नागल ब्लॉक प्रमुख संजना चौधरी व चौधरी रविंद्र कुमार के सौजन्य से विशाल शिव भंडारा, कांवड़ियों की सेवा में जुटे सेवादार
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे लाखों शिवभक्त कांवड़ियों की सेवा के लिए नागल क्षेत्र की कांवड़ पटरी पर विशाल निशुल्क शिव भंडारा लगातार संचालित किया जा रहा है। भंडारे के दूसरे दिन भी बड़ी संख्या में शिवभक्तों ने भोजन, विश्राम और अन्य सुविधाओं का लाभ उठाया। सेवा शिविर का आयोजन ब्लॉक प्रमुख संजना चौधरी एवं चौधरी रविंद्र कुमार के सौजन्य से किया जा रहा है, जहां पूरा परिवार और स्वयंसेवकों की टीम दिन-रात सेवा कार्य में जुटी हुई है।
शिविर में कांवड़ियों के लिए शुद्ध एवं पौष्टिक भोजन गरम गरम पूरी सब्ज़ी, ठंडा पेयजल, स्नान, विश्राम, प्राथमिक चिकित्सा, दवाइयों तथा रात्रि विश्राम की निशुल्क व्यवस्था की गई है। भीषण गर्मी और उमस को देखते हुए कूलर, पंखे और स्वच्छ वातावरण की भी विशेष व्यवस्था की गई है, जिससे शिवभक्तों को यात्रा के दौरान किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े। सेवा शिविर में आने वाले प्रत्येक कांवड़िये का सम्मानपूर्वक स्वागत किया जा रहा है और उन्हें सभी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराई जा रही हैं।
प्रमुख समाजसेवी चौ. प्रणव कुमार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस वर्ष भी पूरे श्रद्धा भाव से विशाल शिव भंडारे का आयोजन किया गया है। उन्होंने कहा कि भंडारा 1 अगस्त से 10 अगस्त तक निरंतर संचालित किया जाएगा। प्रतिदिन सुबह और शाम सैकड़ों शिवभक्त यहां भोजन प्रसाद ग्रहण कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि लगभग 10 से 15 स्वयंसेवकों की टीम सेवा कार्य में लगी हुई है और परिवार के सदस्य स्वयं भी शिविर में उपस्थित रहकर सभी व्यवस्थाओं की निगरानी कर रहे हैं।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा को लेकर प्रशासन और सरकार की ओर से भी बेहतर सहयोग मिल रहा है। नगर निगम द्वारा नियमित रूप से सफाई और कूड़ा उठाने की व्यवस्था की जा रही है। उत्तर प्रदेश और उत्तराखंड दोनों राज्यों में कांवड़ यात्रा के लिए बेहतर इंतजाम किए गए हैं, जिससे शिवभक्तों को सुविधाजनक और सुरक्षित यात्रा का लाभ मिल रहा है।
शिविर में भोजन वितरण, पेयजल, चिकित्सा सहायता और विश्राम की व्यवस्थाओं का लगातार निरीक्षण किया जा रहा है। बड़ी संख्या में पहुंचे शिवभक्तों ने शिविर में उपलब्ध सुविधाओं की सराहना करते हुए आयोजकों का आभार व्यक्त किया। श्रद्धालुओं का कहना है कि इस प्रकार की निस्वार्थ सेवा समाज के लिए प्रेरणा है और इससे मानवता का संदेश मिलता है।
इस अवसर पर ब्लॉक प्रमुख संजना चौधरी, चौ. रविंद्र कुमार, चौ. प्रणव कुमार और आर्यन चौधरी स्वयं शिवभक्तों की सेवा में जुटे है। पूरे शिविर परिसर में “हर-हर महादेव” और “बम-बम भोले” के जयघोष से वातावरण भक्तिमय बना रहा। श्रद्धालुओं ने आयोजकों के सेवा भाव की मुक्त कंठ से सराहना करते हुए भगवान भोलेनाथ से पूरे परिवार पर सदैव अपनी कृपा बनाए रखने की कामना की। सेवा, समर्पण और श्रद्धा का यह शिविर कांवड़ यात्रा के दौरान शिवभक्तों के लिए राहत और आस्था का प्रमुख केंद्र बना हुआ है।


