छात्रों की गूंज’ से पहले ज्वालापुर में गरमाया छात्र संवाद: विधायक रवि बहादुर से विकास कार्यों पर तीखे सवाल, युवाओं ने रखीं अपनी समस्याएं
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
हरिद्वार/ज्वालापुर। आगामी 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक छात्रों की भागीदारी सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ज्वालापुर विधानसभा के हद्दीवाला गांव स्थित सिंह लाइब्रेरी में छात्र संवाद कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस दौरान कांग्रेस विधायक रवि बहादुर छात्रों से संवाद करने पहुंचे, लेकिन कार्यक्रम में उन्हें छात्रों के कई तीखे सवालों का भी सामना करना पड़ा। बड़ी संख्या में मौजूद छात्र-छात्राओं ने क्षेत्र में विकास कार्यों, जर्जर सड़कों, शिक्षा, रोजगार और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता को लेकर खुलकर अपनी बात रखी।

संवाद के दौरान कई छात्रों ने विधायक से सीधे सवाल करते हुए आरोप लगाया कि पूरे पांच वर्ष के कार्यकाल में वे केवल दो बार ही क्षेत्र में पहुंचे हैं। छात्रों का कहना था कि हद्दीवाला सहित आसपास के क्षेत्रों की कई सड़कें आज भी बदहाल स्थिति में हैं और विकास कार्य अपेक्षित स्तर पर नहीं हो सके हैं। उन्होंने कहा कि जनप्रतिनिधियों को केवल चुनाव के समय नहीं, बल्कि पूरे कार्यकाल के दौरान जनता और युवाओं के बीच रहकर उनकी समस्याओं का समाधान करना चाहिए।
कार्यक्रम में मौजूद प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी कर रहे विद्यार्थियों ने शिक्षा और रोजगार से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। सिंह लाइब्रेरी के संचालक शुभम सिंह ने भी छात्रों की ओर से क्षेत्र में बेहतर शैक्षणिक माहौल और बुनियादी सुविधाओं की आवश्यकता पर जोर दिया। विद्यार्थियों नईम अहमद, Allen कुमार, संजीत कुमार, प्रमोद कुमार सहित अन्य छात्रों ने बिजली व्यवस्था, अध्ययन के लिए बेहतर वातावरण, सड़क, रोजगार और क्षेत्र की अन्य मूलभूत समस्याओं को विधायक के समक्ष रखा। छात्रों ने मांग की कि इन समस्याओं के समाधान के लिए ठोस कार्ययोजना बनाकर समयबद्ध कार्रवाई की जाए।
छात्राओं ने भी इस संवाद में बढ़-चढ़कर भागीदारी की। मीनाक्षी और अलका सहित अन्य छात्राओं ने शिक्षा, सुरक्षा, प्रतियोगी परीक्षाओं की तैयारी और छात्राओं के लिए बेहतर सुविधाओं से जुड़े मुद्दों को बेझिझक विधायक के सामने रखा। उन्होंने कहा कि यदि युवाओं और छात्राओं को बेहतर शिक्षा, सुरक्षित माहौल और रोजगार के अवसर मिलेंगे तो प्रदेश का भविष्य और अधिक मजबूत होगा।
विधायक रवि बहादुर ने छात्रों और छात्राओं के सभी सवालों को गंभीरता से सुनते हुए कहा कि लोकतंत्र में युवाओं की आवाज सबसे महत्वपूर्ण है। उन्होंने कहा कि छात्रों द्वारा उठाए गए प्रत्येक मुद्दे को संबंधित विभागों के समक्ष मजबूती से रखा जाएगा और क्षेत्र के विकास कार्यों में तेजी लाने का हर संभव प्रयास किया जाएगा। उन्होंने युवाओं से 17 जुलाई को देहरादून में आयोजित होने वाले ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम में अधिक से अधिक संख्या में पहुंचकर अपनी बात रखने की अपील की। उनका कहना था कि शिक्षा, रोजगार और युवाओं के भविष्य से जुड़े मुद्दों को मजबूत तरीके से उठाने के लिए छात्रों की सक्रिय भागीदारी आवश्यक है।
कार्यक्रम के अंत में छात्रों ने उम्मीद जताई कि उनके द्वारा उठाई गई समस्याओं ,पर केवल आश्वासन नहीं, बल्कि जल्द ठोस कार्रवाई भी देखने को मिलेगी। पूरे संवाद के दौरान युवाओं ने बेबाकी से अपनी बात रखी, जबकि विधायक ने भी सभी सुझावों और शिकायतों को गंभीरता से लेने का भरोसा दिलाया। छात्र संवाद का यह कार्यक्रम आगामी ‘छात्रों की गूंज’ कार्यक्रम से पहले युवाओं के मुद्दों और जनप्रतिनिधियों की जवाबदेही को लेकर चर्चा का केंद्र बना रहा।


