रुड़की डिपो को मिली दो अत्याधुनिक BS6 बसों की सौगात, कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने हरी झंडी दिखाकर किया रवाना
(ब्योरो दिलशाद खान KNEWS 18)
रुड़की (हरिद्वार)। उत्तराखंड की परिवहन व्यवस्था को आधुनिक और सुदृढ़ बनाने की दिशा में रुड़की डिपो को दो नई अत्याधुनिक BS6 बसों की सौगात मिली है। कैबिनेट मंत्री एवं परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा ने विधि-विधान से पूजा-अर्चना करने के बाद दोनों नई बसों को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उन्होंने नई बसों को क्षेत्र की जनता को समर्पित करते हुए कहा कि प्रदेश सरकार आम जनता को बेहतर, सुरक्षित और सुविधाजनक परिवहन सेवाएं उपलब्ध कराने के लिए लगातार प्रयास कर रही है।
रुड़की डिपो में शामिल की गईं दोनों अत्याधुनिक BS6 बसों का संचालन रुड़की से सहारनपुर, नैनीताल और देहरादून के मार्गों पर किया जाएगा। इन बसों के शुरू होने से इन मार्गों पर यात्रा करने वाले यात्रियों को आवागमन में सुविधा मिलेगी। साथ ही परिवहन सेवाओं की उपलब्धता और गुणवत्ता में भी सुधार होगा। नई बसों के संचालन से नौकरीपेशा लोगों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और रोजाना यात्रा करने वाले अन्य यात्रियों को विशेष लाभ मिलने की उम्मीद है।
कार्यक्रम के दौरान कैबिनेट मंत्री प्रदीप बत्रा ने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के कुशल नेतृत्व में उत्तराखंड सरकार प्रदेश की परिवहन व्यवस्था को लगातार मजबूत और आधुनिक बनाने की दिशा में काम कर रही है। सरकार का प्रयास है कि प्रदेश के प्रत्येक क्षेत्र में लोगों को बेहतर कनेक्टिविटी और सुरक्षित सार्वजनिक परिवहन की सुविधा उपलब्ध हो। इसी उद्देश्य को ध्यान में रखते हुए परिवहन विभाग में नई बसों को शामिल किया जा रहा है, ताकि यात्रियों को समय के अनुसार बेहतर सुविधाएं मिल सकें।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के ‘विकल्प रहित संकल्प’ और जनकल्याणकारी विजन के अनुरूप प्रदेश में विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जा रहा है। सड़क और परिवहन सुविधाएं किसी भी क्षेत्र के आर्थिक एवं सामाजिक विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। बेहतर परिवहन व्यवस्था से न केवल आम नागरिकों का सफर आसान होता है, बल्कि व्यापार, पर्यटन और रोजगार के अवसरों को भी बढ़ावा मिलता है।
परिवहन मंत्री ने कहा कि सरकार का संकल्प है कि उत्तराखंड के शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों को बेहतर परिवहन सुविधाओं से जोड़ा जाए। यात्रियों की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए परिवहन सेवाओं को लगातार बेहतर बनाने के प्रयास किए जा रहे हैं। रुड़की डिपो में नई बसों का शामिल होना भी इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने उम्मीद जताई कि नई बसों के संचालन से रुड़की और आसपास के क्षेत्रों के यात्रियों को राहत मिलेगी तथा दूसरे शहरों तक पहुंचना पहले से अधिक सुविधाजनक होगा।
इस अवसर पर स्थानीय पार्षदों, अन्य सम्मानित पार्षदगण, तीनों मंडलों के मंडल अध्यक्ष, परिवहन विभाग के अधिकारी एवं कर्मचारी तथा बड़ी संख्या में क्षेत्रवासी मौजूद रहे। कार्यक्रम के दौरान नई बसों को लेकर लोगों में उत्साह दिखाई दिया। स्थानीय लोगों ने रुड़की डिपो को मिली इस नई सौगात का स्वागत करते हुए इसे यात्रियों की सुविधा की दिशा में सकारात्मक पहल बताया।


