January 28, 2026

अटल स्मृति सम्मेलन में गूंजा अटल जी का राष्ट्रवाद, राज्य मंत्री सुनील सैनी ने किया ऐतिहासिक योगदान का स्मरण

(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)

अटल स्मृति सम्मेलन में गूंजा अटल जी का राष्ट्रवाद, राज्य मंत्री सुनील सैनी ने किया ऐतिहासिक योगदान का स्मरण
रुड़की। वेलकम फार्म हाउस, मिस्सरपुर में पूर्व प्रधानमंत्री भारत रत्न स्वर्गीय श्री अटल बिहारी वाजपेयी जी की 101वीं जयंती के अवसर पर अटल स्मृति सम्मेलन का भव्य एवं गरिमामय आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में राज्य मंत्री सुनील सैनी उपस्थित रहे। उन्होंने अटल जी के जीवन, विचारों और राष्ट्र निर्माण में उनके अतुलनीय योगदान पर विस्तार से प्रकाश डालते हुए उन्हें उत्तराखंड राज्य का निर्माता बताया।
राज्य मंत्री सुनील सैनी ने अपने संबोधन में कहा कि भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी जी ऐसे दूरदर्शी नेता थे जो जो कहते थे, उसे करके दिखाते थे। उन्होंने उत्तराखंड की जनता से वादा किया था कि जब केंद्र में उनकी सरकार बनेगी, तब उत्तराखंड राज्य का निर्माण होगा। अटल जी ने अपने इस वचन को पूरा कर न केवल उत्तराखंड राज्य का गठन किया, बल्कि राज्य को विशेष श्रेणी का दर्जा और आर्थिक पैकेज भी प्रदान किया। उन्होंने कहा कि यह अटल जी की राष्ट्र प्रथम की भावना को दर्शाता है, क्योंकि उस समय उत्तराखंड में कांग्रेस की सरकार होने के बावजूद उन्होंने राज्य के विकास में कोई भेदभाव नहीं किया।
सुनील सैनी ने कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने सत्ता में रहते हुए भी लोकतांत्रिक मर्यादाओं का पूर्ण सम्मान किया। उन्होंने संसद, विपक्ष और अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता को हमेशा सर्वोपरि रखा, जिससे भारतीय लोकतंत्र की जड़ें और अधिक मजबूत हुईं। अटल जी लोकतांत्रिक मूल्यों के सच्चे संवाहक थे और उन्होंने राजनीति में उदार राष्ट्रवाद का आदर्श प्रस्तुत किया, जो आज भी प्रासंगिक है।
उन्होंने आगे कहा कि अटल जी ने सफल गठबंधन सरकार की नींव रखी और उसे कुशल नेतृत्व के साथ निभाया। पोखरण परमाणु परीक्षणों के माध्यम से उन्होंने भारत को वैश्विक मंच पर एक सशक्त, आत्मनिर्भर और साहसी राष्ट्र के रूप में स्थापित किया। इन परीक्षणों के बाद दुनिया ने भारत की सामरिक क्षमता को स्वीकार किया। अटल जी ने राष्ट्रीय सुरक्षा और कूटनीति के बीच संतुलन बनाते हुए देश के हितों की रक्षा की।
राज्य मंत्री ने अटल जी के प्रसिद्ध कथन “सपने वे नहीं जो सोते समय आते हैं, सपने वे हैं जो हमें सोने नहीं देते” का उल्लेख करते हुए कहा कि अटल बिहारी वाजपेयी जी ने राष्ट्र और समाज को नई दिशा और दशा देने का कार्य किया। उनका संपूर्ण जीवन देश सेवा, राष्ट्र निर्माण और मानवीय मूल्यों के लिए समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि अटल जी ने जिस भारत की कल्पना की थी, आज देश उसी दिशा में आगे बढ़ रहा है और भारत विश्व गुरु बनने की ओर निरंतर अग्रसर है।
उन्होंने यह भी कहा कि अटल जी ने उत्तराखंड का निर्माण किया और आज मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में उत्तराखंड निरंतर विकास के पथ पर आगे बढ़ रहा है। राज्य में धर्म, संस्कृति और विकास के बीच संतुलन बनाकर कार्य किया जा रहा है।
इस अवसर पर पूज्य स्वामी यति शिवानंद, हरिद्वार सह प्रभारी  दीपक धमीजा, जिला महामंत्री संजीव चौधरी, जिला पंचायत उपाध्यक्ष अमित चौहान , ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि बालम नेगी  सहित चारों मंडलों के अध्यक्ष, जिला एवं मंडल पदाधिकारी, जनप्रतिनिधि, शक्ति केंद्र संयोजक, बूथ अध्यक्ष एवं बड़ी संख्या में देवतुल्य कार्यकर्ता उपस्थित रहे। कार्यक्रम में सभी ने अटल जी के चित्र पर पुष्पांजलि अर्पित कर उन्हें श्रद्धांजलि दी और उनके आदर्शों पर चलने का संकल्प लिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!