सेवा ही सबसे बड़ा धर्म: प्रेस क्लब रुड़की के भंडारे में आर्किटेक्ट अनिल कुमार का हुआ सम्मान
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
सावन माह में हरिद्वार से पवित्र गंगाजल लेकर अपने-अपने गंतव्य की ओर लौट रहे लाखों शिवभक्त कांवड़ यात्रियों की सेवा के लिए विभिन्न सामाजिक और धार्मिक संस्थाएं बढ़-चढ़कर योगदान दे रही हैं। इसी क्रम में प्रेस क्लब रुड़की (रजि.) द्वारा आयोजित विशाल भंडारा श्रद्धा, सेवा और सामाजिक समर्पण का उत्कृष्ट उदाहरण बनकर सामने आया है। क्लब के अध्यक्ष दीपक मिश्रा के नेतृत्व में आयोजित इस सेवा शिविर में कांवड़ यात्रियों के लिए भोजन, प्रसाद एवं जलपान की निशुल्क व्यवस्था की गई है। बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के पदाधिकारी एवं सदस्य स्वयं सेवादार बनकर शिवभक्तों की सेवा में जुटे हुए हैं।
भंडारा स्थल पर सुबह से देर रात तक कांवड़ यात्रियों का लगातार आगमन हो रहा है। यहां पहुंचने वाले श्रद्धालुओं का पूरे सम्मान और आत्मीयता के साथ स्वागत किया जा रहा है। हर-हर महादेव और बम-बम भोले के जयघोष से पूरा वातावरण भक्तिमय बना हुआ है। सेवा शिविर में श्रद्धालुओं को स्वच्छ एवं पौष्टिक भोजन उपलब्ध कराया जा रहा है, जिससे कठिन पैदल यात्रा कर रहे कांवड़ियों को राहत मिल रही है।
इसी दौरान प्रसिद्ध आर्किटेक्ट अनिल कुमार भी प्रेस क्लब रुड़की के भंडारे में पहुंचे। उनके आगमन पर प्रेस क्लब के पदाधिकारियों और सदस्यों ने गर्मजोशी से स्वागत किया। इस अवसर पर उन्हें भगवान भोलेनाथ और माता पार्वती की सुंदर तस्वीर भेंट कर सम्मानित किया गया। आर्किटेक्ट अनिल कुमार ने स्वयं भी शिवभक्तों की सेवा में सहभागिता करते हुए भोजन वितरण में सहयोग किया और प्रेस क्लब की इस सामाजिक पहल की सराहना की।
उन्होंने कहा कि कांवड़ यात्रा केवल धार्मिक आस्था का प्रतीक नहीं, बल्कि सेवा, त्याग, भाईचारे और सामाजिक समरसता का भी संदेश देती है। हजारों किलोमीटर की कठिन पैदल यात्रा करने वाले शिवभक्तों की सेवा करना अत्यंत पुण्य का कार्य है। उन्होंने कहा कि प्रेस क्लब रुड़की द्वारा पत्रकारिता के साथ-साथ समाजसेवा के क्षेत्र में निभाई जा रही भूमिका प्रेरणादायक है।
प्रेस क्लब रुड़की के अध्यक्ष दीपक मिश्रा ने कहा कि कांवड़ यात्रा भारत की सनातन संस्कृति और आस्था का महापर्व है। देशभर से लाखों श्रद्धालु भगवान शिव के प्रति अटूट विश्वास लेकर हरिद्वार पहुंचते हैं और पवित्र गंगाजल लेकर अपने गंतव्य की ओर रवाना होते हैं। ऐसे में उनकी सेवा करना प्रेस क्लब के लिए गर्व और सौभाग्य की बात है। उन्होंने कहा कि शिवभक्तों की सेवा करना स्वयं भगवान भोलेनाथ की सेवा के समान है और प्रेस क्लब हमेशा सामाजिक दायित्वों के निर्वहन के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।
भंडारे की व्यवस्था में प्रेस क्लब के सभी पदाधिकारी और सदस्य पूरी निष्ठा के साथ अपनी जिम्मेदारियां निभाते नजर आए। भोजन वितरण, जलपान, प्रसाद व्यवस्था और श्रद्धालुओं के स्वागत से लेकर अन्य सभी व्यवस्थाएं स्वयं क्लब के सदस्यों द्वारा संभाली गईं। शिवभक्तों ने भी प्रेस क्लब की इस सेवा भावना की मुक्तकंठ से प्रशंसा करते हुए सभी सेवादारों का आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर टीना शर्मा, भंडारा संचालन समिति के अध्यक्ष सुभाष सक्सेना, उपाध्यक्ष रियाज कुरैशी, सचिव नितिन कुमार, कोषाध्यक्ष विनीत त्यागी, निदेशक दीपक अरोड़ा, महेश मिश्रा, नफीसुलहसन, आसिफ खान, राहुल सक्सेना, अंकित त्यागी, दीपक शर्मा, योगराज पाल, संदीप पोहिवाल, तोशी भाई, अनुप सैनी, अभिषेक शर्मा, शशांक सिंघल, गौरव वत्स, सुनील पटेल, शुभम, अरुण कुमार, मिक्की जैदी, अनिल सैनी, बबलू सैनी, महेश्वर सिंह, अमित सैनी सहित बड़ी संख्या में प्रेस क्लब के पदाधिकारी, सदस्य एवं सेवादार मौजूद रहे।
प्रेस क्लब रुड़की (रजि.) का यह सेवा अभियान कांवड़ मेले में श्रद्धा, सेवा, समर्पण और सामाजिक एकता का प्रेरणादायी संदेश देते हुए शिवभक्तों के लिए निरंतर सेवा का केंद्र बना हुआ है।
