भाजपा की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ कांग्रेस का बिगुल, देहरादून घेराव को लेकर कार्यकर्ताओं में उत्साह
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 21 जून। महानगर कांग्रेस की मासिक बैठक काशीपुरी में आयोजित की गई, जिसमें संगठन को मजबूत बनाने, अधिक से अधिक लोगों को कांग्रेस से जोड़ने तथा आगामी विधानसभा चुनावों की तैयारियों को लेकर व्यापक चर्चा की गई। बैठक में कांग्रेस नेताओं ने भाजपा सरकार की नीतियों पर तीखा प्रहार करते हुए प्रदेश में कांग्रेस की सरकार बनाने के लिए कार्यकर्ताओं से एकजुट होकर कार्य करने का आह्वान किया।
बैठक को संबोधित करते हुए महानगर कांग्रेस जिलाध्यक्ष एडवोकेट चौधरी राजेंद्र सिंह ने कहा कि कांग्रेस संगठन को जमीनी स्तर पर और अधिक मजबूत बनाने की दिशा में तेजी से कार्य किया जाएगा। उन्होंने कहा कि बड़ी संख्या में युवाओं, महिलाओं और आम नागरिकों को पार्टी से जोड़ने का अभियान चलाया जाएगा, ताकि आगामी विधानसभा चुनावों में कांग्रेस मजबूती के साथ मैदान में उतर सके।
राजेंद्र सिंह ने कहा कि वर्तमान भाजपा सरकार की नीतियों से जनता परेशान है। महंगाई लगातार बढ़ रही है, बेरोजगारी गंभीर समस्या बनी हुई है और भ्रष्टाचार व अपराध की घटनाएं चिंताजनक स्तर पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनहित के मुद्दों पर गंभीरता से काम करने के बजाय केवल प्रचार-प्रसार में व्यस्त है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस जनता की आवाज को बुलंद करने का कार्य कर रही है और आम लोगों की समस्याओं को लेकर संघर्ष जारी रखेगी।
बैठक के दौरान देहरादून में कांग्रेस द्वारा आयोजित किए जाने वाले विशाल प्रदर्शन और घेराव कार्यक्रम को लेकर भी विस्तार से चर्चा की गई। जिलाध्यक्ष ने कार्यकर्ताओं से आह्वान किया कि वे अधिक से अधिक संख्या में देहरादून पहुंचकर इस प्रदर्शन को सफल बनाएं। उन्होंने कहा कि यह आंदोलन जनता की समस्याओं और सरकार की जनविरोधी नीतियों के खिलाफ एक मजबूत लोकतांत्रिक आवाज होगा।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने अपने संबोधन में कहा कि प्रदेश की जनता अब बदलाव चाहती है और कांग्रेस के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि भाजपा सरकार के कार्यकाल में आम जनता को अपेक्षित राहत नहीं मिली है, जिसके कारण लोगों में असंतोष बढ़ा है। उन्होंने विश्वास जताया कि आगामी चुनावों में कांग्रेस बेहतर प्रदर्शन करेगी और प्रदेश में परिवर्तन का मार्ग प्रशस्त होगा।
गौरव गोयल ने कहा कि देहरादून में होने वाले घेराव कार्यक्रम को लेकर कांग्रेस कार्यकर्ता पूरी तरह तैयार हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता जनहित के मुद्दों को लेकर मजबूती से संघर्ष करने के लिए प्रतिबद्ध हैं।
बैठक में संगठनात्मक गतिविधियों, बूथ स्तर पर पार्टी को मजबूत बनाने, सदस्यता अभियान को गति देने तथा आगामी कार्यक्रमों की रूपरेखा पर भी चर्चा की गई। नेताओं ने कार्यकर्ताओं से जनता के बीच जाकर कांग्रेस की नीतियों और कार्यक्रमों को पहुंचाने का आह्वान किया।
इस अवसर पर हाजी राव शेर मोहम्मद, सुभाष सैनी, जयकुमार शर्मा, मदनपाल भडाना, हेमेंद्र चौधरी, हाजी नौशाद अली, कलीम खान, मोहम्मद रिजवान, सुभाष शर्मा, विकास कुमार त्यागी, नितिन सैनी, भानु प्रताप, तबरेज आलम, राजीव शास्त्री, एमएन सक्सेना, सलमान खान, मोहित त्यागी, रामगोपाल, उम्मीद गाजी, ओमवीर सिंह, भूषण त्यागी, मोहम्मद मोहसिन, दीपक वर्मा, वैभव सैनी, हिमांशु चौधरी, मेलाराम प्रजापति, जसबीर सिंह तथा पूर्व पार्षद संजय गुड्डू सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
