कुंभ मेला-2027 की तैयारियां तेज, मेलाधिकारी सोनिका ने मनसा देवी मार्ग और हरकीपैड़ी क्षेत्र के सौंदर्यीकरण कार्यों का किया निरीक्षण
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार, 8 मई 2026। कुंभ मेला-2027 की तैयारियों को लेकर प्रशासन पूरी गंभीरता के साथ कार्यों को गति देने में जुटा हुआ है। इसी क्रम में मेलाधिकारी सोनिका ने शुक्रवार को मनसा देवी मंदिर परिसर, मनसा देवी पैदल मार्ग तथा हरकीपैड़ी से लालतरो पुल तक संचालित गलियों के सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने विभिन्न निर्माण कार्यों की प्रगति का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को गुणवत्ता एवं समयबद्धता के साथ सभी कार्य पूर्ण करने के निर्देश दिए।

मेलाधिकारी ने मनसा देवी पैदल मार्ग पर प्रस्तावित सुधार एवं सौंदर्यीकरण कार्यों को निर्धारित समयसीमा के भीतर उच्च गुणवत्ता के साथ पूरा करने पर विशेष जोर दिया। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि श्रद्धालुओं की सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए मार्ग पर समुचित सुरक्षा व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही मंदिर परिसर में प्रस्तावित सौंदर्यीकरण कार्यों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक स्वरूप के अनुरूप विकसित करने के निर्देश भी दिए गए।
निरीक्षण के दौरान मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि हरिद्वार देश-विदेश से आने वाले करोड़ों श्रद्धालुओं की आस्था का प्रमुख केंद्र है। कुंभ मेला-2027 के दृष्टिगत शहर की आधारभूत संरचनाओं को मजबूत एवं आकर्षक स्वरूप प्रदान करने के लिए व्यापक स्तर पर कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि प्रशासन का उद्देश्य कुंभ मेले को दिव्य, भव्य और स्वच्छ स्वरूप प्रदान करना है, ताकि श्रद्धालुओं को बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
मेलाधिकारी ने परियोजना क्रियान्वयन इकाई, लोक निर्माण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देशित किया कि निर्माण कार्यों में गुणवत्ता से किसी प्रकार का समझौता न किया जाए। उन्होंने कहा कि सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पूरे हों और नियमित निगरानी के माध्यम से कार्यों की प्रगति सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने जल निकासी व्यवस्था, प्रकाश व्यवस्था, पैदल मार्गों और सार्वजनिक सुविधाओं को भी बेहतर बनाने के निर्देश दिए, ताकि कुंभ मेले के दौरान श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
निरीक्षण के दौरान हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण द्वारा कराए जा रहे फसाड सौंदर्यीकरण कार्यों की भी समीक्षा की गई। मेलाधिकारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि मनसा देवी जाने वाले प्रमुख मार्गों पर भवन अग्रभागों को धार्मिक एवं सांस्कृतिक विषयवस्तु के अनुरूप विकसित किया जाए। उन्होंने कहा कि इस कार्य से हरिद्वार की आध्यात्मिक एवं सांस्कृतिक पहचान और अधिक प्रभावी रूप से उभरकर सामने आएगी।
मेलाधिकारी सोनिका ने कहा कि मनसा देवी मार्ग पर प्रतिदिन बड़ी संख्या में श्रद्धालु एवं पर्यटक आते हैं। ऐसे में क्षेत्र का आकर्षक और व्यवस्थित स्वरूप श्रद्धालुओं के अनुभव को बेहतर बनाएगा। उन्होंने यह भी निर्देश दिए कि रंगाई-पुताई, प्रकाश व्यवस्था और अन्य सजावटी कार्यों में एकरूपता बनाए रखी जाए, ताकि धार्मिक नगरी की गरिमा बनी रहे।
उन्होंने निर्माण कार्यों के दौरान आमजन एवं श्रद्धालुओं की सुरक्षा सुनिश्चित करने, कार्यस्थलों पर स्वच्छता बनाए रखने और अनावश्यक अवरोधों को हटाने के निर्देश भी दिए। निरीक्षण के दौरान प्रवीण कुश, परियोजना प्रबंधक, परियोजना क्रियान्वयन इकाई, लोक निर्माण विभाग सहित वन विभाग एवं हरिद्वार-रुड़की विकास प्राधिकरण के अधिकारी मौजूद रहे।
