जी.डी. गोयनका प्ले स्कूल में धूमधाम से मनाया स्वतंत्रता दिवस,सचिन गुप्ता और पूजा गुप्ता ने बच्चों का बढ़ाया हौंसला, पुरस्कार व चॉकलेट देकर किया सम्मानित
(ब्योरो दिलशाद खान। KNEWS18)
रुड़की। सिविल लाइंस स्थित जी.डी. गोयनका प्ले स्कूल में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में रंगारंग सांस्कृतिक एवं देशभक्ति कार्यक्रम का आयोजन किया गया। विद्यालय परिसर में आयोजित समारोह में नन्हे-मुन्ने बच्चों ने देशभक्ति गीतों, सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और आकर्षक वेशभूषाओं के माध्यम से उपस्थित अतिथियों एवं अभिभावकों का मन मोह लिया। पूरे विद्यालय परिसर में देशभक्ति का उत्साह और उल्लास नजर आया।
कार्यक्रम में मुख्य अतिथि कांग्रेस के प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता एवं पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता उपस्थित रहे। विद्यालय की चेयरपर्सन आशा चंद्र, प्रधानाचार्या स्पर्शा गुप्ता एवं अर्पण गुप्ता ने मुख्य अतिथियों का पुष्पगुच्छ भेंट कर स्वागत किया। कार्यक्रम के दौरान बच्चों ने भगत सिंह, राजगुरु, सुभाष चंद्र बोस सहित स्वतंत्रता सेनानियों और भारतीय सेना के जवानों की वेशभूषा धारण कर देशभक्ति की भावना को जीवंत किया।
मुख्य अतिथि सचिन गुप्ता ने बच्चों की प्रस्तुतियों की जमकर सराहना करते हुए कहा कि जी.डी. गोयनका प्ले स्कूल में स्वतंत्रता दिवस का कार्यक्रम बेहद सुंदर और प्रेरणादायक रहा। एलकेजी, यूकेजी और नर्सरी के छोटे-छोटे बच्चों ने शानदार प्रदर्शन किया। उन्होंने विद्यालय की चेयरपर्सन, प्रधानाचार्या, प्रबंधन टीम, शिक्षकों और बच्चों को कार्यक्रम के लिए बधाई दी।
सचिन गुप्ता ने कहा कि बच्चे देश का भविष्य हैं और बचपन से ही उनमें देशप्रेम, राष्ट्र के प्रति जिम्मेदारी तथा अपनी संस्कृति के प्रति सम्मान की भावना विकसित करना आवश्यक है। उन्होंने अभिभावकों और शिक्षकों से बच्चों को देश के इतिहास, स्वतंत्रता संग्राम और भारतीय संस्कृति से परिचित कराने का आह्वान किया। उन्होंने कहा कि यही बच्चे आगे चलकर देश का नाम रोशन करेंगे और तिरंगे की शान को हमेशा ऊंचा रखने का कार्य करेंगे।
पूर्व मेयर प्रत्याशी पूजा गुप्ता ने कहा कि कार्यक्रम में बच्चों को अलग-अलग देशभक्तों और सैनिकों की वेशभूषा में देखकर बेहद खुशी हुई। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन एवं शिक्षिकाओं द्वारा बच्चों के लिए आयोजित कार्यक्रम की सराहना की। उन्होंने कहा कि छोटे बच्चे कच्ची मिट्टी के समान होते हैं और उन्हें सही दिशा देना शिक्षकों एवं अभिभावकों की जिम्मेदारी है।
पूजा गुप्ता ने विद्यालय की गतिविधियों की प्रशंसा करते हुए कहा कि बच्चों को पढ़ाई के साथ-साथ क्ले, मिट्टी, पानी और अन्य रचनात्मक गतिविधियों के माध्यम से प्रकृति से जोड़ने का प्रयास सराहनीय है। उन्होंने कहा कि बच्चों को भगत सिंह, राजगुरु, सुखदेव और सुभाष चंद्र बोस जैसे महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के बारे में जानकारी देना जरूरी है, ताकि वे आजादी का वास्तविक महत्व समझ सकें।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य अतिथियों ने रंगारंग प्रस्तुतियां देने वाले बच्चों को पुरस्कार देकर सम्मानित किया तथा सभी बच्चों को उपहार और चॉकलेट वितरित कीं। बच्चों के उत्साह और प्रस्तुतियों को देखकर अभिभावकों ने भी तालियों से उनका उत्साहवर्धन किया।
इस अवसर पर स्कूल स्टाफ से गगन धम्मी, आरजू, अंकिता, मोनिका, आकृति, अर्चना, दीपिका, अंशुल, सपना, शिवानी, भव्य सहित अन्य शिक्षक-शिक्षिकाएं उपस्थित रहे। समारोह ने बच्चों में देशप्रेम, संस्कार और रचनात्मकता को बढ़ावा देने के साथ स्वतंत्रता दिवस के महत्व का संदेश भी दिया।


