बिना बारिश के जलभराव से जूझ रहा मंगलौर का टोल्ली पठानपुरा, स्थानीय लोगों ने जनप्रतिनिधियों पर लगाए गंभीर आरोप

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
मंगलौर। मंगलौर नगर पालिका परिषद क्षेत्र के मोहल्ला टोल्ली पठानपुरा में बिना बारिश के ही सड़कों और गलियों में जलभराव की गंभीर समस्या बनी हुई है। पिछले दो से तीन महीनों से लगातार गंदा पानी सड़कों पर जमा होने के कारण स्थानीय निवासी भारी परेशानियों का सामना कर रहे हैं। हालात ऐसे हो गए हैं कि लोगों को गंदे पानी से होकर ही अपने घरों से बाहर निकलना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर स्थानीय लोगों में नगर पालिका प्रशासन और जनप्रतिनिधियों के प्रति काफी नाराजगी देखने को मिल रही है।

स्थानीय निवासियों का कहना है कि क्षेत्र में नालियों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़कों पर गंदा पानी भर रहा है। कई स्थानों पर नालियों का पानी घरों तक पहुंच रहा है, जिससे लोगों को बदबू और गंदगी के बीच रहना पड़ रहा है। स्थानीय लोगो का आरोप है कि उन्होंने कई बार नगर पालिका के अधिकारियों और जनप्रतिनिधियों को इस समस्या से अवगत कराया, लेकिन अब तक कोई स्थायी समाधान नहीं किया गया।
मोहल्ले के लोगों का कहना है कि इस समय रमजान का पवित्र महीना चल रहा है और ऐसे में उन्हें और भी अधिक दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। मस्जिद जाने वाले लोगों, बुजुर्गों और बच्चों को गंदे पानी से होकर गुजरना पड़ता है। इसके अलावा गर्मियों की शुरुआत के साथ ही गंदे पानी के कारण मच्छरों और बीमारियों का खतरा भी बढ़ने लगा है। स्थानीय लोगों को डर है कि यदि जल्द ही जलभराव की समस्या का समाधान नहीं हुआ तो डेंगू, मलेरिया और अन्य संक्रामक बीमारियां फैल सकती हैं।
स्थानीय निवासियों ने यह भी आरोप लगाया कि केवल टोल्ली पठानपुरा ही नहीं, बल्कि पूरे मंगलौर नगर पालिका क्षेत्र में कई स्थानों पर जलभराव की समस्या बनी हुई है। लोगों का कहना है कि यदि समय रहते नालियों की सफाई और जल निकासी की उचित व्यवस्था की जाए तो इस समस्या से काफी हद तक राहत मिल सकती है।
वहीं इस मामले में मंगलौर नगर पालिका अध्यक्ष का कहना है कि नगर पालिका जलभराव की समस्या के समाधान के लिए लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने लोगों से अपील करते हुए कहा कि पानी की समस्या को लेकर अनावश्यक राजनीति न करें और नगर पालिका का सहयोग करें, ताकि समस्या का जल्द समाधान किया जा सके।
हालांकि स्थानीय लोगों ने अध्यक्ष के इस बयान पर भी नाराजगी जताई। उनका कहना है कि यदि समस्या का समाधान जनता को ही करना है तो फिर जनप्रतिनिधियों के पद पर बने रहने का क्या औचित्य है। कुछ लोगों ने यहां तक कहा कि यदि चेयरमैन स्वयं समाधान नहीं कर सकते तो उन्हें पद से इस्तीफा दे देना चाहिए और जनता खुद समस्या का हल निकाल लेगी।
मंगलौर नगरपालिका के अधिशासी अधिकारी उत्तम सिंह नेगी ने बताया कि टोल्ली पठानपुरा क्षेत्र में जलभराव की समस्या की जानकारी उन्हें है और इसके समाधान के लिए नगर पालिका की टीम लगातार प्रयास कर रही है। उन्होंने कहा कि जल्द ही जल निकासी की व्यवस्था को सुधारने के लिए आवश्यक कदम उठाए जाएंगे।
अब देखना यह होगा कि नगर पालिका प्रशासन इस समस्या को लेकर कितना गंभीर कदम उठाता है और कब तक टोल्ली पठानपुरा के लोगों को इस जलभराव की समस्या से राहत मिल पाती है, या फिर लोगों को इसी तरह गंदे पानी और बदहाल सड़कों के बीच जीवन यापन करना पड़ेगा।









