मंगलौर के केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में छात्राओं को दी कानून की जानकारी, अधिकारों और सुरक्षा के प्रति किया जागरूक
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
मंगलौर। छात्राओं को उनके कानूनी अधिकारों, महिला सुरक्षा और संविधान में दिए गए प्रावधानों के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से मंगलौर स्थित केवल कन्या पाठशाला इंटर कॉलेज में महिला कानून जागरूकता कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में हरिद्वार की सीनियर सिविल जज सिमरनजीत कौर पहुंचीं। उन्होंने दीप प्रज्वलित कर कार्यक्रम का विधिवत शुभारंभ किया। इस अवसर पर कॉलेज के प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर और कार्यवाहक प्रधानाचार्य डॉ. दीपिका ने बुके भेंटकर मुख्य अतिथि का स्वागत किया।

कार्यक्रम को संबोधित करते हुए कॉलेज के प्रबंधक डॉ. रविंद्र कपूर ने संस्थान की शैक्षणिक गतिविधियों और उपलब्धियों के बारे में विस्तार से जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उनका संस्थान बेहद कम समय में लगातार प्रगति के पथ पर आगे बढ़ रहा है। कॉलेज से शिक्षा प्राप्त कर निकली छात्राएं आज देश-विदेश में विभिन्न क्षेत्रों में अपनी सेवाएं देकर संस्थान का नाम रोशन कर रही हैं। उन्होंने कहा कि कॉलेज का उद्देश्य केवल छात्राओं को किताबी शिक्षा देना ही नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक, कानूनी और व्यावहारिक रूप से भी जागरूक बनाना है।
डॉ. कपूर ने कहा कि समय-समय पर कॉलेज में इस प्रकार के विशेष कार्यक्रम आयोजित किए जाते हैं, ताकि छात्राओं को नई जानकारियां मिल सकें और वे बदलते समय के साथ अपने अधिकारों एवं जिम्मेदारियों को समझ सकें। आज की छात्राओं के लिए कानून और संविधान की जानकारी होना बेहद आवश्यक है। विशेष रूप से उन्हें यह पता होना चाहिए कि उनके अधिकार क्या हैं और किसी भी विपरीत परिस्थिति में वे कानून की मदद किस प्रकार ले सकती हैं।
मुख्य अतिथि सीनियर सिविल जज सिमरनजीत कौर ने छात्राओं को संबोधित करते हुए कानून से जुड़ी महत्वपूर्ण जानकारियां साझा कीं। उन्होंने महिला सुरक्षा, बालिकाओं के अधिकारों और उनके संरक्षण के लिए बनाए गए कानूनी प्रावधानों के बारे में विस्तार से समझाया। उन्होंने कहा कि प्रत्येक छात्रा को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक और सजग रहना चाहिए। यदि किसी भी छात्रा के साथ कोई अनुचित व्यवहार, उत्पीड़न या अन्याय होता है तो उसे चुप रहने के बजाय उचित कानूनी सहायता लेनी चाहिए।
उन्होंने छात्राओं को बताया कि वे अपनी सुरक्षा के लिए उपलब्ध कानूनी व्यवस्थाओं का किस प्रकार इस्तेमाल कर सकती हैं। इसके साथ ही बाल श्रम, बाल अपराध और बाल विवाह जैसे गंभीर सामाजिक मुद्दों पर भी विस्तार से चर्चा की। उन्होंने कहा कि बाल श्रम और बाल विवाह जैसी कुप्रथाएं बच्चों के भविष्य और उनके अधिकारों को प्रभावित करती हैं। इनके प्रति समाज में जागरूकता फैलाना बेहद जरूरी है। छात्राओं को भी इन विषयों की जानकारी रखनी चाहिए, ताकि वे स्वयं जागरूक होने के साथ अपने परिवार और आसपास के लोगों को भी जागरूक कर सकें।
कार्यक्रम के दौरान छात्राओं को यह संदेश दिया गया कि शिक्षा के साथ-साथ कानूनी जानकारी भी उनके आत्मविश्वास और सुरक्षित भविष्य के लिए महत्वपूर्ण है। इस प्रकार के आयोजन छात्राओं को जागरूक, आत्मनिर्भर और अपने अधिकारों के प्रति सजग बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।
इस अवसर पर जिला पंचायत सदस्य प्रतिनिधि अनीस अहमद, अमर उजाला प्रभारी अंकित गर्ग, अनुज शर्मा सहित कॉलेज के शिक्षक-शिक्षिकाएं एवं बड़ी संख्या में छात्राएं प्रमुख रूप से मौजूद रहीं।

