मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव ने किया रुड़की व भगवानपुर फायर स्टेशनों का अर्धवार्षिक निरीक्षण

हरिद्वार। मुख्य अग्निशमन अधिकारी हरिद्वार वंश बहादुर यादव ने मंगलवार, 10 मार्च 2026 को फायर स्टेशन रुड़की तथा फायर स्टेशन भगवानपुर का अर्धवार्षिक निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने दोनों फायर स्टेशनों की व्यवस्थाओं, उपकरणों, वाहनों, संचार प्रणाली तथा कर्मचारियों की कार्यप्रणाली का बारीकी से जायजा लिया और आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
निरीक्षण के दौरान सर्वप्रथम फायर स्टेशन रुड़की के अग्निशमन अधिकारी वंश नारायण यादव तथा फायर स्टेशन भगवानपुर के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी द्वारा मुख्य अग्निशमन अधिकारी वंश बहादुर यादव को सलामी दी गई। इसके बाद उन्होंने फायर स्टेशन परिसर में फॉलिन परेड का निरीक्षण किया और सभी कर्मचारियों के टर्न आउट की जांच की। निरीक्षण में सभी कर्मचारी निर्धारित एवं साफ-सुथरी वर्दी में उपस्थित पाए गए। इस दौरान मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कर्मचारियों से उनकी व्यक्तिगत एवं विभागीय समस्याओं के बारे में भी जानकारी ली, लेकिन किसी भी कर्मचारी ने कोई समस्या नहीं बताई।
परेड निरीक्षण के बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने दोनों फायर स्टेशनों पर उपलब्ध फायर वाहनों का निरीक्षण किया। चालकों द्वारा सभी वाहनों को स्टार्ट कर उनकी कार्यशील स्थिति का प्रदर्शन किया गया। इस दौरान उन्होंने वाहनों की देखरेख को लेकर विशेष निर्देश देते हुए कहा कि सभी वाहन हमेशा उच्च कोटि की कार्यशील अवस्था में होने चाहिए। उन्होंने चालकों को समय-समय पर मोबिल ऑयल, इंजन तथा अन्य तकनीकी पहलुओं की नियमित जांच करने के निर्देश दिए, ताकि आपात स्थिति में किसी प्रकार की बाधा न आए।
इसके बाद मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने वॉचरूम का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान ड्यूटी पर तैनात फायरमैन पूरी वर्दी में सतर्क अवस्था में पाया गया तथा संचार व्यवस्था भी पूरी तरह कार्यशील मिली। उन्होंने कहा कि वॉचरूम किसी भी फायर स्टेशन का मुख्य संचार केंद्र होता है, इसलिए यहां तैनात कर्मचारियों को हमेशा सतर्क और अपडेट रहना चाहिए। साथ ही सभी कर्मचारियों को एमडीटी (मोबाइल डाटा टर्मिनल) की जानकारी होना भी अत्यंत आवश्यक है।
निरीक्षण के दौरान फायर स्टेशन की बैरिकों और भोजनालय का भी अवलोकन किया गया। दोनों स्थानों का रखरखाव संतोषजनक एवं उत्तम स्तर का पाया गया। मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कर्मचारियों को निर्देशित किया कि अग्निकांड या किसी भी आपदा के समय टर्नआउट के दौरान निर्धारित वर्दी और पीपीई किट का अनिवार्य रूप से प्रयोग करें। उन्होंने स्पष्ट कहा कि ड्यूटी के दौरान किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी और सभी कर्मचारियों को अनुशासन के साथ अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करना होगा।
उन्होंने फायर स्टेशन रुड़की के अग्निशमन अधिकारी तथा फायर स्टेशन भगवानपुर के प्रभारी अग्निशमन अधिकारी को निर्देश दिया कि कर्मचारियों की फिटनेस के लिए नियमित रूप से पीटी और व्यायाम कराया जाए। साथ ही अग्निशमन एवं आपात सेवा मुख्यालय तथा उच्च अधिकारियों द्वारा जारी आदेशों और निर्देशों का समयबद्ध पालन सुनिश्चित किया जाए।
मुख्य अग्निशमन अधिकारी ने कहा कि स्वस्थ जीवन ही स्वस्थ राष्ट्र का निर्माण करता है, इसलिए सभी कर्मचारी फिट रहें और नशे जैसी बुरी आदतों से दूर रहें। उन्होंने अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए कि अच्छा कार्य करने वाले कर्मचारियों को समय-समय पर प्रोत्साहित और पुरस्कृत किया जाए।
निरीक्षण के दौरान अग्निशमन अधिकारी रुड़की श्री वंश नारायण यादव, प्रभारी अग्निशमन अधिकारी भगवानपुर श्री केशवदत्त तिवारी, लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा, भगवती प्रसाद, राजेश कुमार, चालक विपिन सिंह तोमर, मोहन सिंह नेगी सहित समस्त अंडर ऑफिसर और स्टाफ उपस्थित रहे।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!