September 20, 2026

हरिद्वार में खाद्य सुरक्षा विभाग की बड़ी कार्रवाई, होटल-रेस्टोरेंट से डेयरियों तक ताबड़तोड़ छापेमारी

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

हरिद्वार, 19 सितंबर 2026। जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता और स्वच्छता सुनिश्चित करने के लिए खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन ने विशेष अभियान चलाते हुए होटल-रेस्टोरेंट, डेयरी, नमकीन निर्माण इकाइयों और किराना प्रतिष्ठानों पर छापेमारी की। अभियान के दौरान कुल 13 खाद्य नमूने प्रयोगशाला जांच के लिए भेजे गए, जबकि खराब एवं असुरक्षित पाए गए खाद्य पदार्थों को मौके पर ही नष्ट कराया गया।

खाद्य सुरक्षा आयुक्त उत्तराखंड विनय शंकर पाण्डेय और जिलाधिकारी मयूर दीक्षित के निर्देश पर चलाए जा रहे अभियान के तहत जिला खाद्य सुरक्षा अधिकारी महिमानंद जोशी के नेतृत्व में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी दिलीप जैन ने हरिद्वार-दिल्ली हाईवे स्थित एक होटल एवं रेस्टोरेंट का निरीक्षण किया।

विभाग के अनुसार प्रतिष्ठान के पास होटल गतिविधियों के लिए फूड लाइसेंस था, जबकि उसी लाइसेंस पर रेस्टोरेंट भी संचालित किया जा रहा था। लाइसेंस में चाय एवं चाय उत्पाद, मीट प्रोडक्ट्स, इंडियन स्वीट्स, बेकरी तथा सीरियल प्रोडक्ट्स की श्रेणियां दर्ज नहीं थीं, इसके बावजूद इनका निर्माण, भंडारण और विक्रय किया जा रहा था।

निरीक्षण में होटल प्रबंधन टेस्ट रिपोर्ट, पेस्ट कंट्रोल रिकॉर्ड तथा इंटरनल और एक्सटर्नल ऑडिट से संबंधित आवश्यक दस्तावेज भी प्रस्तुत नहीं कर सका। विभाग के मुताबिक किचन में शाकाहारी और मांसाहारी भोजन तैयार करने के लिए अलग-अलग सेक्शन नहीं थे और एक ही बर्तन में वेज तथा नॉन-वेज खाद्य पदार्थ तैयार किए जा रहे थे। इन अनियमितताओं को देखते हुए मीट एवं मीट उत्पाद, इंडियन स्वीट्स और बेकरी प्रोडक्ट्स के निर्माण एवं बिक्री पर अगले आदेश तक रोक लगा दी गई।

यहां से पनीर का एक, हनी का एक और कुल्चे के दो नमूने जांच के लिए लिए गए। किचन में सड़े-गले प्याज, शिमला मिर्च और पनीर मिलने की बात भी विभाग ने कही। करीब पांच किलोग्राम खराब खाद्य सामग्री मौके पर नष्ट कराई गई। प्रतिष्ठान को इम्प्रूवमेंट नोटिस जारी कर 15 दिन के भीतर कमियां दूर करने के निर्देश दिए गए।

वहीं, लक्सर नगर में डेयरियों, नमकीन निर्माण इकाइयों और किराना दुकानों की जांच के दौरान खुले पनीर, नमकीन और पैक्ड फ्रूटी ड्रिंक के नमूने लिए गए। साफ-सफाई के मानकों का पालन न करने, लाइसेंस नवीनीकरण नहीं कराने और जरूरी अभिलेख उपलब्ध नहीं कराने पर एक नमकीन निर्माण इकाई तथा दो किराना दुकानदारों को नोटिस जारी किए गए।

हरिद्वार शहर में वरिष्ठ खाद्य सुरक्षा अधिकारी कैलाश चंद्र भट्ट ने पुरुषार्थी मार्केट, निर्मला छावनी रोड और शिवमूर्ति चौक क्षेत्र में निरीक्षण किया। धनिया और लाल मिर्च पाउडर के नमूने लिए गए। अशोक प्रोविजन स्टोर को लाइसेंस के स्थान पर केवल खाद्य पंजीकरण के आधार पर कारोबार करने पर कारण बताओ नोटिस दिया गया।

दूध एवं दुग्ध उत्पादों की जांच में खुले दूध के तीन नमूने लिए गए। ज्वालापुर स्थित चांद डेयरी से देसी घी तथा खन्ना नगर की गुर्जर डेयरी और न्यू शिव डेयरी से पनीर के नमूने लिए गए। विभाग ने खाद्य कारोबारियों को स्वच्छता मानकों का पालन करने और लाइसेंस व आवश्यक अभिलेख अद्यतन रखने के निर्देश दिए हैं।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!