August 26, 2026

रक्षाबंधन से पहले रिश्तों का खौफनाक अंत: भाई ने दो बहनों को गोलियों से भूना, दोनों की मौत, जीजा घायल

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS 18)

रुड़की। रक्षाबंधन पर्व से ठीक पहले रुड़की में रिश्तों को शर्मसार कर देने वाली सनसनीखेज वारदात सामने आई है। मंगलवार शाम एक भाई ने कथित तौर पर अपनी दो सगी बहनों की अलग-अलग स्थानों पर गोली मारकर हत्या कर दी। वारदात के दौरान दूसरी बहन का पति भी गोली लगने से घायल हो गया। दोनों घटनाओं के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। आरोपी वारदात को अंजाम देने के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस की कई टीमें जुटी हैं।

जानकारी के अनुसार पहली घटना प्रीत विहार क्षेत्र में हुई। करीब 50 वर्षीय संगीता उर्फ शकुंतला मंगलवार शाम लगभग 7:20 बजे घर से कुछ दूरी पर सेक्टर रोड की ओर ई-रिक्शा से जा रही थीं। इसी दौरान उनका भाई वहां पहुंचा और कथित तौर पर उन पर गोली चला दी। गोली पेट में लगने से वह गंभीर रूप से घायल होकर गिर पड़ीं। घटना के बाद आरोपी मौके से निकल गया।

बताया जा रहा है कि इसके करीब 20 मिनट बाद आरोपी लगभग दो किलोमीटर दूर सुभाषनगर क्षेत्र में अपनी दूसरी बहन पुष्पा के घर पहुंचा। जैसे ही पुष्पा ने दरवाजा खोला, आरोपी ने कथित तौर पर उन पर भी गोली चला दी। गोली लगने से पुष्पा गंभीर रूप से घायल हो गईं। गोली की आवाज सुनकर उनके पति संदीप बाहर आए तो आरोपी ने उन्हें भी गोली मार दी। गोली संदीप के कंधे में लगी, जिससे वह घायल हो गए। वारदात के बाद आरोपी मौके से फरार हो गया।

लगातार दो स्थानों पर गोलीबारी की सूचना मिलते ही पुलिस की टीमें घटनास्थलों पर पहुंचीं। दोनों घायल महिलाओं को तत्काल सिविल अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। वहीं घायल संदीप का उपचार चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही परिजनों और आसपास के लोगों की भीड़ मौके पर जुट गई।

मामले की गंभीरता को देखते हुए गंगनहर कोतवाली प्रभारी मणिभूषण श्रीवास्तव और सिविल लाइंस कोतवाली प्रभारी प्रदीप बिष्ट पुलिस टीम के साथ घटनास्थलों पर पहुंचे। सीओ रुड़की ओसीन जोशी और एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने भी दोनों घटनास्थलों का निरीक्षण किया। पुलिस ने घटनास्थलों से साक्ष्य जुटाने के साथ ही आसपास के लोगों से पूछताछ शुरू कर दी है।

एसपी देहात शेखर चंद्र सुयाल ने बताया कि प्रारंभिक जांच में भाई द्वारा दोनों बहनों को गोली मारे जाने की बात सामने आई है। दोनों महिलाओं की मौत हो चुकी है, जबकि एक व्यक्ति घायल है। उन्होंने बताया कि वारदात के पीछे वास्तविक कारणों की जांच की जा रही है। आरोपी की तलाश के लिए पुलिस टीमें संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही हैं।

पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ा सवाल वारदात की वजह को लेकर है। पारिवारिक विवाद, संपत्ति या कोई अन्य कारण—हत्या के पीछे वास्तविक वजह क्या थी, इसका खुलासा आरोपी की गिरफ्तारी और जांच पूरी होने के बाद ही हो सकेगा। पुलिस घटना से जुड़े सभी पहलुओं की गहनता से पड़ताल कर रही है।

रक्षाबंधन से ठीक पहले हुई इस दोहरी हत्या ने पूरे रुड़की क्षेत्र को झकझोर कर रख दिया है। जिस पर्व पर भाई-बहन के पवित्र रिश्ते को मजबूत करने की तैयारियां चल रही थीं, उसी समय दो बहनों की हत्या की खबर से परिवारों में मातम पसर गया। दोनों परिवारों में कोहराम मचा हुआ है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। फिलहाल पुलिस आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास में जुटी है और उसके पकड़े जाने के बाद ही इस सनसनीखेज वारदात की पूरी कहानी सामने आने की उम्मीद है।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!