वरिष्ठ नागरिक परिषद रुड़की का वार्षिकोत्सव धूमधाम से संपन्न, समाजसेवियों का हुआ सम्मान

(ब्योरो दिलशाद खान। KNEWS18)

रुड़की, 05 अप्रैल 2026। वरिष्ठ नागरिक परिषद रुड़की का वार्षिकोत्सव स्थानीय होटल सेंटर प्वाइंट में बड़े ही उत्साह और गरिमामय वातावरण में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत परिषद अध्यक्ष विनोद शर्मा द्वारा अतिथियों एवं वरिष्ठ नागरिकों के सम्मान के साथ हुई। इस अवसर पर बड़ी संख्या में वरिष्ठ नागरिकों, समाजसेवियों और गणमान्य व्यक्तियों की उपस्थिति रही।कार्यक्रम में परिषद के सचिव डॉ. विकास गोयल ने वार्षिक रिपोर्ट प्रस्तुत करते हुए वर्षभर की गतिविधियों और उपलब्धियों की जानकारी दी। वहीं कोषाध्यक्ष बलराम गुप्ता ने परिषद की आय-व्यय का विस्तृत ब्यौरा प्रस्तुत किया। अध्यक्ष विनोद शर्मा ने अपने संबोधन में कहा कि जीवन के इस पड़ाव को अकेलेपन में नहीं, बल्कि आपसी मेलजोल और सकारात्मक सोच के साथ आनंदपूर्वक बिताना चाहिए। उन्होंने वरिष्ठ नागरिकों से अपने अनुभव साझा करने और समाज के लिए प्रेरणा बनने का आह्वान किया।
इस अवसर पर परिषद की वार्षिक पुस्तिका का विमोचन भी अतिथियों द्वारा किया गया। कार्यक्रम में विशिष्ट अतिथि जिला न्यायिक विधिक सेवा प्राधिकरण की सचिव सुश्री सिमरन कौर ने वरिष्ठ नागरिकों के जीवन में विधिक सहायता की आवश्यकता पर प्रकाश डाला और हर संभव सहयोग का आश्वासन दिया। मुख्य अतिथि नगर निगम की मेयर श्रीमती अनीता अग्रवाल ने वरिष्ठ जनों को परिवार की मजबूत जड़ों के समान बताते हुए कहा कि उनके अनुभव और मार्गदर्शन से ही समाज और परिवार सशक्त बनते हैं।
कार्यक्रम के दौरान समाज सेवा में उत्कृष्ट योगदान देने वाले वरिष्ठ नागरिकों को सम्मानित किया गया। इनमें 90 वर्षीय दर्शन लाल नरुला, 84 वर्षीय एम.आर. अरोड़ा, प्रो. एम.आर. अरोड़ा और 82 वर्षीय डॉ. राजेंद्र पाल प्रमुख रहे। इसके साथ ही परिषद परिवार के वरिष्ठ सदस्य महेंद्र प्रताप, सुभाष सरीन, मुरारी लाल गुप्ता और प्रो. कमलेश चंद्रा को भी सम्मानित किया गया। समाज सेवा में सक्रिय योगदान के लिए श्रीमती चंचल वाधवा, प्रो. नवनीत अरोड़ा और सीए पंकज गर्ग को भी विशेष सम्मान प्रदान किया गया।
कार्यक्रम में सांस्कृतिक प्रस्तुतियों ने भी सभी का मन मोह लिया। अलख नंदिनी ने भजन प्रस्तुत कर वातावरण को भक्तिमय बना दिया, वहीं सीए पंकज गर्ग की बांसुरी की मधुर धुन ने सभी को मंत्रमुग्ध कर दिया। स्वर सम्राट दिलीप प्रधान के गीतों और भावना सिंधु के भजनों ने कार्यक्रम में चार चांद लगाए। नाट्य कला के क्षेत्र में नरेंद्र आहुजा द्वारा प्रस्तुत लघु नाटिका को भी खूब सराहा गया।विशिष्ट अतिथि हेल्पेज इंडिया के कृष्ण अवतार मिश्रा ने संगठन द्वारा देशभर में वरिष्ठ नागरिकों के लिए किए जा रहे कार्यों की जानकारी दी। कार्यक्रम का संचालन डॉ. मधुराका सक्सेना और हर्ष प्रकाश काला ने संयुक्त रूप से किया।
अंत में परिषद परिवार के सैकड़ों सदस्यों की उपस्थिति में दोपहर भोजन के साथ कार्यक्रम का समापन हुआ। यह आयोजन वरिष्ठ नागरिकों के लिए प्रेरणादायक और उत्साहवर्धक साबित हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!