रुड़की में इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट से लगी आग, मोटरसाइकिल और एसी का आउटर भी जला

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। शहर के गंगनहर कोतवाली क्षेत्र में शनिवार शाम एक आवास के बरामदे में खड़ी इलेक्ट्रिक स्कूटी में अचानक शॉर्ट सर्किट होने से आग लग गई। आग की चपेट में पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल और एसी का आउटर यूनिट भी आ गया। हालांकि समय रहते परिजनों की सतर्कता और उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग पर काबू पा लिया गया, जिससे बड़ा हादसा होने से टल गया। घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।

प्राप्त जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 18:59 बजे फायर स्टेशन रुड़की को सूचना मिली कि शिखा पेट्रोल पंप के पास गणेश पुल, कोतवाली गंगनहर क्षेत्र में एक घर में आग लग गई है। सूचना मिलते ही फायर स्टेशन रुड़की से फायर यूनिट तुरंत घटनास्थल के लिए रवाना हुई और मौके पर पहुंचकर स्थिति का जायजा लिया।
बताया गया कि यह आग डॉ. देवेश शर्मा के आवास के बरामदे में खड़ी एक इलेक्ट्रिक स्कूटी में शॉर्ट सर्किट के कारण लगी थी। स्कूटी में लगी आग तेजी से फैलने लगी और पास में खड़ी एक मोटरसाइकिल तथा घर में लगे एसी के आउटर यूनिट की वायरिंग को भी अपनी चपेट में ले लिया। आग की लपटें देखकर घर में मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई, लेकिन डॉ. देवेश शर्मा और उनके परिजनों ने तुरंत हिम्मत दिखाते हुए उपलब्ध संसाधनों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया।
परिजनों के प्रयासों से आग पर काफी हद तक काबू पा लिया गया था। इसी दौरान मौके पर पहुंची फायर यूनिट रुड़की ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और स्थिति का विस्तृत जायजा लिया। फायर कर्मियों ने यह सुनिश्चित किया कि कहीं आग दोबारा भड़कने की संभावना न रहे। साथ ही घर के सदस्यों को सुरक्षा से जुड़े आवश्यक दिशा-निर्देश और सावधानियां भी बताई गईं, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं से बचा जा सके।
अग्निकांड में एक इलेक्ट्रिक स्कूटी, एक मोटरसाइकिल, एसी का आउटर यूनिट और कुछ विद्युत वायरिंग जलकर क्षतिग्रस्त हो गई। हालांकि राहत की बात यह रही कि घटना में किसी व्यक्ति को चोट नहीं आई और कोई जनहानि नहीं हुई। घटना के समय डॉ. देवेश शर्मा अपने परिजनों के साथ मौके पर मौजूद थे।
अग्निशमन विभाग के अनुसार आग लगने की मुख्य वजह इलेक्ट्रिक स्कूटी में हुआ शॉर्ट सर्किट बताया जा रहा है। फायर यूनिट द्वारा आवश्यक कार्रवाई पूरी करने के बाद घटना की जानकारी कंट्रोल रूम रुड़की को भी दे दी गई।
इस दौरान मौके पर पहुंची फायर टीम में लीडिंग फायरमैन अतर सिंह राणा, चालक नरेंद्र सिंह तोमर और फायरमैन शंकर कुमार शामिल रहे। फायर विभाग ने लोगों से अपील की है कि इलेक्ट्रिक वाहनों की चार्जिंग और विद्युत उपकरणों के इस्तेमाल के दौरान विशेष सावधानी बरतें, ताकि इस प्रकार की घटनाओं से बचा जा सके।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!