिमा तथा राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर श्रद्धांजलि दी गई। कार्यक्रम का संचालन पूर्व पालिका अध्यक्ष पंडित दिनेश कौशिक ने किया। वहीं पुलिस के जवानों ने गार्ड ऑफ ऑनर देकर समारोह की गरिमा बढ़ाई।
“देश की एकता, अखंडता और मजबूती के लिए हम सभी को मिलजुलकर कार्य करना चाहिए और अपने क्षेत्र, प्रदेश व देश के विकास में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभानी चाहिए।”
— अनीता देवी अग्रवाल, मेयर रुड़की

