“नवोदय” के साथ रोटरैक्ट क्लब ऑफ अव्यान्ना, रुड़की ने किया नए नेतृत्व का स्वागत, वंश भारद्वाज ने संभाली अध्यक्ष की कमान,युवा सशक्तिकरण और सेवा का लिया संकल्प
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 25 जुलाई। रोटरैक्ट क्लब ऑफ अव्यान्ना, रुड़की द्वारा होटल सेंटर पॉइंट में रोटरी वर्ष 2026–27 के अधिष्ठापन समारोह “नवोदय” का भव्य आयोजन किया गया। “The Dawn of Leadership, The Beginning of Impact” थीम पर आयोजित इस गरिमामय समारोह में क्लब के नवनिर्वाचित अध्यक्ष रोटरैक्टर वंश भारद्वाज एवं उनकी पूरी कार्यकारिणी ने पद एवं गोपनीयता की शपथ ग्रहण कर नए सत्र की जिम्मेदारियां संभालीं। समारोह में रोटरी परिवार के वरिष्ठ पदाधिकारियों, समाजसेवियों, विभिन्न क्लबों के प्रतिनिधियों तथा बड़ी संख्या में युवाओं की उपस्थिति रही।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि इमीडिएट पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन रवि प्रकाश रहे। विशिष्ट अतिथि के रूप में पास्ट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटेरियन हेमंत अरोड़ा तथा असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन गगन सरीन उपस्थित रहे। इसके अलावा रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन एवं क्लब के पैरेंट क्लब के अध्यक्ष रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह, पास्ट असिस्टेंट गवर्नर रोटेरियन मुजीब मलिक तथा पास्ट प्रेसिडेंट रोटेरियन रमेश रावल ने भी अपनी गरिमामयी उपस्थिति से समारोह की शोभा बढ़ाई और नवगठित टीम को शुभकामनाएं दीं।
समारोह के दौरान क्लब ने अपना वार्षिक ध्येय वाक्य “Empowering Youth, Enabling Entrepreneurship” प्रस्तुत किया। इस अवसर पर क्लब की आगामी कार्ययोजना और सेवा दृष्टि को साझा करते हुए युवाओं को नेतृत्व, नवाचार, सामाजिक उत्तरदायित्व और उद्यमिता के माध्यम से समाज निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया गया। वक्ताओं ने कहा कि रोटरैक्ट केवल सेवा गतिविधियों तक सीमित संगठन नहीं है, बल्कि यह युवाओं को नेतृत्व क्षमता विकसित करने, समाज से जुड़ने और सकारात्मक बदलाव लाने का प्रभावशाली मंच प्रदान करता है।
मुख्य अतिथि रोटेरियन रवि प्रकाश ने अपने संबोधन में कहा कि युवा शक्ति ही देश की सबसे बड़ी ताकत है और रोटरैक्ट जैसे संगठन युवाओं को सेवा, नेतृत्व और सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि यदि युवा सकारात्मक सोच और समर्पण के साथ कार्य करें तो समाज में स्थायी परिवर्तन संभव है। वहीं रोटेरियन हेमंत अरोड़ा ने कहा कि नेतृत्व केवल पद प्राप्त करना नहीं, बल्कि जिम्मेदारियों का ईमानदारी से निर्वहन करना है। रोटेरियन गगन सरीन ने नवगठित टीम को शुभकामनाएं देते हुए कहा कि क्लब को सेवा परियोजनाओं के साथ-साथ सदस्य विकास और सामाजिक नवाचार पर भी विशेष ध्यान देना चाहिए।
समारोह का विशेष आकर्षण रोटरैक्ट क्लब ऑफ अव्यान्ना की वार्षिक ब्रोशर का विमोचन रहा। सभी गणमान्य अतिथियों की उपस्थिति में ब्रोशर का लोकार्पण किया गया। इस ब्रोशर में क्लब की वार्षिक कार्ययोजना, विज़न, सेवा संकल्प, सामाजिक अभियानों तथा वर्षभर आयोजित होने वाली परियोजनाओं का विस्तृत विवरण शामिल किया गया है। अतिथियों ने इसे क्लब की दूरदर्शी सोच और व्यवस्थित कार्यप्रणाली का प्रतीक बताते हुए सराहना की।
शपथ ग्रहण के बाद अपने प्रथम संबोधन में रोटरैक्टर वंश भारद्वाज ने कहा कि उनकी टीम का उद्देश्य केवल सेवा कार्यक्रम आयोजित करना नहीं, बल्कि युवाओं को नेतृत्व, कौशल विकास और उद्यमिता के माध्यम से आत्मनिर्भर बनाना भी है। उन्होंने कहा कि क्लब शिक्षा, स्वास्थ्य, पर्यावरण, स्वच्छता, रक्तदान, महिला सशक्तिकरण और युवा विकास जैसे क्षेत्रों में प्रभावी परियोजनाएं संचालित करेगा। उन्होंने वरिष्ठ रोटेरियनों के मार्गदर्शन और क्लब सदस्यों के सहयोग के लिए आभार व्यक्त करते हुए सेवा, समर्पण और टीमवर्क को अपनी प्राथमिकता बताया।
कार्यक्रम का सफल एवं प्रभावशाली संचालन रोटरैक्टर मालिश्का एवं रोटरैक्टर अरुण ने संयुक्त रूप से मास्टर ऑफ सेरेमनी (Master of Ceremony) के रूप में किया। दोनों ने अपने उत्कृष्ट मंच संचालन से पूरे समारोह को गरिमामय, सुव्यवस्थित और आकर्षक बनाए रखा। अंत में क्लब सचिव रोटरैक्टर दीपाली गुप्ता ने सभी मुख्य अतिथियों, विशिष्ट अतिथियों, रोटेरियनों, रोटरैक्टर्स एवं उपस्थित गणमान्य नागरिकों का धन्यवाद ज्ञापित किया। कार्यक्रम का समापन फेलोशिप के साथ हुआ। पूरे आयोजन में उत्साह, अनुशासन और सेवा भावना का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने रोटरी वर्ष 2026–27 के लिए क्लब की सकारात्मक, ऊर्जावान और समाजोन्मुखी शुरुआत का संदेश दिया।






