मोहर्रम और जुमे पर इमली रोड पर दिखी मानवता की मिसाल, दिनभर बंटा शरबत-जलजीरा और हलवा
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। मोहर्रम और जुमे का पवित्र संयोग रुड़की के इमली रोड पर सेवा, भाईचारे और इंसानियत की मिसाल बनकर सामने आया। भीषण गर्मी को देखते हुए इमली रोड स्थित कामिल कस्सार की दुकान के बाहर समाजसेवियों और स्थानीय युवाओं की टीम ने दिनभर शरबत, जलजीरा, ठंडे पानी और हलवे का वितरण किया। इस दौरान राहगीरों, जुमे की नमाज अदा कर लौट रहे नमाजियों तथा मोहर्रम के जुलूस और अखाड़ों से जुड़े लोगों ने राहत महसूस की और आयोजन की खुले दिल से सराहना की।
कार्यक्रम में बड़ी संख्या में स्थानीय लोग और सामाजिक कार्यकर्ता मौजूद रहे। समाजसेवी शेरू मालिक ने बताया कि इमली रोड क्षेत्र में मोहसिन अल्वी, ताहिर चौधरी और उनकी पूरी टीम ने मिलकर इस सेवा अभियान का आयोजन किया। उन्होंने कहा कि जुमे की नमाज समाप्त होने के बाद से लगातार लोगों के लिए ठंडे पानी, शरबत और जलजीरा की व्यवस्था की गई। वहीं इमामबाड़ा वाली गली से निकलने वाले ताजियों और अखाड़ों के सदस्यों के लिए विशेष रूप से हलवे और पेयजल का इंतजाम किया गया, ताकि भीषण गर्मी के बीच किसी को कोई परेशानी न हो।
शेरू मालिक ने कहा कि आज का दिन बेहद मुकद्दस है, क्योंकि मोहर्रम और जुमे का दिन एक साथ आया है। इसी को ध्यान में रखते हुए पूरी टीम सुबह से शाम तक सेवा कार्य में जुटी रही। उन्होंने बताया कि मोहल्ले के सभी जिम्मेदार लोग—शोएब भाई, आदिल भाई, कामिल भाई, मोहसिन भाई, ताहिर चौधरी, राहत भाई सहित अनेक युवा और वरिष्ठ नागरिक अपनी-अपनी जिम्मेदारियां निभा रहे हैं। उन्होंने दुआ की कि अल्लाह तआला इस सेवा को कबूल फरमाए और सभी पर अपनी रहमत की बारिश करे।
महिग्रान वार्ड के पार्षद प्रतिनिधि ताहिर चौधरी ने कहा कि मोहर्रम और जुमे का दिन विशेष महत्व रखता है। ऐसे अवसर पर नमाजियों, अखाड़ों के सदस्यों और आम लोगों की सेवा करना सबसे बड़ा नेक काम है। उन्होंने बताया कि सुबह से लेकर शाम तक शरबत, जलजीरा, हलवा और ठंडे पानी का वितरण लगातार जारी रहेगा, ताकि कोई भी व्यक्ति प्यासा न रहे।
पूर्व पार्षद मोहसिन अल्वी ने कहा कि सेवा और इंसानियत का संदेश देना ही इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य है। उन्होंने बताया कि पूरी टीम ने आपसी सहयोग से सभी व्यवस्थाएं की हैं, जिससे गर्मी में लोगों को राहत मिल सके। उन्होंने कहा कि समाज की एकजुटता और सहयोग की भावना ही ऐसे आयोजनों को सफल बनाती है।
दिनभर चले इस सेवा अभियान में बड़ी संख्या में लोगों ने शरबत, जलजीरा और हलवे का प्रसाद ग्रहण किया। स्थानीय नागरिकों ने आयोजनकर्ताओं के इस प्रयास की सराहना करते हुए कहा कि धार्मिक अवसरों पर इस प्रकार के सेवा कार्य समाज में भाईचारे, सौहार्द और मानवता की भावना को और अधिक मजबूत करते हैं। आयोजन पूरे दिन शांतिपूर्ण और व्यवस्थित ढंग से चलता रहा तथा सेवा में जुटी टीम लोगों की सहायता के लिए लगातार सक्रिय रही। इस अवसर पर कामिल कस्सार,शोएब फरीदी,समीर कस्सार,दानिश फरीदी,बिट्टू,अकरम,आदिल कस्सार,राहत खान,आरिफ कस्सार,कादिर माही ,फरीदी, सोनू कुरैशी आदि समेत बड़ी संख्या में लोग शामिल रहे।







