September 13, 2026

क्वाड्रा इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा में रोटरी क्लब रुड़की मिडटाउन ने लगाए 25 औषधीय पौधे, संरक्षण का लिया संकल्प

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। पर्यावरण संरक्षण और आयुर्वेदिक औषधीय पौधों के महत्व को बढ़ावा देने के उद्देश्य से रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन की ओर से क्वाड्रा इंस्टीट्यूट ऑफ आयुर्वेदा में औषधीय पौधारोपण अभियान आयोजित किया गया। अभियान के दौरान विभिन्न प्रजातियों के करीब 25 औषधीय पौधे परिसर में लगाए गए। क्लब के सदस्यों ने पौधों को लगाने के साथ-साथ उनके संरक्षण और नियमित देखभाल की जिम्मेदारी निभाने का भी संकल्प लिया।

कार्यक्रम के दौरान क्वाड्रा ग्रुप की ओर से डॉ. ऋषभ जैन तथा रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन के अध्यक्ष रोटेरियन अक्षय प्रताप सिंह ने पौधारोपण अभियान के उद्देश्य और महत्व पर प्रकाश डाला। उन्होंने कहा कि इस अभियान की खासियत यह है कि इसमें सामान्य पौधों के बजाय औषधीय गुणों वाले पौधों को प्राथमिकता दी गई है। ऐसे पौधे पर्यावरण को बेहतर बनाने के साथ आयुर्वेद और प्राकृतिक चिकित्सा के प्रति लोगों में जागरूकता बढ़ाने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं।

अध्यक्ष अक्षय प्रताप सिंह ने बताया कि रोटरी क्लब द्वारा करीब दो वर्ष पूर्व भी इसी परिसर में औषधीय पौधों का रोपण किया गया था। उस समय लगाए गए पौधों की वृद्धि और उनके परिणाम बेहद उत्साहजनक रहे हैं। पुराने पौधों को विकसित और स्वस्थ देखकर क्लब के सदस्यों में भी उत्साह दिखाई दिया। उन्होंने कहा कि पूर्व में लगाए गए पौधों की सफलता ने क्लब को दोबारा इसी दिशा में अभियान चलाने के लिए प्रेरित किया।

उन्होंने कहा कि केवल पौधे लगा देना ही पौधारोपण अभियान की सफलता नहीं है। पौधों को जीवित रखना, उनकी नियमित देखभाल करना और उन्हें वृक्ष के रूप में विकसित करना भी उतनी ही महत्वपूर्ण जिम्मेदारी है। इसी भावना के साथ क्लब के सदस्यों ने इस बार लगाए गए करीब 25 औषधीय पौधों के संरक्षण और देखभाल का संकल्प लिया।

कार्यक्रम में उपस्थित लोगों ने पर्यावरण संरक्षण के साथ-साथ आयुर्वेदिक परंपरा में औषधीय पौधों की उपयोगिता पर भी चर्चा की। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में प्राकृतिक संसाधनों और पारंपरिक चिकित्सा पद्धतियों के प्रति जागरूकता बढ़ाना आवश्यक है। औषधीय पौधों का संरक्षण आने वाली पीढ़ियों के लिए भी उपयोगी साबित हो सकता है।

इस अवसर पर डॉ. अजय भार्गव, डॉ. रमा भार्गव, रमेश रावल, राजेश गुप्ता, हिमांशु पुंडीर, गौरव गिरी, सिद्धांत, अक्षरा, अर्पित अग्रवाल और विवेक गुप्ता सहित रोटरी क्लब के सदस्य मौजूद रहे।

कार्यक्रम के समापन पर रोटरी क्लब ऑफ रुड़की मिडटाउन की ओर से डॉ. ऋषभ जैन, क्वाड्रा ग्रुप के प्रबंधन एवं समस्त स्टाफ का सहयोग और आतिथ्य के लिए आभार व्यक्त किया गया। क्लब पदाधिकारियों ने भविष्य में भी पर्यावरण संरक्षण और सामाजिक सरोकारों से जुड़े ऐसे अभियानों को जारी रखने की बात कही।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!