एस.एन.डी.के. पब्लिक स्कूल में धूमधाम से मनाया गया स्वतंत्रता दिवस, विद्यार्थियों ने दी देशभक्ति की शानदार प्रस्तुतियां
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। देशभक्ति की भावना और उत्साह से सराबोर एस.एन.डी.के. पब्लिक स्कूल एवं ब्राइट किड्स प्ले स्कूल में संयुक्त रूप से 80वां स्वतंत्रता दिवस समारोह हर्षोल्लास के साथ मनाया गया। कार्यक्रम का शुभारंभ विद्यालय के संस्थापक एवं प्रबंधक श्री हर्ष प्रकाश काला, प्रधानाचार्य श्रीमती कुसुम काला एवं उप-प्रधानाचार्य डॉ. विनीत काला द्वारा ध्वजारोहण एवं राष्ट्रगान के साथ किया गया। इस अवसर पर संबोधित करते हुए हर्ष प्रकाश काला ने कहा कि स्वतंत्रता का महत्व समझना और उसका सम्मान करना आज की युवा पीढ़ी की जिम्मेदारी है। स्वतंत्रता की भावना केवल राष्ट्रीय पर्व के दिन सीमित नहीं रहनी चाहिए, बल्कि इसे दैनिक जीवन में भी अपनाना चाहिए। उन्होंने कहा कि सभी को देश की उन्नति में अपना योगदान देने के साथ-साथ अनुशासन, एकता और जिम्मेदारी की भावना को मजबूत करना चाहिए। प्रधानाचार्य श्रीमती कुसुम काला ने विद्यार्थियों को देश के प्रति अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने तथा मानवाधिकार, स्वतंत्रता, समानता और प्रेम जैसे मूल्यों को अपने जीवन में आत्मसात करने का संदेश दिया। कार्यक्रम में विद्यार्थियों ने देशभक्ति एवं राष्ट्रप्रेम से ओत-प्रोत अनेक रंगारंग प्रस्तुतियां दीं। कार्यक्रम का संचालन कक्षा 10 की हंसी रावत एवं जाह्नवी तथा कक्षा 9 की नीलम, तन्वी, जाह्नवी एवं सिमरन ने किया। कार्यक्रम की शुरुआत कक्षा 8 के विद्यार्थियों द्वारा ‘वंदे मातरम्’ पर शानदार सामूहिक नृत्य से हुई। इसके बाद यूकेजी की नमांशी दास ने ‘आरंभ है प्रचंड’ गीत पर मनमोहक नृत्य प्रस्तुत किया। यूकेजी के बच्चों ने ‘कदम कदम बढ़ाए जा’ पर समूह नृत्य प्रस्तुत कर सभी का मन मोह लिया।
ब्राइट किड्स प्ले स्कूल के बच्चों ने ‘मां भवानी’ गीत पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत किया। इसके बाद कक्षा 5 के विद्यार्थियों ने भारतीय सेना को समर्पित भावपूर्ण सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर वीर जवानों को नमन किया।
कार्यक्रम में ‘विजय पताका’, ‘हर कर्म अपना करेंगे’ जैसे देशभक्ति गीतों पर विद्यार्थियों ने शानदार प्रस्तुतियां दीं। कक्षा 3 एवं 4 के विद्यार्थियों ने ‘भारत हमको जान से प्यारा है’ पर सामूहिक नृत्य प्रस्तुत कर देशप्रेम का संदेश दिया।
इस अवसर पर विद्यालय की शिक्षिकाओं एवं शिक्षकों ने भी कार्यक्रम में उपस्थित रहकर विद्यार्थियों का उत्साहवर्धन किया। विद्यालय परिवार ने विद्यार्थियों को देशप्रेम, राष्ट्रभक्ति एवं जिम्मेदार नागरिक बनने के लिए प्रेरित किया।
समारोह के दौरान विद्यालय परिसर देशभक्ति के नारों और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से गूंज उठा। कार्यक्रम का समापन उत्साह, उमंग और राष्ट्रभक्ति की भावना के साथ हुआ।




