उत्तराखंड की राजनीति में बड़ा उलटफेर? रुड़की के इस कार्यक्रम ने बढ़ाई हलचल हजारों लोगों ने ग्रहण की सदस्यता

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। उत्तराखंड की राजनीति में नई पहचान बना रही जन निर्माण पार्टी (जेएनपी) ने रविवार को रुड़की स्थित सेंट्रल होटल में अपना पहला भव्य सदस्यता ग्रहण समारोह आयोजित किया। कार्यक्रम में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और विभिन्न राजनीतिक दलों से जुड़े नेताओं की मौजूदगी देखने को मिली। पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा की मौजूदगी में सैकड़ों लोगों ने पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। वहीं कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे खानपुर विधायक उमेश कुमार ने पार्टी के विजन और उत्तराखंड की राजनीति को लेकर कई बड़े बयान दिए।

विधायक उमेश कुमार ने कहा कि आज कई राष्ट्रीय और क्षेत्रीय दलों से जुड़े नेता और कार्यकर्ता जन निर्माण पार्टी में शामिल हुए हैं, जो इस बात का संकेत है कि जनता और राजनीतिक कार्यकर्ताओं का विश्वास इस नई पार्टी की ओर बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर जैसे जिले प्रदेश के विकास और राजस्व में लगभग 70 प्रतिशत तक योगदान देते हैं, लेकिन राजनीतिक स्तर पर इन जिलों की लगातार उपेक्षा होती रही है।

उन्होंने आरोप लगाया कि देहरादून में बैठी सरकारें इन दोनों जिलों को उनका उचित राजनीतिक प्रतिनिधित्व नहीं देना चाहतीं। उन्होंने कहा कि अब समय आ गया है कि हरिद्वार और ऊधम सिंह नगर के स्थानीय नेता आगे आएं और अपने अधिकारों की लड़ाई स्वयं लड़ें। उन्होंने दावा किया कि जन निर्माण पार्टी इन दोनों जिलों के लोगों की आवाज बनकर उनके अधिकारों की लड़ाई मजबूती से लड़ेगी।

उमेश कुमार ने मूल निवास के मुद्दे को भी उठाते हुए कहा कि 9 नवंबर 2000 से पहले उत्तराखंड में निवास करने वाला प्रत्येक व्यक्ति प्रदेश का मूल निवासी माना जाना चाहिए। उन्होंने सवाल उठाया कि प्रदेश में एक ही राज्य के लोगों के लिए अलग-अलग कानून क्यों लागू किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के नेताओं को पलायन, बेरोजगारी और स्थानीय लोगों के अधिकारों जैसे मुद्दों पर गंभीरता से काम करना चाहिए।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए जन निर्माण पार्टी की राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने कहा कि पार्टी का गठन जनता की आवाज को मजबूती देने के उद्देश्य से किया गया है। उन्होंने कहा कि प्रदेश में महिलाओं की सुरक्षा, युवाओं को रोजगार, किसानों की समस्याएं और शोषित वर्ग के अधिकार जैसे मुद्दे लगातार उपेक्षित रहे हैं। जन निर्माण पार्टी इन्हीं जनसरोकारों को लेकर जनता के बीच आई है।

उन्होंने घोषणा की कि पार्टी आगामी विधानसभा चुनाव में जनपद की सभी सीटों पर अपने प्रत्याशी उतारेगी। उन्होंने कार्यक्रम में पहुंचे हजारों समर्थकों का आभार व्यक्त करते हुए बताया कि समारोह के दौरान लगभग 500 लोगों को पार्टी की औपचारिक सदस्यता दिलाई गई।

इस अवसर पर शिवसेना (शिंदे गुट) उत्तराखंड प्रदेश अध्यक्ष देवेंद्र प्रजापति, राष्ट्रीय लोकदल के प्रदेश महासचिव लोकेश कुमार सैनी, महानगर अध्यक्ष कपिल त्यागी, भारतीय किसान यूनियन (चढ़ूनी) के राहुल कुमार शर्मा, जिला पंचायत सदस्य कमलेश, वरिष्ठ बसपा नेता धनराज तथा रविंद्र कुमार के नेतृत्व में धनगर समाज के सैकड़ों लोगों ने अपने समर्थकों सहित जन निर्माण पार्टी की सदस्यता ग्रहण की। राष्ट्रीय अध्यक्ष सोनिया शर्मा ने सभी नए सदस्यों का पटका पहनाकर स्वागत किया।

समारोह में पार्टी नेताओं ने दावा किया कि उत्तराखंड के विभिन्न हिस्सों से लगातार लोग पार्टी से जुड़ रहे हैं और आने वाले दिनों में पूरे प्रदेश में व्यापक सदस्यता अभियान चलाया जाएगा। कार्यक्रम के समापन पर पार्टी नेतृत्व ने संगठन को गांव-गांव तक मजबूत करने और जनता के मुद्दों को प्रमुखता से उठाने का संकल्प दोहराया। आयोजन में हजारों की संख्या में कार्यकर्ता, समर्थक और जनप्रतिनिधि मौजूद रहे, जिससे यह कार्यक्रम उत्तराखंड की राजनीति में चर्चा का विषय बन गया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!