(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र से कांग्रेस के वरिष्ठ नेता एवं समाजसेवी अरविंद प्रधान ने आगामी 2027 विधानसभा चुनाव को लेकर अपनी मजबूत दावेदारी पेश की है। उन्होंने कहा कि वह पार्टी हाईकमान के संपर्क में हैं और यदि उन्हें टिकट दिया जाता है तो झबरेड़ा विधानसभा सीट पर कांग्रेस की जीत सुनिश्चित करेंगे। उन्होंने दावा किया कि आने वाले चुनाव में भाजपा का प्रदेश से सफाया होगा और कांग्रेस पूर्ण बहुमत के साथ सरकार बनाएगी।
मीडिया से बातचीत करते हुए अरविंद प्रधान ने कहा कि उनका परिवार वर्षों से कांग्रेस विचारधारा से जुड़ा रहा है। उनके पिता लंबे समय तक गांव के प्रधान रहे और समाजसेवा को हमेशा प्राथमिकता दी। उन्होंने बताया कि उनके परिवार ने राजनीति को सेवा का माध्यम बनाया है। उनके बाद वह स्वयं दो बार ग्राम प्रधान रहे, जबकि उनकी धर्मपत्नी भी प्रधान पद पर निर्वाचित हो चुकी हैं। उन्होंने कहा कि जनता की सेवा करना ही उनके परिवार की पहचान रही है।
अरविंद प्रधान ने कहा कि कांग्रेस संगठन में उन्होंने विभिन्न महत्वपूर्ण पदों पर कार्य किया है। वह यूथ कांग्रेस में विधानसभा अध्यक्ष, जिला उपाध्यक्ष, एनएसयूआई/एससी विभाग में प्रदेश उपाध्यक्ष और सचिव जैसे पदों की जिम्मेदारी निभा चुके हैं। वर्तमान में वह प्रदेश पीसीसी सदस्य के रूप में सक्रिय भूमिका निभा रहे हैं। उन्होंने कहा कि पार्टी संगठन और जनता के बीच उनकी मजबूत पकड़ है और यही कारण है कि कार्यकर्ता उन्हें चुनाव मैदान में देखना चाहते हैं।
उन्होंने कहा कि यदि पार्टी हाईकमान उन्हें टिकट देता है तो झबरेड़ा विधानसभा क्षेत्र में विकास को नई गति दी जाएगी। उनकी प्राथमिकता शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, पेयजल और युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराना होगी। उन्होंने कहा कि क्षेत्र की जनता लंबे समय से मूलभूत सुविधाओं की समस्याओं से जूझ रही है और कांग्रेस की सरकार बनने पर इन समस्याओं का समाधान प्राथमिकता से किया जाएगा।
भाजपा सरकार पर हमला बोलते हुए अरविंद प्रधान ने कहा कि वर्तमान सरकार में किसान, मजदूर, व्यापारी और आम जनता परेशान है। महंगाई और बेरोजगारी लगातार बढ़ रही है, जिससे लोगों में भारी नाराजगी है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकार जनता की समस्याओं को नजरअंदाज कर रही है और विकास के दावे केवल कागजों तक सीमित हैं।
अरविंद प्रधान ने कहा कि कांग्रेस हमेशा गरीब, असहाय और जरूरतमंद लोगों के साथ खड़ी रही है। वह स्वयं भी सामाजिक कार्यों में बढ़-चढ़कर हिस्सा लेते हैं और लोगों के सुख-दुख में सबसे पहले पहुंचने का प्रयास करते हैं। उन्होंने कहा कि समाजसेवा उन्हें अपने पूर्वजों से विरासत में मिली है और वह इसी भावना के साथ जनता के बीच लगातार काम कर रहे हैं।
उन्होंने यह भी बताया कि पिछली बार भी उन्होंने टिकट के लिए आवेदन किया था, लेकिन उन्हें मौका नहीं मिल पाया। इस बार वह पूरी मजबूती के साथ चुनावी मैदान में उतरने की तैयारी कर रहे हैं। उन्होंने विश्वास जताया कि पार्टी नेतृत्व उनकी कार्यशैली और जनता के बीच लोकप्रियता को देखते हुए उन्हें अवसर देगा। साथ ही उन्होंने दावा किया कि 2027 के विधानसभा चुनाव में उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार बनना तय है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!