गुरु पूर्णिमा पर आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज का पूर्व मेयर ने लिया आशीर्वाद, उमड़ी श्रद्धालुओं और गणमान्य लोगों की भीड़

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की। गुरु पूर्णिमा के पावन अवसर पर ज्योतिष गुरुकुलम नवग्रह पीठ के संस्थापक आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज के आश्रम में भव्य धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर नगर एवं क्षेत्र के राजनीतिक, सामाजिक, शैक्षणिक और धार्मिक क्षेत्रों से जुड़े अनेक गणमान्य व्यक्तियों ने आश्रम पहुंचकर आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज का आशीर्वाद प्राप्त किया तथा उन्हें गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं अर्पित कीं। पूरे दिन आश्रम में श्रद्धा, भक्ति और आध्यात्मिक वातावरण बना रहा तथा बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं ने गुरु पूजन, महाआरती और महाप्रसाद में भाग लिया।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज ने कहा कि गुरु पूर्णिमा भारतीय संस्कृति और सनातन परंपरा का अत्यंत महत्वपूर्ण पर्व है। यह केवल एक धार्मिक आयोजन नहीं, बल्कि अज्ञानता के अंधकार से ज्ञान के प्रकाश की ओर बढ़ने का पावन संकल्प है। उन्होंने कहा कि सनातन संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी उच्च स्थान इसलिए प्राप्त है क्योंकि गुरु ही मनुष्य को जीवन का सही मार्ग, सदाचार और आध्यात्मिक ज्ञान प्रदान करते हैं। गुरु का सानिध्य व्यक्ति के जीवन को सकारात्मक दिशा देता है और उसे हर कठिन परिस्थिति में आगे बढ़ने की शक्ति प्रदान करता है।
आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज ने युवाओं का विशेष आह्वान करते हुए कहा कि आधुनिकता की दौड़ में अपनी संस्कृति, परंपराओं और गुरु-शिष्य संबंधों को भूलना उचित नहीं है। उन्होंने कहा कि आज की युवा पीढ़ी यदि अपनी जड़ों से जुड़ी रहेगी तो वह समाज और राष्ट्र निर्माण में महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकेगी। गुरु का आशीर्वाद जीवन में सफलता, संस्कार और आत्मविश्वास का सबसे बड़ा आधार होता है। उन्होंने कहा कि गुरु का मार्गदर्शन केवल व्यक्ति का नहीं बल्कि पूरे समाज का कल्याण करता है।
इस अवसर पर वरिष्ठ भाजपा नेता सौरभ भूषण शर्मा तथा पूर्व मेयर गौरव गोयल ने आचार्य रमेश सेमवाल जी महाराज को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि उनका सानिध्य समाज को धर्म, ज्योतिष, संस्कृति और जनसेवा के मार्ग पर निरंतर प्रेरित करता है। उन्होंने कहा कि गुरुदेव के चरणों में नतमस्तक होकर आशीर्वाद प्राप्त करना उनके जीवन का सौभाग्य है। आचार्य जी का ज्ञान, अनुभव और आध्यात्मिक मार्गदर्शन समाज को सकारात्मक दिशा प्रदान कर रहा है तथा उनके आशीर्वाद से अनेक लोग जीवन में नई ऊर्जा और प्रेरणा प्राप्त कर रहे हैं।
गुरु पूर्णिमा समारोह में प्रदेश उपाध्यक्ष भाजपा राकेश गिरी, डोईवाला के चेयरमैन नरेंद्र सिंह नेगी, भाजपा नेता पुरुषोत्तम डोभाल, राधा भटनागर, सुलक्षणा सेमवाल, रविंद्र बेनीवाल, ज्योति भारद्वाज, नीलम चौधरी, समाजसेविका पूजा वर्मा सहित अनेक सामाजिक कार्यकर्ता, विद्वान, धार्मिक व्यक्तित्व और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे। सभी ने गुरुजी का आशीर्वाद लेकर समाज में सद्भाव, संस्कार और आध्यात्मिक मूल्यों के प्रसार का संकल्प लिया।
आश्रम परिसर में दिनभर गुरु पूजन, वैदिक मंत्रोच्चार, महाआरती एवं महाप्रसाद (भंडारा) का आयोजन हुआ। सैकड़ों श्रद्धालुओं ने श्रद्धापूर्वक प्रसाद ग्रहण किया और गुरु पूर्णिमा के इस पावन पर्व को भक्ति एवं उत्साह के साथ मनाया। पूरे आयोजन में आध्यात्मिक वातावरण, अनुशासन और श्रद्धा का अद्भुत संगम देखने को मिला, जिसने उपस्थित सभी श्रद्धालुओं के मन को भावविभोर कर दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!