रुड़की को मिली आधुनिक खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने 3.75 करोड़ की लागत से बने एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का किया लोकार्पण
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की को मिली आधुनिक खेल सुविधाओं की बड़ी सौगात, मुख्यमंत्री धामी ने 3.75 करोड़ की लागत से बने एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का किया लोकार्प
हरिद्वार, 28 जून। उत्तराखंड सरकार ने खिलाड़ियों और खेल प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करने की दिशा में एक और महत्वपूर्ण कदम बढ़ाते हुए रविवार को रुड़की में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) द्वारा निर्मित आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का लोकार्पण किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने 3 करोड़ 75 लाख रुपये की लागत से तैयार इस अत्याधुनिक खेल परिसर का विधिवत उद्घाटन किया। इस अवसर पर उन्होंने परिसर का निरीक्षण कर उपलब्ध खेल सुविधाओं का अवलोकन किया तथा खिलाड़ियों और खेल प्रशिक्षकों से संवाद कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि राज्य सरकार खेलों के सर्वांगीण विकास के लिए पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य कर रही है। प्रदेश के युवाओं को राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय स्तर पर उत्कृष्ट प्रदर्शन के लिए आधुनिक खेल अवसंरचना उपलब्ध कराना सरकार की प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि ग्रामीण और शहरी क्षेत्रों में छिपी खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ाने के लिए प्रदेश के प्रत्येक जिले में आधुनिक खेल सुविधाओं का विस्तार किया जा रहा है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश में खेल संस्कृति को नई पहचान मिली है। केंद्र और राज्य सरकार की खेलोन्मुखी नीतियों के कारण आज युवा खेलों को करियर के रूप में अपना रहे हैं। उत्तराखंड सरकार भी नई खेल नीति के माध्यम से खिलाड़ियों को प्रशिक्षण, प्रोत्साहन और बेहतर संसाधन उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयासरत है।
उन्होंने कहा कि रुड़की में निर्मित यह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स हरिद्वार जनपद ही नहीं बल्कि आसपास के क्षेत्रों के खिलाड़ियों के लिए भी अत्यंत लाभकारी सिद्ध होगा। आधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित यह परिसर खिलाड़ियों को नियमित अभ्यास, प्रशिक्षण और विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं की तैयारी के लिए उत्कृष्ट वातावरण उपलब्ध कराएगा। इससे युवाओं में खेलों के प्रति रुचि बढ़ेगी और वे प्रदेश तथा देश का नाम राष्ट्रीय एवं अंतरराष्ट्रीय मंचों पर रोशन करेंगे।एचआरडीए द्वारा निर्मित इस आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स में इनडोर खेलों के लिए अत्याधुनिक सुविधाएं विकसित की गई हैं। परिसर में सुसज्जित जिम, आधुनिक बैडमिंटन कोर्ट तथा अन्य आवश्यक खेल संसाधन उपलब्ध कराए गए हैं। इसके अलावा यहां विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं और प्रशिक्षण शिविरों का आयोजन भी किया जा सकेगा, जिससे स्थानीय खिलाड़ियों को बाहर जाने की आवश्यकता कम होगी। एचआरडीए उपाध्यक्ष सोनिका ने कहा कि एचआरडीए का उद्देश्य प्रदेश के युवाओं को आधुनिक और गुणवत्तापूर्ण खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। रुड़की का यह स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स खिलाड़ियों के प्रशिक्षण और प्रतिभा निखारने का सशक्त केंद्र बनेगा। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के मार्गदर्शन में खेल अवसंरचना को लगातार मजबूत किया जा रहा है।”
एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह ने कहा कि
“एचआरडीए द्वारा निर्मित यह आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स खिलाड़ियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखकर विकसित किया गया है। यहां जिम, बैडमिंटन कोर्ट सहित अत्याधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध हैं। हमारा प्रयास है कि स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, अभ्यास और प्रतियोगिताओं के लिए उत्कृष्ट खेल अवसंरचना मिल सके।”
अधिशासी अभियंता राजन सिंह ने कहा
“स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स का निर्माण निर्धारित मानकों और उच्च गुणवत्ता के अनुरूप किया गया है। भवन में आधुनिक खेल सुविधाओं के साथ खिलाड़ियों की सुरक्षा और सुविधा का विशेष ध्यान रखा गया है। हमें विश्वास है कि यह परिसर क्षेत्र के खिलाड़ियों के लिए लंबे समय तक उपयोगी और प्रेरणादायक साबित होगा।
उत्तराखंड सरकार के परिवहन प्राधिकरण में नामित सदस्य संजय अरोड़ा ने कहा कि
“मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड में खेल अवसंरचना लगातार सुदृढ़ हो रही है। रुड़की में बना आधुनिक स्पोर्ट्स कॉम्पलेक्स युवाओं के लिए बड़ी सौगात है। इससे स्थानीय खिलाड़ियों को बेहतर प्रशिक्षण, आधुनिक सुविधाएं और अपनी प्रतिभा निखारने का उत्कृष्ट अवसर मिलेगा।”
“कार्यक्रम में परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह, रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, कुंभ मेलाधिकारी सोनिका, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित, वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर, ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र सेठ, एसपी देहात शेखर सुयाल, एचआरडीए सचिव प्रत्यूष सिंह, एक्शन राजन सिंह,नगर आयुक्त गोपाल राम बिनवाल, सीओ मंगलौर अभिनव चौधरी सहित अनेक जनप्रतिनिधि, खेल विभाग के अधिकारी, प्रशिक्षक, खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने इस आधुनिक खेल परिसर को क्षेत्र के युवाओं के लिए एक महत्वपूर्ण उपलब्धि बताते हुए सरकार के इस प्रयास की सराहना की।
