हल्द्वानी में बीजेपी की विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति शुरू, कार्यकर्ताओं में दिखा उत्साह
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)
हल्द्वानी। नैनीताल जिले के हल्द्वानी में भारतीय जनता पार्टी उत्तराखंड की दो दिवसीय विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक गुरुवार से शुरू हो गई। बैठक में प्रदेशभर से पार्टी के वरिष्ठ नेता, सांसद, विधायक, पदाधिकारी और कार्यकर्ता शामिल हो रहे हैं। राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नवीन के आगमन को लेकर कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखने को मिल रहा है।
कार्यसमिति में प्रदेश प्रभारी दुष्यंत गौतम, मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी, प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट, पूर्व मुख्यमंत्री तीरथ सिंह रावत सहित कई वरिष्ठ नेता पहुंचे हैं। बैठक के पहले दिन राजनीतिक प्रस्ताव, विकसित उत्तराखंड संकल्प प्रस्ताव और संगठन से जुड़े विभिन्न महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा की जा रही है।
इस कार्यसमिति में लक्सर ब्लॉक प्रमुख हर्ष कुमार दौलत और जिला अध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने भी सहभागिता की। वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन में संगठन के आगामी कार्यक्रमों, रणनीतियों तथा केंद्र और राज्य सरकार की जन-कल्याणकारी नीतियों को जन-जन तक पहुंचाने को लेकर विचार-विमर्श किया गया।
भाजपा जिलाध्यक्ष डॉ. मधु सिंह ने कहा कि हल्द्वानी में आयोजित विस्तारित प्रदेश कार्यसमिति बैठक संगठन की मजबूती के लिए महत्वपूर्ण है। वरिष्ठ नेतृत्व के मार्गदर्शन से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा और दिशा मिलेगी। बैठक में आगामी कार्यक्रमों, बूथ स्तर की मजबूती और जनकल्याणकारी योजनाओं को जन-जन तक पहुंचाने पर मंथन हो रहा है।
हर्ष कुमार दौलत ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के आगमन को लेकर पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं में उत्साह है। वहीं, कैबिनेट मंत्री मदन कौशिक ने कहा कि राष्ट्रीय अध्यक्ष के मार्गदर्शन से संगठन को नई दिशा मिलेगी। उन्होंने कहा कि बैठक में बूथ स्तर तक संगठन को मजबूत करने और आगामी चुनावों की रणनीति पर महत्वपूर्ण मंथन होगा।
मदन कौशिक ने दावा किया कि भाजपा उत्तराखंड में लगातार तीसरी बार सरकार बनाकर हैट्रिक लगाएगी। कार्यसमिति के माध्यम से संगठनात्मक मजबूती और भविष्य की राजनीतिक रणनीति को लेकर व्यापक मंथन किया जा रहा है।
