किसानों की 13 सूत्रीय मांगों को लेकर भाकियू (रोड) का प्रदर्शन, जल्द समाधान न होने पर बड़े आंदोलन की चेतावनी

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18).

रुड़की। किसानों की विभिन्न समस्याओं और 13 सूत्रीय मांगों को लेकर भारतीय किसान यूनियन (रोड) ने सोमवार को जोरदार प्रदर्शन करते हुए शासन-प्रशासन को ज्ञापन सौंपा। किसानों ने चेतावनी दी कि यदि उनकी मांगों पर जल्द कार्रवाई नहीं की गई तो प्रदेशभर में बड़ा आंदोलन शुरू किया जाएगा। प्रदर्शन के दौरान बड़ी संख्या में किसान मौजूद रहे और संगठन के समर्थन में जमकर नारेबाजी की गई।


भारतीय किसान यूनियन (रोड) के कार्यकर्ता और किसान रुड़की तहसील पहुंचे, जहां उन्होंने ज्वाइंट मजिस्ट्रेट दीपक रामचंद्र को ज्ञापन सौंपते हुए किसानों की समस्याओं के शीघ्र समाधान की मांग की। किसानों का कहना था कि लंबे समय से उनकी समस्याओं की अनदेखी की जा रही है, जिसके कारण किसान आर्थिक और सामाजिक परेशानियों का सामना कर रहे हैं।
इस दौरान संगठन को मजबूत करने के उद्देश्य से सैकड़ों किसानों ने भाकियू (रोड) की सदस्यता ग्रहण की। किसानों ने कहा कि “उत्तराखंड के किसानों की ताकत पदम सिंह रोड हैं” और संगठन लगातार किसानों की आवाज को बुलंद करने का काम कर रहा है।
भाकियू (रोड) के राष्ट्रीय अध्यक्ष पदम सिंह रोड ने कहा कि किसानों के मुद्दों को हर स्तर पर मजबूती से उठाया जाएगा और किसी भी किसान के साथ अन्याय बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने सरकार से किसानों की समस्याओं को गंभीरता से लेने की मांग करते हुए कहा कि यदि जल्द समाधान नहीं हुआ तो संगठन बड़ा आंदोलन करने को मजबूर होगा।
प्रदेश अध्यक्ष संजीव कुशवाहा ने कहा कि किसान बिजली, पानी, फसल भुगतान, गन्ना मूल्य और अन्य मूलभूत समस्याओं से परेशान हैं। उन्होंने कहा कि भाकियू (रोड) किसानों के हक की लड़ाई लगातार लड़ता रहेगा और किसानों की आवाज को दबने नहीं दिया जाएगा।
प्रदेश सचिव प्रदीप त्यागी ने कहा कि संगठन गांव-गांव जाकर किसानों को जोड़ने का कार्य कर रहा है। उन्होंने कहा कि किसानों की समस्याओं का समाधान होने तक संघर्ष जारी रहेगा और जरूरत पड़ने पर बड़ा आंदोलन भी किया जाएगा।
प्रदर्शन के दौरान किसानों ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए कहा कि यह लड़ाई किसानों के सम्मान और अधिकारों की लड़ाई है। किसान नेताओं ने साफ कहा कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!