रात के अंधेरे में महिला के साथ हुई दरिंदगी… 7 दिन बाद पुलिस ने किया ऐसा खुलासा कि सब रह गए हैरान!

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

हरिद्वार। थाना पथरी क्षेत्र में महिला के साथ तमंचे के बल पर गैंगरेप और लूट की सनसनीखेज वारदात का हरिद्वार पुलिस ने सफल खुलासा करते हुए चार आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से घटना में इस्तेमाल किया गया अवैध तमंचा, चाकू, मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए झुमके तथा मोबाइल फोन के टूटे हुए पार्ट्स और बैटरी भी बरामद की है। वारदात के बाद से सभी आरोपी लगातार फरार चल रहे थे, जिनकी तलाश के लिए पुलिस लगातार दबिश दे रही थी।
पुलिस के अनुसार, 7 जुलाई 2026 की रात महिला अपने बच्चे के साथ घर पर मौजूद थी। इसी दौरान चार आरोपी वहां पहुंचे और तमंचे के बल पर महिला को आतंकित कर उसके साथ सामूहिक दुष्कर्म किया। वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपियों ने महिला के कानों से झुमके भी लूट लिए और मौके से फरार हो गए। इस घटना से पूरे क्षेत्र में दहशत फैल गई थी।
पीड़िता द्वारा 8 जुलाई 2026 को थाना पथरी में शिकायत दर्ज कराने के बाद अज्ञात आरोपियों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया गया। मामले की गंभीरता को देखते हुए वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक हरिद्वार के निर्देश पर थाना पथरी पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष अभियान शुरू किया।
जांच के दौरान पुलिस ने घटनास्थल का बारीकी से निरीक्षण किया और आसपास के लोगों से पूछताछ के साथ-साथ अन्य तकनीकी एवं भौतिक साक्ष्य जुटाए। पुलिस टीम ने संभावित ठिकानों पर लगातार दबिश दी। इसी क्रम में 14 जुलाई 2026 को मुखबिर से मिली सटीक सूचना के आधार पर पुलिस ने पथरी जंगल के पास से दो संदिग्ध युवकों को हिरासत में लिया। पूछताछ में दोनों ने वारदात में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। उनकी निशानदेही पर घटना में शामिल दो अन्य आरोपियों को भी गिरफ्तार कर लिया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान शिवम (24 वर्ष), शेखर (22 वर्ष), अरुण (23 वर्ष), तीनों निवासी ग्राम दुर्गागढ़ थाना पथरी, तथा विकास (25 वर्ष), निवासी ग्राम महाखड़ी, थाना सयाना, जनपद बुलंदशहर (उत्तर प्रदेश) के रूप में हुई है।
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से एक अवैध तमंचा, एक अवैध चाकू, वारदात में प्रयुक्त मोटरसाइकिल, पीड़िता से लूटे गए झुमकों की एक जोड़ी और मोबाइल फोन के टूटे हुए हिस्से बरामद किए हैं। बरामदगी और अन्य साक्ष्यों के आधार पर मुकदमे में अतिरिक्त धाराएं भी बढ़ाई गई हैं।
हरिद्वार पुलिस ने बताया कि चारों आरोपियों के विरुद्ध विधिक कार्रवाई पूरी कर उन्हें माननीय न्यायालय के समक्ष पेश किया जाएगा। इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम में थाना पथरी के थानाध्यक्ष रविन्द्र कुमार, वरिष्ठ उपनिरीक्षक उपेन्द्र सिंह, चौकी प्रभारी फेरूपुर उपनिरीक्षक विपिन कुमार सहित अन्य पुलिसकर्मियों की महत्वपूर्ण भूमिका रही। पुलिस का कहना है कि महिलाओं के विरुद्ध अपराध करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई आगे भी लगातार जारी रहेगी।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!