September 20, 2026

पेपर लीक पीड़ित छात्रों को श्रद्धांजलि, केंद्रीय शिक्षा मंत्री के इस्तीफे के बाद झबरेड़ा में कांग्रेस का विशाल कैंडल मार्च

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

झबरेड़ा। केंद्रीय शिक्षा मंत्री धर्मेंद्र प्रधान के इस्तीफे के बाद प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज हो गई है। इसी क्रम में झबरेड़ा में कांग्रेस पार्टी द्वारा एक विशाल कैंडल मार्च निकालकर छात्र आंदोलन के प्रति समर्थन व्यक्त किया गया। कार्यक्रम का नेतृत्व झबरेड़ा विधायक वीरेंद्र जात्ति और पूर्व राज्य मंत्री डॉ. गौरव चौधरी ने संयुक्त रूप से किया। कैंडल मार्च में बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ताओं, युवाओं और स्थानीय नागरिकों ने भाग लिया तथा छात्र हितों के समर्थन में आवाज बुलंद की।
कैंडल मार्च झबरेड़ा के प्रमुख मार्गों से होकर निकाला गया, जहां प्रतिभागियों ने हाथों में मोमबत्तियां लेकर छात्र एकता, शिक्षा व्यवस्था में सुधार और युवाओं के अधिकारों के समर्थन में नारे लगाए। पूरे कार्यक्रम के दौरान शांतिपूर्ण ढंग से प्रदर्शन किया गया और छात्रों के संघर्ष को लोकतंत्र की ताकत बताया गया।
इस अवसर पर विधायक वीरेंद्र जात्ति ने कहा कि देशभर के छात्रों और युवाओं का आक्रोश अब अपने चरम पर पहुंच चुका था। लंबे समय से विभिन्न मुद्दों को लेकर चल रहे छात्र आंदोलनों और युवाओं की न्यायोचित मांगों के दबाव में केंद्रीय शिक्षा मंत्री को आखिरकार अपने पद से इस्तीफा देना पड़ा। उन्होंने इसे छात्र शक्ति की बड़ी जीत बताते हुए कहा कि जब युवा एकजुट होकर लोकतांत्रिक तरीके से अपनी आवाज उठाते हैं तो सरकारों को भी निर्णय बदलने पड़ते हैं।
विधायक वीरेंद्र जात्ति ने भाजपा प्रदेश अध्यक्ष महेंद्र भट्ट पर भी निशाना साधते हुए कहा कि विपक्ष और छात्रों के आंदोलनों से भाजपा पूरी तरह घबरा गई है। उन्होंने आरोप लगाया कि इसी कारण भाजपा नेता लगातार भ्रामक और तथ्यहीन बयान देकर जनता का ध्यान वास्तविक मुद्दों से हटाने का प्रयास कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस हमेशा छात्रों, युवाओं और आम जनता के अधिकारों की लड़ाई लड़ती रहेगी तथा शिक्षा व्यवस्था को पारदर्शी और जवाबदेह बनाने की मांग जारी रखेगी।
पूर्व राज्य मंत्री डॉ. गौरव चौधरी ने अपने संबोधन में कहा कि सरकार को अब छात्रों के भविष्य के साथ खिलवाड़ बंद करना होगा। उन्होंने कहा कि प्रतियोगी परीक्षाओं में अनियमितताओं, पेपर लीक और युवाओं की बढ़ती बेरोजगारी ने देश के लाखों परिवारों को प्रभावित किया है। युवाओं की आवाज को दबाने का हर प्रयास लोकतांत्रिक मूल्यों के खिलाफ है और कांग्रेस छात्र हितों की रक्षा के लिए हर स्तर पर संघर्ष जारी रखेगी।
कार्यक्रम के दौरान प्रतियोगी परीक्षाओं से जुड़े विवादों और पेपर लीक प्रकरणों में जान गंवाने वाले दिवंगत छात्र-छात्राओं की स्मृति में दो मिनट का मौन भी रखा गया। उपस्थित लोगों ने मोमबत्तियां जलाकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की और शिक्षा व्यवस्था में पारदर्शिता तथा निष्पक्षता सुनिश्चित करने की मांग दोहराई।नगर पंचायत झबरेड़ा के सभासद सलमान सत्तार अंसारी भी कांग्रेस के कैंडल मार्च में शामिल हुए। उन्होंने कहा कि छात्र हित सर्वोपरि हैं और युवाओं की आवाज़ को दबाया नहीं जा सकता। उन्होंने निष्पक्ष परीक्षा व्यवस्था की मांग करते हुए कहा कि छात्रों के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर सभी को एकजुट होकर आवाज़ उठानी चाहिए।
कैंडल मार्च के समापन पर कांग्रेस नेताओं ने कहा कि युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों पर पार्टी आगे भी जनआंदोलन जारी रखेगी। उन्होंने सरकार से मांग की कि प्रतियोगी परीक्षाओं को पूरी तरह निष्पक्ष बनाया जाए, दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाए तथा छात्रों का विश्वास बहाल करने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में कांग्रेस पदाधिकारी, कार्यकर्ता, युवा और स्थानीय नागरिक मौजूद रहे, जिससे झबरेड़ा में राजनीतिक माहौल काफी गर्म दिखाई दिया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!