खेलों से सशक्त भारत का सपना साकार कर रहे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी: सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत
(ब्योरो – दिलशाद खान।KNEWS18)
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी का सपना है कि भारत का हर युवा खेलों से जुड़े और देश में एक मजबूत खेल संस्कृति विकसित हो, जिससे भारत विश्व खेल मंच पर नई पहचान बना सके। यह बात उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री एवं हरिद्वार सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने सांसद खेल महोत्सव के तहत वंदना कटारिया स्टेडियम में आयोजित विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं के दौरान खिलाड़ियों को संबोधित करते हुए कही।
सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने कहा कि आज भारत दुनिया का सबसे अधिक जनसंख्या वाला देश है और इसमें युवाओं की संख्या सर्वाधिक है। यदि इस विशाल युवा शक्ति को खेलों से जोड़ा जाए तो भारत खेलों की दुनिया में नया कीर्तिमान स्थापित कर सकता है। उन्होंने कहा कि खेल केवल शारीरिक क्षमता बढ़ाने का माध्यम नहीं हैं, बल्कि इससे अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, टीम भावना और राष्ट्रभक्ति का विकास भी होता है।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की इसी सोच के तहत फिट इंडिया अभियान, योग महोत्सव, खेलो इंडिया और सांसद खेल महोत्सव जैसे कार्यक्रम शुरू किए गए हैं। इन पहलों का उद्देश्य गांव से लेकर शहर तक, हर वर्ग और हर आयु समूह के लोगों को खेलों से जोड़ना है। सांसद ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव में आयु की कोई सीमा नहीं रखी गई है, ताकि हर प्रतिभा को आगे बढ़ने का अवसर मिल सके और खेल का व्यापक वातावरण तैयार हो।
त्रिवेंद्र सिंह रावत ने जानकारी दी कि 25 दिसंबर को सांसद खेल महोत्सव के समापन अवसर पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी देशभर के खिलाड़ियों से वर्चुअल माध्यम से जुड़ेंगे और उनसे सीधा संवाद करेंगे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का संकल्प है कि आने वाले वर्षों में भारत से ऐसे खिलाड़ी तैयार हों, जो एशियन गेम्स, कॉमनवेल्थ गेम्स और ओलंपिक जैसे अंतरराष्ट्रीय मंचों पर देश का नाम रोशन करें।
इस अवसर पर उन्होंने पूर्व भारतीय महिला हॉकी खिलाड़ी वंदना कटारिया की विशेष सराहना करते हुए कहा कि वंदना कटारिया ने अपने उत्कृष्ट खेल प्रदर्शन से न केवल उत्तराखंड बल्कि पूरे देश का मान बढ़ाया है। उन्होंने युवाओं से अपील की कि वे वंदना कटारिया को अपना आदर्श बनाएं और खेलों में ऊंचाइयों तक पहुंचने के लिए कठिन परिश्रम और अनुशासन को अपनाएं।
कार्यक्रम के दौरान सांसद त्रिवेंद्र सिंह रावत ने विभिन्न खेल प्रतियोगिताओं में भाग ले रहे खिलाड़ियों से व्यक्तिगत रूप से परिचय प्राप्त किया। उन्होंने खिलाड़ियों के खेल कौशल की प्रशंसा की और उन्हें पूरी निष्ठा, मेहनत और खेल भावना के साथ अपना सर्वश्रेष्ठ प्रदर्शन करने का आशीर्वाद दिया। रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा ने कहा कि सांसद खेल महोत्सव के अंतर्गत आयोजित तीन दिवसीय प्रतियोगिताओं से हरिद्वार की खेल प्रतिभाओं को एक सशक्त मंच मिला है। उन्होंने बताया कि इस आयोजन की तैयारियां लगभग एक माह से की जा रही थीं और अब इसके सकारात्मक परिणाम सामने आ रहे हैं। उन्होंने आयोजकों और प्रशासन का आभार व्यक्त किया।
कार्यक्रम में रानीपुर विधायक आदेश चौहान, रुड़की विधायक प्रदीप बत्रा, भाजपा जिलाध्यक्ष आशुतोष शर्मा, पूर्व जिलाध्यक्ष संदीप गोयल, पूर्व राज्यमंत्री विमल कुमार, प्रदेश मीडिया सह-प्रभारी विकास तिवारी, जिला क्रीड़ा अधिकारी शबाली गुरंग सहित अनेक जनप्रतिनिधि, भाजपा कार्यकर्ता, खिलाड़ी और खेल प्रेमी बड़ी संख्या में उपस्थित रहे।



