दो बूंदें पीने से सुखी जीवन जीने तक: रोटरी क्लब रुड़की ने 100 से अधिक बच्चों को पिलाई पोलियो की खुराक
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की, 28 जून। विश्व पोलियो दिवस के अवसर पर रोटरी क्लब रुड़की द्वारा राजकीय संयुक्त चिकित्सालय, रुड़की में पोलियो मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत विशेष पोलियो बूथ का आयोजन किया गया। इस दौरान 100 से अधिक नौनिहालों को पोलियो की जीवनरक्षक खुराक पिलाई गई और उनके स्वस्थ, सुरक्षित एवं पोलियो मुक्त भविष्य की कामना की गई। कार्यक्रम में रोटरी क्लब के पदाधिकारियों, चिकित्सकों, अस्पताल कर्मचारियों और आशा कार्यकर्ताओं ने सक्रिय भागीदारी निभाई।
कार्यक्रम का शुभारंभ रोटरी क्लब रुड़की की अध्यक्षा रोटे रीना नैथानी ने बच्चों को पोलियो की दो बूंदें पिलाकर किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि “दो बूंदें पीने से सुखी जीवन जीने तक का सफर तभी संभव है, जब हर बच्चा समय पर पोलियो की खुराक अवश्य प्राप्त करे।” उन्होंने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल विश्व की ऐसी अग्रणी संस्था है जिसने पोलियो जैसी गंभीर बीमारी को जड़ से समाप्त करने का संकल्प लिया और वर्षों से लगातार इस दिशा में कार्य कर रही है।
रोटे रीना नैथानी ने कहा कि रोटरी क्लब के सदस्यों की अथक मेहनत, सरकार के सहयोग और समाज की जागरूकता के कारण भारत आज पोलियो मुक्त देशों की श्रेणी में शामिल है। फिर भी यह आवश्यक है कि प्रत्येक राष्ट्रीय पल्स पोलियो अभियान में सभी बच्चों को निर्धारित समय पर पोलियो की खुराक अवश्य पिलाई जाए, ताकि भविष्य में इस बीमारी की पुनरावृत्ति की कोई संभावना न रहे।
उन्होंने अभिभावकों से अपील करते हुए कहा कि पोलियो की दवा पूरी तरह सुरक्षित है और प्रत्येक बच्चे के बेहतर स्वास्थ्य के लिए अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने कहा कि एक छोटी-सी लापरवाही बच्चे के भविष्य को प्रभावित कर सकती है, इसलिए हर माता-पिता का दायित्व है कि वे अपने बच्चों को पोलियो की दो बूंदें अवश्य पिलाएं।
कार्यक्रम के दौरान अस्पताल परिसर में उत्साहपूर्ण वातावरण देखने को मिला। रोटरी क्लब के सदस्यों और स्वास्थ्य विभाग की टीम ने मिलकर बच्चों को पोलियो ड्रॉप पिलाई तथा अभिभावकों को पोलियो उन्मूलन के प्रति जागरूक किया। आशा कार्यकर्ताओं ने भी लोगों को नियमित टीकाकरण और स्वास्थ्य संबंधी सावधानियों की जानकारी दी।
इस अवसर पर रोटे हर्ष प्रकाश काला, वंदना मोहन, विरेन्द्र जैन, अल्का मित्तल, डॉ. रजत सैनी, श्री गुप्ता, डॉ. संजीव सैनी, विरेन्द्र शर्मा, अस्पताल के कर्मचारी तथा आशा कार्यकर्त्रियां उपस्थित रहीं। सभी ने मिलकर नन्हे-मुन्ने बच्चों को पोलियो की दो-दो बूंदें पिलाईं और उनके उज्ज्वल एवं स्वस्थ भविष्य की कामना की।
कार्यक्रम के अंत में रोटरी क्लब रुड़की ने संकल्प दोहराया कि समाज के प्रत्येक बच्चे तक पोलियो की खुराक पहुंचाने और जन-जागरूकता बढ़ाने के लिए भविष्य में भी इसी तरह के अभियान लगातार चलाए जाते रहेंगे। क्लब के पदाधिकारियों ने कहा कि स्वस्थ और सशक्त भारत के निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी आवश्यक है और पोलियो उन्मूलन इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
