मामा की बेटी से निकाह की रंजिश में भांजे की चाकू से हत्या, बीच बाजार वारदात से मचा हड़कंप

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

भगवानपुर (रुड़की)। भगवानपुर क्षेत्र में शुक्रवार को रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली एक सनसनीखेज घटना सामने आई। मामा की बेटी से प्रेम विवाह और निकाह करने की रंजिश में एक युवक की बीच बाजार चाकू से गोदकर हत्या कर दी गई। आरोपी कोई और नहीं बल्कि मृतक का सगा मामा बताया जा रहा है। दिनदहाड़े हुई इस वारदात से बाजार में अफरा-तफरी मच गई और लोग दहशत में आ गए। गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, लेकिन उपचार के लिए ले जाते समय उसने रास्ते में ही दम तोड़ दिया। घटना के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की टीमें लगातार दबिश दे रही हैं।
पुलिस के अनुसार, कलियर क्षेत्र के गांव रोलाहेड़ी निवासी 27 वर्षीय मुसिब ने करीब दो वर्ष पहले अपने मामा की बेटी से प्रेम प्रसंग के बाद निकाह किया था। बताया जा रहा है कि इस निकाह से उसका मामा बेहद नाराज था और तभी से दोनों के बीच विवाद चला आ रहा था। निकाह के बाद मुसिब अपनी पत्नी के साथ अपने गांव में रह रहा था, लेकिन पारिवारिक रंजिश खत्म नहीं हुई।
शुक्रवार दोपहर मुसिब किसी घरेलू काम से भगवानपुर क्षेत्र के गांव हालूमाजरा में सामान खरीदने पहुंचा था। वह एक दुकान के बाहर खड़ा होकर सामान ले रहा था। इसी दौरान वहां उसका मामा भी पहुंच गया। पहले दोनों के बीच कहासुनी और गाली-गलौज हुई। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने अपने पास रखा चाकू निकाल लिया और मुसिब के पेट पर ताबड़तोड़ कई वार कर दिए।
हमले में गंभीर रूप से घायल मुसिब खून से लथपथ होकर सड़क पर गिर पड़ा। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया। घटना को देखकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई। स्थानीय लोगों ने तत्काल पुलिस को सूचना देने के साथ ही घायल युवक को अस्पताल पहुंचाने का प्रयास किया।
सूचना मिलते ही भगवानपुर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवक को रुड़की सिविल अस्पताल भिजवाया। वहां चिकित्सकों ने उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हायर सेंटर रेफर कर दिया, लेकिन अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही मुसिब ने दम तोड़ दिया।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस अधिकारियों ने भी मौके का निरीक्षण किया और घटनास्थल से साक्ष्य जुटाए। शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज भी खंगाल रही है, ताकि आरोपी की जल्द गिरफ्तारी सुनिश्चित की जा सके।
कोतवाली प्रभारी निरीक्षक रितेश शाह ने बताया कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि मामा अपनी बेटी से प्रेम विवाह और निकाह करने को लेकर भांजे से रंजिश रखता था। इसी रंजिश के चलते उसने इस वारदात को अंजाम दिया। पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के लिए संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दे रही है। मामले में संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज कर जांच आगे बढ़ाई जा रही है। पुलिस का कहना है कि जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर पूरे घटनाक्रम का खुलासा किया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!