एस.के. सैनी आस्था हेल्प फाउंडेशन के चौथे विशाल भंडारे में 10 हजार शिवभक्तों ने किया प्रसाद ग्रहण

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। महाशिवरात्रि के पावन अवसर पर एस.के. सैनी आस्था हेल्प फाउंडेशन द्वारा आयोजित चौथे विशाल भंडारे का समापन श्रद्धा, सेवा और भक्ति के वातावरण में हुआ। चार दिनों तक चले इस सेवा अभियान में हजारों शिवभक्त कांवड़ियों को भोजन, विश्राम और अन्य आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई गईं। आयोजन में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, समाजसेवियों और बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने भाग लिया।

फाउंडेशन के संस्थापक अमित सैनी ने बताया कि यह भंडारा चार अगस्त से लगातार संचालित किया गया, जिसमें लगभग 10 हजार शिवभक्तों को भोजन कराने का लक्ष्य रखा गया था और इसे सफलतापूर्वक पूरा किया गया। उन्होंने कहा कि अगले वर्ष इस सेवा अभियान को और भी बड़े स्तर पर आयोजित किया जाएगा तथा श्रद्धालुओं की संख्या को दोगुना करने का प्रयास रहेगा।

अमित सैनी ने बताया कि चारों दिनों में शिवभक्तों के लिए अलग-अलग प्रकार के भोजन की व्यवस्था की गई। पहले दिन आलू-पूड़ी, हलवा और कढ़ी-चावल, दूसरे दिन आलू-पूड़ी, राजमा और कढ़ी-चावल तथा अंतिम दिन विशेष रूप से 200 किलो दूध की खीर तैयार कर प्रसाद के रूप में वितरित की गई। इसके साथ ही श्रद्धालुओं के स्नान, विश्राम और अन्य सुविधाओं का भी विशेष ध्यान रखा गया।

उन्होंने बताया कि यह सेवा परंपरा लगभग 40 वर्षों से लगातार चली आ रही है। पहले उनके पिता और पूर्वज इस भंडारे का संचालन करते थे और अब उन्होंने इस सेवा कार्य की जिम्मेदारी संभाल रखी है। उन्होंने कहा कि समाज सेवा उनके जीवन का उद्देश्य है और वे क्षेत्र तथा देश की सेवा के लिए हमेशा तत्पर रहते हैं।

अमित सैनी ने कांवड़ मेले के दौरान प्रशासन और शासन द्वारा की गई व्यवस्थाओं की भी सराहना की। उन्होंने कहा कि इस बार यातायात, सुरक्षा और प्रबंधन की व्यवस्था बेहद सराहनीय रही। कहीं भी बड़े हादसे या जाम की स्थिति नहीं बनी, जिसके लिए उन्होंने प्रशासन और शासन को धन्यवाद देते हुए सलाम किया।

इस अवसर पर पहुंचे भाजपा के पूर्व विधायक प्रत्याशी मुनीश सैनी ने शिवभक्तों को महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए प्रसाद वितरित किया। उन्होंने कहा कि आस्था हेल्प फाउंडेशन क्षेत्र में धार्मिक और सामाजिक कार्यों का प्रमुख केंद्र बन रहा है। उन्होंने बताया कि यहां 31 फीट ऊंची हनुमान जी की प्रतिमा स्थापित की जाएगी तथा भविष्य में 51 फीट का भव्य राम दरबार भी बनाया जाएगा, जिससे यह स्थान कलियर विधानसभा का प्रमुख धार्मिक धाम बनेगा। उन्होंने प्रधानमंत्री के नारे “सबका साथ, सबका विकास और सबके लिए प्रयास” को दोहराते हुए इस कार्य में अमित सैनी के योगदान की सराहना की।

कार्यक्रम के दौरान डोली सैनी, अथर सैनी, शशि सैनी, पूनम सैनी, दिव्यांशु, सुमित, सुरेंद्र पाल, अमित धीमान, राजेंद्र सैनी, अंतरिक्ष सैनी, ललित सैनी, राम कृपाल सैनी, कृष्ण त्यागी, रविंद्र प्रधान, राम निवास सैनी, मनोज, छोटू महाराज सहित अनेक समाजसेवी उपस्थित रहे और शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा में सक्रिय भूमिका निभाई। पूरे आयोजन में भक्ति, सेवा और सामाजिक समर्पण का अद्भुत संगम देखने को मिला।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!