मिलाप नगर और ढंढेरा में 50 लाख के विकास कार्यों का लोकार्पण, विधायक उमेश कुमार बोले- “विकास की रफ्तार नहीं रुकेगी”
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की। खानपुर विधायक उमेश कुमार ने शनिवार को रुड़की क्षेत्र के मिलाप नगर, कीर्ति नगर, ढंढेरा ईदगाह और चौधरी चरण सिंह कॉलोनी में लगभग 50 लाख रुपये की लागत से तैयार विभिन्न विकास कार्यों का लोकार्पण किया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने विधायक का गर्मजोशी से स्वागत करते हुए विकास कार्यों की सराहना की।कार्यक्रम की शुरुआत मिलाप नगर कीर्ति नगर वार्ड नंबर-2 में जलभराव की समस्या से राहत दिलाने के उद्देश्य से लगाए गए पंपिंग सेट के उद्घाटन से हुई। लंबे समय से क्षेत्र के लोग बरसात के मौसम में जलभराव की समस्या से परेशान थे। स्थानीय नागरिकों ने बताया कि पंपिंग सेट शुरू होने से अब क्षेत्र में पानी निकासी की व्यवस्था बेहतर होगी और लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।इसके बाद विधायक उमेश कुमार ढंढेरा ईदगाह पहुंचे, जहां उन्होंने वर्षों पुरानी मांग को पूरा करते हुए इंटरलॉकिंग टाइल्स निर्माण कार्य का लोकार्पण किया। स्थानीय लोगों ने बताया कि इस मार्ग की हालत काफी खराब थी, जिससे लोगों को आने-जाने में दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। विधायक ने कहा कि उनकी प्राथमिकता क्षेत्र के प्रत्येक मोहल्ले तक मूलभूत सुविधाएं पहुंचाना है और ढंढेरा को आदर्श क्षेत्र बनाने के लिए लगातार विकास कार्य कराए जा रहे हैं।विधायक ने कहा कि क्षेत्र की जनता ने जो विश्वास उन पर जताया है, वह उसे विकास के माध्यम से लगातार मजबूत करने का कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि “जनता की समस्याओं का समाधान करना ही मेरी राजनीति का उद्देश्य है। पिछले चार वर्षों में हमने जो वादे किए थे, उन्हें धरातल पर उतारने का कार्य किया है और आगे भी विकास की गति जारी रहेगी।”
इसके बाद वार्ड नंबर-4 और 5 सहित चौधरी चरण सिंह कॉलोनी में नवनिर्मित सड़कों का भी उद्घाटन किया गया। इस अवसर पर आयोजित जनसभा में बड़ी संख्या में महिलाओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया। लोगों ने विधायक के कार्यकाल की सराहना करते हुए कहा कि क्षेत्र में लगातार सड़क, नाली और अन्य विकास कार्य होने से इलाके का स्वरूप बदल रहा है।
जनसभा को संबोधित करते हुए विधायक उमेश कुमार ने कहा कि उनकी कोशिश है कि खानपुर विधानसभा का प्रत्येक क्षेत्र विकास की मुख्यधारा से जुड़ सके। उन्होंने कहा कि जनता के सहयोग और आशीर्वाद से ही विकास कार्य संभव हो पा रहे हैं और आने वाले समय में भी क्षेत्र में कई नई योजनाएं शुरू की जाएंगी।कार्यक्रम में स्थानीय सभासद विक्रांत चौधरी, सोनू पार्टी, नदीम अहमद, मोहित, सचिन, अरशद चेयरमैन, सुनीता चौधरी, नितिन त्यागी, हिमांशु शर्मा, दुष्यंत लोहान, नितिन चौधरी, मदनलाल चौधरी, पार्षद प्रमोद पाल और लोमस ऋषि सहित कई गणमान्य लोग मौजूद रहे। कार्यक्रम के अंत में विधायक ने जनता का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि क्षेत्र के विकास के लिए वह पूरी प्रतिबद्धता के साथ कार्य करते रहेंगे।
