रोटरी क्लब रुड़की ने सालियर स्कूल में भेंट किए सीलिंग फैन, विद्यार्थियों को गर्मी से मिलेगी राहत
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
रुड़की, 13 जुलाई। समाज सेवा के क्षेत्र में अपनी सक्रिय भूमिका निभाते हुए रोटरी क्लब रुड़की ने एक और सराहनीय पहल की है। क्लब की अध्यक्षा रोटे अल्का मित्तल के नेतृत्व में उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, सालियर में विद्यार्थियों की सुविधा के लिए सीलिंग फैन भेंट किए गए। भीषण गर्मी के बीच विद्यालय में पर्याप्त पंखों के अभाव को देखते हुए रोटरी क्लब ने यह सेवा कार्य किया, जिससे छात्रों को पढ़ाई के दौरान राहत मिल सके। क्लब का यह इस कार्यकाल का तीसरा प्रमुख समाजसेवी प्रकल्प है।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए रोटरी क्लब रुड़की की अध्यक्षा रोटे अल्का मित्तल ने कहा कि रोटरी इंटरनेशनल का मूल उद्देश्य समाज के जरूरतमंद लोगों की निस्वार्थ सेवा करना है। उन्होंने कहा कि शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर वातावरण उपलब्ध कराना भी समाज सेवा का महत्वपूर्ण हिस्सा है। यदि बच्चों को विद्यालय में आवश्यक सुविधाएं मिलेंगी तो उनका मन पढ़ाई में अधिक लगेगा और उनका भविष्य बेहतर बनेगा। उन्होंने विद्यालय प्रबंधन को आश्वस्त किया कि भविष्य में भी यदि किसी प्रकार की आवश्यकता होगी तो रोटरी क्लब हर संभव सहयोग करेगा।
रोटरी के पूर्व असिस्टेंट डिस्ट्रिक्ट गवर्नर रोटे सुभाष सरीन ने कहा कि रोटरी क्लब हमेशा उन स्थानों को प्राथमिकता देता है जहां वास्तविक जरूरत होती है। उन्होंने कहा कि सेवा का सही अर्थ तभी है जब सहायता जरूरतमंद तक समय पर पहुंचे। रोटरी क्लब बिना किसी भेदभाव के समाज के हर वर्ग के लिए कार्य करता है और शिक्षा, स्वास्थ्य तथा सामाजिक कल्याण के क्षेत्र में लगातार सेवा परियोजनाएं संचालित करता आ रहा है।
पूर्व रोटरी अध्यक्षा रोटे वंदना मोहन ने कहा कि क्लब का प्रयास केवल संसाधन उपलब्ध कराना नहीं बल्कि बच्चों के लिए बेहतर शैक्षणिक वातावरण तैयार करना भी है। उन्होंने कहा कि ऐसे विद्यालयों का चयन किया जाता है जहां मूलभूत सुविधाओं की कमी हो और रोटरी क्लब अपनी क्षमता के अनुसार उन कमियों को दूर करने का प्रयास करता है।
विद्यालय के प्रधानाचार्य रविंद्र ममगाईं ने रोटरी क्लब का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि गर्मी के मौसम में बच्चों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ता था। सीलिंग फैन मिलने से अब विद्यार्थियों को आरामदायक वातावरण में अध्ययन करने का अवसर मिलेगा। उन्होंने कहा कि रोटरी क्लब की यह पहल विद्यार्थियों के हित में अत्यंत उपयोगी और प्रेरणादायक है।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि पूर्व विधायक देशराज कर्णवाल ने रोटरी क्लब द्वारा समाज हित में किए जा रहे सेवा कार्यों की सराहना करते हुए कहा कि सामाजिक संस्थाओं की ऐसी सकारात्मक पहल समाज में बदलाव लाने का कार्य करती है। उन्होंने कहा कि यदि प्रत्येक सक्षम संस्था शिक्षा और स्वास्थ्य जैसे क्षेत्रों में सहयोग करे तो समाज का समग्र विकास संभव है। श्रीमती बैजयंती कर्णवाल ने भी रोटरी क्लब के प्रयासों की प्रशंसा करते हुए इसे विद्यार्थियों के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम बताया।
इस अवसर पर डिस्ट्रिक्ट असिस्टेंट गवर्नर गगन सरीन, क्लब सचिव रोटे प्रेमचंद सैनी, वीरेंद्र जैन, प्रेम सरीन, रोटे विनय शर्मा सहित रोटरी क्लब के अनेक सदस्य, विद्यालय का समस्त स्टाफ तथा बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे। कार्यक्रम के अंत में विद्यालय परिवार ने रोटरी क्लब के सभी पदाधिकारियों का धन्यवाद ज्ञापित करते हुए भविष्य में भी इसी प्रकार सहयोग मिलने की अपेक्षा व्यक्त की ।



