ज्वालापुर के डांडी चौक पर डायमंड स्पोर्ट्स क्लब का भव्य शुभारंभ, युवाओं और बच्चों में दिखा खासा उत्साह

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

मदन कौशिक की मौजूदगी में ज्वालापुर विधानसभा क्षेत्र के डांडी चौक पर डायमंड स्पोर्ट्स क्लब एवं स्पोर्ट्स एकेडमी का भव्य शुभारंभ बड़े उत्साह और धूमधाम के साथ किया गया। उद्घाटन समारोह में क्षेत्र के जनप्रतिनिधियों, सामाजिक कार्यकर्ताओं, युवाओं और बड़ी संख्या में स्थानीय लोगों ने भाग लिया। कार्यक्रम के दौरान पूरे क्षेत्र में उत्सव जैसा माहौल देखने को मिला।मुख्य अतिथि के रूप में पहुंचे कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने फीता काटकर क्लब का उद्घाटन किया। इस अवसर पर आदेश चौहान और किरण जैसल विशिष्ट अतिथि के रूप में मौजूद रहे। वहीं कार्यक्रम में पहुंचे जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने क्रिकेट एकेडमी का फीता काटकर शुभारंभ किया। उद्घाटन के बाद बच्चों और युवाओं ने क्रिकेट नेट प्रैक्टिस और स्विमिंग पूल का आनंद लिया। महिलाओं और बच्चों में भी क्लब को लेकर खासा उत्साह देखने को मिला।
कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि डायमंड स्पोर्ट्स एकेडमी क्षेत्र के युवाओं के लिए प्रेरणादायक पहल है। खेल गतिविधियां बच्चों को अनुशासन और सकारात्मक दिशा देती हैं। आधुनिक खेल सुविधाओं से ग्रामीण क्षेत्र के प्रतिभाशाली खिलाड़ियों को आगे बढ़ने का अवसर मिलेगा और युवा नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे ।
डायमंड स्पोर्ट्स क्लब के संचालक रहमान अंसारी और फुरकान अंसारी ने बताया कि इस स्पोर्ट्स एकेडमी को शुरू करने का उद्देश्य गांव और आसपास के क्षेत्रों के बच्चों एवं युवाओं को बेहतर खेल सुविधाएं उपलब्ध कराना है। उन्होंने कहा कि अक्सर ग्रामीण क्षेत्रों के प्रतिभाशाली बच्चों को खेल प्रशिक्षण और संसाधनों की कमी का सामना करना पड़ता है, जिसके कारण उनकी प्रतिभा आगे नहीं बढ़ पाती। इसी सोच के साथ इस स्पोर्ट्स क्लब की शुरुआत की गई है।
उन्होंने बताया कि अब बच्चों को क्रिकेट प्रशिक्षण लेने या स्विमिंग सीखने के लिए शहरों की ओर नहीं जाना पड़ेगा। डायमंड स्पोर्ट्स एकेडमी में आधुनिक सुविधाओं से युक्त स्विमिंग पूल, क्रिकेट एकेडमी, नेट प्रैक्टिस एरिया और खिलाड़ियों के लिए बेहतर प्रशिक्षण व्यवस्था उपलब्ध कराई गई है। उद्घाटन के दौरान बच्चों में क्रिकेट को लेकर विशेष उत्साह दिखाई दिया, वहीं कई युवाओं ने नियमित प्रशिक्षण लेने की इच्छा भी जताई।
कार्यक्रम में आए स्थानीय लोगों ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि खेल गतिविधियों से युवाओं को नई दिशा मिलेगी और वे नशे जैसी बुराइयों से दूर रहेंगे। लोगों ने कहा कि इस प्रकार की खेल सुविधाएं क्षेत्र में पहले उपलब्ध नहीं थीं, लेकिन अब बच्चों को अपने ही इलाके में बेहतर माहौल मिलेगा।
मनोरंजन और सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए क्लब परिसर में एक कैंटीन की भी व्यवस्था की गई है, जहां खिलाड़ियों और आगंतुकों के लिए सॉफ्ट ड्रिंक्स, स्नैक्स और अन्य खाद्य सामग्री आसानी से उपलब्ध रहेगी। उद्घाटन समारोह के दौरान लोगों ने रहमान अंसारी और फुरकान अंसारी को इस पहल के लिए बधाई देते हुए इसे क्षेत्र के युवाओं के भविष्य के लिए एक सकारात्मक कदम बताया।
जेल अधीक्षक मनोज कुमार आर्य ने कहा कि आज के समय में युवाओं को नशे जैसी गंभीर समस्या से बचाने के लिए खेल सबसे प्रभावी माध्यम बनकर उभर रहा है। खेल न केवल युवाओं को शारीरिक रूप से मजबूत बनाते हैं, बल्कि उनमें अनुशासन, आत्मविश्वास और सकारात्मक सोच भी विकसित करते हैं। उन्होंने कहा कि जब युवा खेल गतिविधियों से जुड़ते हैं तो उनका ध्यान गलत संगत और नशे की ओर नहीं जाता। ग्रामीण क्षेत्रों में स्पोर्ट्स सुविधाओं का विकसित होना बेहद जरूरी है। डायमंड स्पोर्ट्स एकेडमी जैसी पहल युवाओं को नई दिशा देने के साथ-साथ समाज में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य करेगी
हाजी नईम कुरैशी ने डायमंड स्पोर्ट्स एकेडमी के संचालक रहमान अंसारी और फुरकान अंसारी को इस शानदार पहल के लिए बधाई देते हुए कहा कि क्षेत्र में इस तरह की आधुनिक खेल सुविधाओं का शुरू होना बेहद सराहनीय कदम है। उन्होंने कहा कि आज के समय में बच्चों को खेलों से जोड़ना बहुत जरूरी है, क्योंकि खेल उनके बेहतर भविष्य निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। खेलों से बच्चों में अनुशासन, आत्मविश्वास और टीम भावना विकसित होती है। उन्होंने कहा कि डायमंड स्पोर्ट्स एकेडमी बच्चों और युवाओं की प्रतिभा को निखारने का कार्य करेगी तथा उन्हें सकारात्मक दिशा देने में मददगार साबित होगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!