पहली ही बारिश में डूब रुड़की, ट्रैक्टर पर सवार होकर जलभराव वाले इलाकों में पहुंचीं मेयर अनीता अग्रवाल
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। लगातार हो रही मूसलाधार बारिश ने रुड़की शहर की जलनिकासी व्यवस्था की तैयारियों की पोल खोलकर रख दी। कुछ घंटों की तेज बारिश के बाद ही शहर के कई प्रमुख मार्ग, बाजार और रिहायशी इलाके जलमग्न हो गए। सड़कों पर कई फीट तक पानी भर जाने से आम जनजीवन अस्त-व्यस्त हो गया। कई घरों और दुकानों में पानी घुसने से लोगों को भारी नुकसान उठाना पड़ा, जबकि दोपहिया और चारपहिया वाहन भी जलभराव में फंसते नजर आए। बारिश के कारण शहर के कई हिस्सों में यातायात प्रभावित रहा और लोगों को आवाजाही में भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ा।
शहर में बिगड़ते हालात की सूचना मिलते ही रुड़की की मेयर अनीता अग्रवाल स्वयं ट्रैक्टर पर सवार होकर जलभराव प्रभावित क्षेत्रों का निरीक्षण करने पहुंचीं। उनके साथ वरिष्ठ भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल, नगर निगम के अधिकारी एवं कर्मचारी भी मौजूद रहे। जिन क्षेत्रों में जलभराव के कारण सामान्य वाहनों का पहुंचना संभव नहीं था, वहां ट्रैक्टर के माध्यम से पहुंचकर उन्होंने स्थिति का जायजा लिया।
निरीक्षण के दौरान मेयर अनीता अग्रवाल ने स्थानीय लोगों से बातचीत कर उनकी समस्याएं सुनीं। कई नागरिकों ने जलनिकासी की बदहाल व्यवस्था, बंद नालियों और समय पर सफाई न होने की शिकायतें रखीं। इस पर मेयर ने मौके पर मौजूद अधिकारियों से जवाब-तलब करते हुए स्पष्ट निर्देश दिए कि राहत कार्यों में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि बरसात के मौसम में नागरिकों को परेशानी से बचाना नगर निगम की प्राथमिक जिम्मेदारी है और इसमें किसी भी स्तर पर ढिलाई स्वीकार नहीं की जाएगी।
मेयर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि शहर की सभी बंद नालियों की तत्काल सफाई कराई जाए, जहां आवश्यकता हो वहां अतिरिक्त पंपिंग मशीनें लगाई जाएं और जलभराव वाले सभी संवेदनशील क्षेत्रों में विशेष टीमें तैनात की जाएं। उन्होंने यह भी कहा कि नगर निगम की टीमें चौबीसों घंटे फील्ड में सक्रिय रहें और प्रत्येक शिकायत का त्वरित निस्तारण सुनिश्चित करें। यदि किसी अधिकारी या कर्मचारी की लापरवाही सामने आती है तो उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इस दौरान वरिष्ठ भाजपा नेता ललित मोहन अग्रवाल ने भी अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि जनता की समस्याओं का समाधान सर्वोच्च प्राथमिकता पर किया जाए। उन्होंने कहा कि बारिश के मौसम में राहत कार्यों में तेजी लाना बेहद जरूरी है और सभी विभागों को समन्वय के साथ काम करना चाहिए ताकि लोगों को जल्द राहत मिल सके।
निरीक्षण के तुरंत बाद नगर निगम की टीम ने कई स्थानों पर जलनिकासी अभियान तेज कर दिया। पंपिंग मशीनों के माध्यम से पानी निकालने का कार्य शुरू किया गया तथा नालियों की सफाई भी युद्धस्तर पर कराई गई। अधिकारियों ने बताया कि संवेदनशील इलाकों में अतिरिक्त कर्मचारियों की तैनाती कर दी गई है और स्थिति पर लगातार नजर रखी जा रही है।
मेयर अनीता अग्रवाल ने शहरवासियों से अपील की कि जलभराव, नालियों की रुकावट या किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल नगर निगम के नियंत्रण कक्ष को दें, ताकि राहत दल तुरंत मौके पर पहुंचकर आवश्यक कार्रवाई कर सके। उन्होंने भरोसा दिलाया कि नगर निगम पूरी तत्परता के साथ कार्य कर रहा है और शहर को जलभराव की समस्या से जल्द राहत दिलाने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं। वहीं लगातार बारिश को देखते हुए प्रशासन भी हालात पर नजर बनाए हुए है और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त संसाधन उपलब्ध कराने की बात कही है।




