रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन का भव्य अधिष्ठापन समारोह संपन्न, अक्षय प्रताप सिंह ने ली अध्यक्ष पद की शपथ
(ब्योरो रिपोर्ट दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। हरिद्वार रोड स्थित राजवाड़ा फार्म हाउस में रविवार को रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन का भव्य अधिष्ठापन (Installation Ceremony) समारोह “सूर्योदय” थीम के साथ गरिमामय वातावरण में आयोजित किया गया। समारोह में वर्ष 2026–27 के लिए रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने अध्यक्ष पद की शपथ ग्रहण की। उनके साथ नई कार्यकारिणी का भी विधिवत अधिष्ठापन हुआ। कार्यक्रम में रोटरी परिवार के सदस्यों, समाजसेवियों, उद्योगपतियों, चिकित्सकों, शिक्षाविदों और शहर की कई प्रमुख हस्तियों ने भाग लिया।समारोह का विशेष आकर्षण क्लब की वार्षिक ब्रोशर का विमोचन रहा। सभी गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में जारी इस ब्रोशर में क्लब की वार्षिक कार्ययोजना, विज़न, सेवा संकल्प एवं वर्षभर की परियोजनाओं का कैलेंडर प्रस्तुत किया गया।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि उत्तराखंड सरकार के कैबिनेट मंत्री एवं रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने नवनिर्वाचित अध्यक्ष एवं उनकी पूरी टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि रोटरी क्लब विश्व की सबसे प्रतिष्ठित सेवा संस्थाओं में से एक है, जो वर्षों से मानव सेवा के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य कर रही है। उन्होंने कहा कि सरकार और सामाजिक संस्थाओं के संयुक्त प्रयासों से समाज का समग्र विकास संभव है। उन्होंने विश्वास जताया कि अक्षय प्रताप सिंह के नेतृत्व में क्लब शहरहित और जनकल्याण के अनेक नए प्रकल्प शुरू करेगा। इस दौरान उन्होंने रुड़की में प्रस्तावित रिवर साइड ब्यूटीफिकेशन और रिवर फ्रंट परियोजना को भी जल्द शुरू कराने का भरोसा दिलाया।
नवनिर्वाचित अध्यक्ष अक्षय प्रताप सिंह ने कहा कि वे बचपन से इस क्लब को देखते हुए बड़े हुए हैं और आज उसी संस्था की अध्यक्षता करना उनके लिए गर्व और सम्मान की बात है। उन्होंने कहा कि क्लब में शिक्षित, संवेदनशील और समाज के प्रति जिम्मेदार लोग जुड़े हैं, जिनका एकमात्र उद्देश्य सेवा और सकारात्मक बदलाव लाना है। उन्होंने बताया कि क्लब पिछले दो वर्षों से प्लास्टिक वेस्ट मैनेजमेंट अभियान चला रहा है। शहर के 11 वार्डों में प्लास्टिक संग्रहण के लिए विशेष केज लगाए गए हैं, जिनके माध्यम से अब तक लगभग 10 हजार किलोग्राम प्लास्टिक कचरा एकत्रित किया जा चुका है। उन्होंने इस अभियान में सहयोग देने के लिए नगर निगम, महापौर और विधायक प्रदीप बत्रा का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि जल्द ही 15 विद्यालयों में भी प्लास्टिक केज लगाए जाएंगे, जिससे बच्चों में पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता बढ़ेगी।
अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि क्लब मातृ एवं शिशु स्वास्थ्य, टीबी मुक्त भारत अभियान, रक्तदान, वृक्षारोपण, प्राथमिक विद्यालयों के जीर्णोद्धार, शौचालय निर्माण, पेयजल स्टेशन और खेल मैदानों के विकास जैसे अनेक सामाजिक प्रकल्पों पर निरंतर कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि अब तक करीब 150 नवजात शिशुओं को नवजात किट वितरित की जा चुकी हैं। उन्होंने कहा कि रोटरी का मूल मंत्र “Service Above Self” है और उनकी पूरी टीम इसी भावना के साथ समाज सेवा के कार्यों को आगे बढ़ाएगी।
इस अवसर पर इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश ने कहा कि रोटरी में हर वर्ष नई टीम का गठन होता है, लेकिन संस्था का उद्देश्य हमेशा एक ही रहता है—समाज सेवा। उन्होंने कहा कि पिछली टीमों ने सेवा कार्यों की मजबूत नींव रखी है और नई टीम उसी गति को आगे बढ़ाते हुए स्वास्थ्य, शिक्षा, पर्यावरण और जरूरतमंद लोगों के कल्याण से जुड़े और अधिक प्रभावी कार्यक्रम संचालित करेगी।
रोट्रैक्ट क्लब ऑफ अव्यान्ना की नवनियुक्त टीम ने रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन के नवनिर्वाचित अध्यक्ष अक्षय प्रताप सिंह को अध्यक्ष बनने पर हार्दिक शुभकामनाएं दीं। टीम ने उनके सफल कार्यकाल की कामना करते हुए विश्वास जताया कि उनके नेतृत्व में समाज सेवा और जनकल्याण के क्षेत्र में क्लब नई ऊंचाइयों को छूयेगा ।इस मौके पर पहुंचे रोट्रैक्ट क्लब ऑफ अव्यान्ना के अध्यक्ष वंश भारद्वाज ,सचिव दीपाली गुप्ता, अनूप सिंह बेदी,नवजोत, रोटरैक्टर मालिश्का एवं रोटरैक्टर अरुण रोटरी क्लब रुड़की और रोटरी क्लब रुड़की सेंट्रल की पूरी टीम विशेष रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम में इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश,पास्ट असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन मुजीब मलिक, डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन डॉ. रीता कालरा, असिस्टेंट गवर्नर गगन सरीन, पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर हेमंत अरोड़ा, लेफ्टिनेंट जनरल (सेवानिवृत्त) अजय कुमार सिंह, न्यायमूर्ति (सेवानिवृत्त) ब्रह्म सिंह वर्मा, डॉ. सुधीर चौधरी, राजेश गुप्ता, डॉ. संजीव गर्ग, डॉ. विकास त्यागी, अनुभव गुप्ता,अमनीष गुप्ता सहित बड़ी संख्या में वरिष्ठ रोटेरियन एवं गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम का संचालन नेहा सिंह और मानवी जैन ने किया। सांस्कृतिक प्रस्तुतियों और अतिथियों के सम्मान के साथ समारोह का समापन हुआ। नई टीम ने समाज सेवा, पर्यावरण संरक्षण, शिक्षा और जनकल्याण के क्षेत्र में निरंतर कार्य करते रहने का संकल्प दोहराया।






