September 13, 2026

100 दिव्यांगजनों को मिलेगा निःशुल्क कृत्रिम अंग और सहायक उपकरण, 3 से 5 अक्टूबर तक लगेगा शिविर

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा रुड़की की ओर से जरूरतमंद दिव्यांगजनों को आत्मनिर्भर और सम्मानजनक जीवन जीने में सहयोग देने के उद्देश्य से तीन दिवसीय निःशुल्क कृत्रिम अंग एवं सहायक उपकरण शिविर का आयोजन किया जा रहा है। शिविर का आयोजन 3 अक्टूबर से 5 अक्टूबर 2026 तक होटल सचिन इंटरनेशनल, ईदगाह चौक के निकट, काशीपुरी, रुड़की में किया जाएगा। शिविर में करीब 100 जरूरतमंद दिव्यांगजनों को उनकी आवश्यकता के अनुसार कृत्रिम अंग और अन्य सहायक उपकरण उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।

शिविर के दौरान जरूरतमंद दिव्यांगजनों के लिए कृत्रिम हाथ, बाँह, पाँव और टाँग आदि नाप के अनुसार उपलब्ध कराकर उनकी फिटिंग की जाएगी। इसके साथ ही आवश्यकता के अनुसार व्हीलचेयर तथा अन्य जरूरी सहायता भी प्रदान की जाएगी। पोलियो से प्रभावित बच्चों के लिए कैलिपर्स लगाने की सुविधा भी उपलब्ध कराई जाएगी।

प्रकल्प संयोजक सचिन गुप्ता एवं पूजा गुप्ता ने बताया कि इस शिविर का उद्देश्य केवल दिव्यांगजनों को उपकरण उपलब्ध कराना नहीं, बल्कि उन्हें दोबारा आत्मनिर्भर बनाने का प्रयास करना है। उन्होंने कहा कि जिन लोगों ने किसी कारणवश अपने हाथ-पैर खो दिए हैं या किसी अंग का उपयोग करने में असमर्थ हैं, उनके जीवन की परेशानी को समझते हुए यह सेवा पहल की गई है। कृत्रिम अंगों की मदद से ऐसे लोगों को अपने दैनिक कार्य करने और स्वावलंबी बनने में मदद मिल सकेगी।

उन्होंने बताया कि शिविर में शामिल होने के लिए पूर्व पंजीकरण अनिवार्य है। पंजीकरण के लिए दिए गए QR कोड को स्कैन कर Google Form भरना होगा। इसके अलावा लाभार्थियों को आवश्यक दस्तावेज WhatsApp के माध्यम से निर्धारित मोबाइल नंबरों पर भेजने होंगे। इनमें आधार कार्ड, दिव्यांगता प्रमाण-पत्र और जिस अंग के लिए कृत्रिम अंग की आवश्यकता है, उसकी फोटो शामिल है। इन जानकारियों के आधार पर लाभार्थियों को शिविर में आने की तारीख और समय की जानकारी दी जाएगी, जिससे उन्हें किसी तरह की असुविधा न हो।

शिविर पूरी तरह निःशुल्क है। आयोजकों ने स्पष्ट किया है कि कृत्रिम अंग, सहायक उपकरण या अन्य सेवाओं के लिए किसी भी प्रकार का भुगतान नहीं करना है। यदि कोई व्यक्ति शिविर के नाम पर Google Pay, UPI या किसी अन्य माध्यम से पैसे मांगता है, तो ऐसे किसी भी भुगतान से बचने की अपील की गई है।

बाहर से आने वाले लाभार्थियों और उनके साथ आने वाले व्यक्तियों के लिए निःशुल्क भोजन की व्यवस्था भी की गई है। इसमें नाश्ता, दोपहर का भोजन और रात का भोजन शामिल रहेगा।

भारत विकास परिषद् मुख्य शाखा रुड़की की अध्यक्ष आशा चंद्रा, सचिव निधि शांडिल्य तथा कोषाध्यक्ष एवं वित्त सचिव संजय सिंघल के नेतृत्व में शिविर आयोजित किया जा रहा है। प्रकल्प का समन्वय सचिन गुप्ता और पूजा गुप्ता कर रहे हैं। परिषद् के संरक्षक सत्येंद्र गुप्ता, सेवा संयोजक मनोज अग्रवाल, पर्यावरण संयोजक अनिल जैन, डॉ. बीना गुप्ता, रमेश रावल सहित अन्य पदाधिकारी और सदस्य भी आयोजन को सफल बनाने में सहयोग कर रहे हैं।

पंजीकरण एवं जानकारी के लिए आशा चंद्रा – 9319967882, शालिनी जैन – 9760124424, वीणा जैन – 9997752159 और निधि शांडिल्य – 9760325788 पर संपर्क किया जा सकता है।

परिषद् ने समाज के लोगों से अपील की है कि वे इस शिविर की जानकारी अधिक से अधिक जरूरतमंद दिव्यांगजनों तक पहुंचाएं, ताकि पात्र लोग इस निःशुल्क सेवा का लाभ उठा सकें।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!