एडीबी की सीवरेज योजना पर कांग्रेस ने उठाए सवाल, क्षतिग्रस्त मकानों का किया निरीक्षण; मुकदमा दर्ज कराने की मांग
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
रुड़की। गणेशपुर गांव के शिव मंदिर गली में एडीबी योजना के तहत डाली गई सीवरेज लाइन से जुड़ी समस्याओं को लेकर कांग्रेस ने मोर्चा खोल दिया है। सड़क धंसने और कई मकानों में दरारें आने की शिकायत के बाद जिला कांग्रेस कमेटी रुड़की महानगर के अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी एडवोकेट के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रभावित क्षेत्र का निरीक्षण किया और पीड़ित परिवारों से मुलाकात कर उनकी समस्याएं सुनीं।
कांग्रेस नेताओं का कहना है कि गणेशपुर क्षेत्र में पिछले कई वर्षों से मकानों के धंसने और क्षतिग्रस्त होने की घटनाएं सामने आती रही हैं। हाल ही में सड़क धंसने के साथ कुछ मकानों में दरारें आने से स्थानीय लोगों की चिंता बढ़ गई है। कांग्रेस नेताओं ने इन घटनाओं के पीछे वर्ष 2013-14 में डाली गई सीवरेज लाइन के निर्माण कार्य में हुई कथित अनियमितताओं को जिम्मेदार बताया और पूरे मामले की जांच की मांग की।
महानगर कांग्रेस अध्यक्ष राजेंद्र चौधरी ने कहा कि एडीबी के माध्यम से रुड़की शहर में करीब पांच सौ करोड़ रुपये की लागत से सीवरेज लाइन डालने का कार्य कराया गया था। इतनी बड़ी धनराशि खर्च होने के बावजूद यदि लोगों को सुविधाओं के बजाय परेशानी झेलनी पड़ रही है और मकानों को नुकसान पहुंच रहा है तो इसकी जिम्मेदारी तय होनी चाहिए। उन्होंने कहा कि गणेशपुर में लगातार सामने आ रही घटनाएं गंभीर हैं और लोगों की जान-माल की सुरक्षा सुनिश्चित करना प्रशासन की प्राथमिकता होनी चाहिए।
राजेंद्र चौधरी ने मौके पर पहुंचे जल संस्थान के जेई जुनैद गौड़ से मरम्मत कार्य की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान देने को कहा। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्र में चल रहे कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। साथ ही उन्होंने जल संस्थान के उच्च अधिकारियों को सोमवार सुबह 10:30 बजे रुड़की कार्यालय में बैठक के लिए बुलाया, ताकि समस्या का ठोस और स्थायी समाधान निकाला जा सके।
राजेंद्र चौधरी ने आरोप लगाया कि एडीबी परियोजना रुड़की की जनता के लिए सुविधा के बजाय समस्या बन गई है। उन्होंने कहा कि यदि परियोजना में अनियमितता या भ्रष्टाचार की पुष्टि होती है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया जाना चाहिए। कांग्रेस इस मामले को जनता के हित से जुड़ा मुद्दा मानते हुए आगे भी उठाती रहेगी।
पूर्व मेयर गौरव गोयल ने कहा कि उनके कार्यकाल के दौरान भी गणेशपुर सहित शहर के विभिन्न क्षेत्रों में एडीबी की सीवरेज योजना से जुड़ी समस्याओं को लेकर आवाज उठाई गई थी। उन्होंने बताया कि संबंधित विभागों को कई बार पत्र भेजकर समस्या के समाधान की मांग की गई, लेकिन कथित रूप से जिम्मेदार लोगों के खिलाफ प्रभावी कार्रवाई नहीं हो सकी।
पूर्व प्रदेश महासचिव सचिन गुप्ता ने कहा कि कांग्रेस इस मामले में अंत तक जनता की लड़ाई लड़ेगी। उन्होंने कहा कि सीवरेज लाइन के निर्माण में यदि अनियमितताएं हुई हैं तो उनकी निष्पक्ष जांच कर जिम्मेदार लोगों के नाम सार्वजनिक किए जाने चाहिए। उन्होंने सोमवार को जल संस्थान कार्यालय पर धरना देने की चेतावनी भी दी।
इस दौरान जल संस्थान के जेई जुनैद गौड़ को कांग्रेस नेताओं के सवालों और विरोध का सामना करना पड़ा। कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने प्रभावित लोगों की समस्याओं को गंभीरता से लेने और जल्द समाधान की मांग की।
कार्यक्रम में पूर्व पार्षद संजय गुड्डू, डॉ. हरविंदर सिंह, मदन पाल सिंह भड़ाना, इंजीनियर वैभव सैनी, सुभाष चंद्र शर्मा, उम्मेद गाजी, मोहित त्यागी, जिला सचिव विशाल सहगल, गौरव त्यागी, उज्ज्वल शर्मा, अनूप शर्मा, मनोज कुमार, विकास गर्ग, इमरान देशभक्त, राजबीर सिंह, ओमबीर, अनिल कश्यप, अंकित तोमर, मोंटी गुज्जर, राजकुमार कश्यप और मनोज सन्नवर सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


