हरिद्वार में रसोई गैस की नहीं है कोई कमी, पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध – एलपीजी बुकिंग व शिकायत के लिए हेल्पलाइन जारी

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार, 12 मार्च 2026। जनपद हरिद्वार में घरेलू रसोई गैस (एलपीजी) की आपूर्ति को लेकर सोशल मीडिया पर फैल रही अफवाहों के बीच जिला प्रशासन ने स्थिति स्पष्ट करते हुए बताया है कि जिले में गैस की किसी प्रकार की कमी नहीं है। जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने जानकारी देते हुए कहा कि जनपद में घरेलू गैस का पर्याप्त स्टॉक उपलब्ध है और गैस वितरण व्यवस्था पूरी तरह सामान्य और सुचारू रूप से संचालित हो रही है।
जिला पूर्ति अधिकारी मुकेश पाल ने बताया कि हाल के दिनों में सोशल मीडिया और अन्य माध्यमों पर गैस सिलेंडर की कमी को लेकर भ्रामक सूचनाएं प्रसारित हो रही थीं। इन सूचनाओं को गंभीरता से लेते हुए आपूर्ति विभाग द्वारा जिले की सभी गैस एजेंसियों से संपर्क कर उपलब्ध स्टॉक, वितरण व्यवस्था और उपभोक्ताओं को की जा रही आपूर्ति की विस्तृत जानकारी ली गई। जांच के दौरान पाया गया कि जनपद में घरेलू गैस का पर्याप्त भंडारण उपलब्ध है और कहीं भी आपूर्ति प्रभावित नहीं है।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार के पेट्रोलियम मंत्रालय द्वारा स्पष्ट दिशा-निर्देश जारी किए गए हैं, जिनके अनुसार उपभोक्ताओं को गैस सिलेंडर की डिलीवरी नियमानुसार ही दी जाती है। सामान्य रूप से गैस सिलेंडर की अगली बुकिंग 25 दिनों के बाद ही की जा सकती है। इस व्यवस्था का उद्देश्य सभी उपभोक्ताओं को समय पर और समान रूप से गैस उपलब्ध कराना है।
जिला पूर्ति अधिकारी ने उपभोक्ताओं से अपील की है कि वे अफवाहों पर ध्यान न दें और पैनिक बुकिंग से बचें। केवल आवश्यकता के अनुसार ही गैस रिफिल की बुकिंग करें, ताकि सभी उपभोक्ताओं को समय पर गैस उपलब्ध हो सके और वितरण व्यवस्था प्रभावित न हो। उन्होंने कहा कि यदि उपभोक्ता अनावश्यक रूप से अधिक संख्या में बुकिंग करते हैं तो इससे आपूर्ति व्यवस्था पर अनावश्यक दबाव पड़ सकता है।
उपभोक्ताओं की सुविधा के लिए गैस से संबंधित शिकायत और जानकारी के लिए हेल्पलाइन नंबर भी जारी किए गए हैं। टोल फ्री हेल्पलाइन नंबर 1800-2333-555 पर उपभोक्ता अपनी समस्या दर्ज करा सकते हैं। इसके अलावा 7718955555 नंबर पर एलपीजी बुकिंग और शिकायत की सुविधा उपलब्ध है।
गैस कंपनियों के क्षेत्रीय शिकायत अधिकारियों के नंबर भी जारी किए गए हैं। इंडियन ऑयल के लिए 9557947140, एचपीसीएल के लिए 8655436284 और बीपीसीएल के लिए 8894334950 नंबर पर संपर्क कर उपभोक्ता अपनी समस्या या शिकायत दर्ज करा सकते हैं।
जिला पूर्ति अधिकारी ने नागरिकों से यह भी अपील की है कि गैस आपूर्ति से संबंधित किसी भी जानकारी के लिए केवल अधिकृत स्रोतों पर ही विश्वास करें। उन्होंने कहा कि जिला सूचना अधिकारी द्वारा जारी आधिकारिक बुलेटिन, आपूर्ति विभाग की सूचना या संबंधित गैस कंपनियों के अधिकृत पोर्टल पर दी गई जानकारी ही सही और प्रमाणिक होती है।
उन्होंने बताया कि आपूर्ति विभाग, हरिद्वार द्वारा गैस एजेंसियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखा जा रहा है और एलपीजी की उपलब्धता तथा वितरण व्यवस्था पर नियमित रूप से निगरानी रखी जा रही है। प्रशासन का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि जनपद के प्रत्येक उपभोक्ता को समय पर और बिना किसी परेशानी के गैस सिलेंडर उपलब्ध हो सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!