रुड़की- गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों के विरोध में कांग्रेस का प्रदर्शन, प्रधानमंत्री का पुतला फूंककर की ज़ोरदार नारेबाज़ी

(व्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। गैस सिलेंडर की बढ़ती कीमतों और गैस आपूर्ति में आ रही दिक्कतों के विरोध में जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार प्रदर्शन किया। महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में चंद्रशेखर चौक पर खाली गैस सिलेंडर रखकर धरना दिया गया और केंद्र व राज्य सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की गई। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने प्रधानमंत्री का पुतला दहन कर अपना विरोध दर्ज कराया।
प्रदर्शन में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता शामिल हुए। उन्होंने प्रदेश के मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी और प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के खिलाफ नारे लगाते हुए सरकार की नीतियों पर सवाल उठाए। कांग्रेस नेताओं का आरोप था कि लगातार बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी से आम जनता का जीवन प्रभावित हो रहा है।
इस अवसर पर महानगर अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट ने कहा कि गैस सिलेंडर की कीमतों में बढ़ोतरी आम लोगों की रसोई पर सीधा हमला है। उन्होंने कहा कि सरकार आम जनता की समस्याओं को सुनने के बजाय उद्योगपतियों को लाभ पहुंचाने में लगी हुई है। उन्होंने आरोप लगाया कि गैस की कीमत बढ़ने और व्यावसायिक सिलेंडरों की आपूर्ति प्रभावित होने से कई छोटे कारोबारियों के सामने रोजगार का संकट खड़ा हो गया है।
राजेंद्र चौधरी ने कहा कि रुड़की में सफाई कर्मचारी भी अपनी मांगों को लेकर हड़ताल पर बैठे हैं, लेकिन उनकी समस्याओं का समाधान करने के लिए प्रशासन गंभीर नजर नहीं आ रहा है। इसके अलावा उन्होंने शहर में राशन कार्ड न बनने, बढ़ते नशे के कारोबार और नगर निगम में भ्रष्टाचार के मामलों को लेकर भी सरकार और प्रशासन पर सवाल उठाए।
प्रदेश महामंत्री विकास त्यागी ने कहा कि वर्तमान समय में महंगाई अपने चरम पर है और आम आदमी के लिए घर चलाना मुश्किल हो गया है। ऐसे में गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि करना गरीब और मध्यम वर्ग के लोगों पर अतिरिक्त बोझ डालने जैसा है। उन्होंने सरकार से गैस की कीमतों को कम करने और आपूर्ति व्यवस्था को सुचारु बनाने की मांग की।कांग्रेस प्रदेश महामंत्री सचिन गुप्ता ने कहा कि लगातार बढ़ती महंगाई और गैस सिलेंडर की कीमतों में वृद्धि से आम जनता का जीना मुश्किल हो गया है। उन्होंने कहा कि सरकार को आम लोगों की परेशानियों से कोई सरोकार नहीं रह गया है। रसोई गैस के दाम बढ़ने से गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों का बजट पूरी तरह बिगड़ गया है। उन्होंने आरोप लगाया कि केंद्र और राज्य सरकार महंगाई पर नियंत्रण करने में पूरी तरह विफल रही है। सचिन गुप्ता ने सरकार से मांग की कि गैस सिलेंडर की कीमतों में तुरंत कमी की जाए और आम जनता को राहत देने के लिए ठोस कदम उठाए जाएं।
पूर्व अल्पसंख्यक अध्यक्ष हाजी सलीम खान ने कहा कि भाजपा सरकार जनता की उम्मीदों पर खरी नहीं उतर रही है और अब जनता बदलाव चाहती है। उन्होंने जनहित के मुद्दों को उठाने के लिए कांग्रेस कार्यकर्ताओं की सराहना की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला उपाध्यक्ष मदनपाल सिंह भड़ाना ने की, जबकि संचालन जिला महामंत्री वैभव सैनी ने किया। इस मौके पर पूर्व पार्षद संजय गुड्डू, मुल्किराज सैनी, सचिन गुप्ता, नंदलाल यादव, अजय राठौर, रिजवान अहमद, डॉ. अमीर अहमद, जाकिर हुसैन, नरेंद्र शर्मा, नीरज अग्रवाल, मोहित त्यागी, ओमवीर सिंह मलिक सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!