रुड़की को मिली आधुनिक खेल सुविधाओं की सौगात, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण (एचआरडीए) शहर के विकास के साथ-साथ युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार महत्वपूर्ण कार्य कर रहा है। इसी क्रम में रुड़की रोडवेज बस स्टैंड स्थित नवनिर्मित एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स तैयार होकर लोकार्पण के लिए पूरी तरह से सज चुका है। इस बहुप्रतीक्षित स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का शुभारंभ रविवार को उत्तराखंड के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे। मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की ओर से सभी तैयारियां अंतिम चरण में पहुंच चुकी हैं।
स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का निर्माण युवाओं को आधुनिक खेल सुविधाएं उपलब्ध कराने के उद्देश्य से किया गया है। यहां खिलाड़ियों और फिटनेस प्रेमियों के लिए राष्ट्रीय मानकों के अनुरूप बैडमिंटन कोर्ट तैयार किया गया है। इसके साथ ही अत्याधुनिक मशीनों से सुसज्जित जिम भी स्थापित किया गया है, जिससे शहर और आसपास के क्षेत्र के युवाओं को बेहतर प्रशिक्षण और फिटनेस की सुविधाएं स्थानीय स्तर पर ही उपलब्ध हो सकेंगी। यह परियोजना खेल प्रतिभाओं को निखारने के साथ-साथ युवाओं को स्वस्थ जीवनशैली अपनाने के लिए भी प्रेरित करेगी।
मुख्यमंत्री के प्रस्तावित कार्यक्रम से एक दिन पूर्व हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के सचिव प्रत्यूष सिंह ने स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का विस्तृत निरीक्षण किया। उन्होंने भवन परिसर, मुख्य प्रवेश द्वार, बैडमिंटन कोर्ट, जिम, पार्किंग, साफ-सफाई, सुरक्षा व्यवस्था तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं का बारीकी से जायजा लिया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने प्राधिकरण के संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम में आने वाले अतिथियों को किसी भी प्रकार की असुविधा न हो तथा सभी व्यवस्थाएं समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं।
निरीक्षण के दौरान हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के जूनियर इंजीनियर (जेई), टेक्निकल सुपरवाइजर एवं अन्य अधिकारी भी मौजूद रहे। अधिकारियों ने कार्यक्रम से जुड़ी व्यवस्थाओं की जानकारी देते हुए बताया कि मुख्यमंत्री के स्वागत एवं लोकार्पण समारोह को लेकर सभी तैयारियां लगभग पूरी कर ली गई हैं। कार्यक्रम स्थल को आकर्षक ढंग से सजाया गया है और सुरक्षा के भी विशेष इंतजाम किए गए हैं।
स्थानीय लोगों और खेल प्रेमियों में स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स के उद्घाटन को लेकर विशेष उत्साह देखा जा रहा है। उनका मानना है कि इस आधुनिक खेल परिसर के शुरू होने से रुड़की के खिलाड़ियों को बेहतर अभ्यास का अवसर मिलेगा और उन्हें बड़े शहरों पर निर्भर नहीं रहना पड़ेगा। इससे नई खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का मंच मिलेगा और राष्ट्रीय स्तर की प्रतियोगिताओं के लिए भी खिलाड़ियों को बेहतर तैयारी करने में सहायता मिलेगी।
एचआरडीए के इस प्रयास को रुड़की के विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है। उद्घाटन समारोह में हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण की पूरी टीम, प्रशासनिक अधिकारी,खिलाड़ी एवं बड़ी संख्या में स्थानीय नागरिकों के शामिल होने की संभावना है। यह स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स आने वाले समय में रुड़की को खेल गतिविधियों का एक प्रमुख केंद्र बनाने में अहम भूमिका निभाएगा।रुड़की को मिली आधुनिक खेल सुविधाओं की सौगात, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी करेंगे एचआरडीए स्पोर्ट्स कॉम्प्लेक्स का लोकार्पण।
इस अवसर पर जेई पंकज, जेई प्रभात, अर्जीत सैनी, विकास पंवार,नवीन भट्ट,विमल भट्ट आदि टेक्निकल सुपरवाइजर उपस्थित रहे ।





