देहरादून से ‘दैनिक एनकाउंटर समाचार’ का शुभारंभ, विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूड़ी बोलीं— विकसित उत्तराखंड के लिए जिम्मेदार मीडिया जरूरी
(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)
देहरादून। देहरादून से प्रकाशित नए दैनिक समाचार-पत्र ‘दैनिक एनकाउंटर समाचार’ का विधिवत शुभारंभ उत्तराखंड विधानसभा अध्यक्ष ऋतू खंडूड़ी भूषण के करकमलों द्वारा किया गया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि किसी भी नए समाचार-पत्र का प्रकाशन लोकतंत्र में एक नई आवाज के जन्म के समान है और उन्हें विश्वास है कि यह समाचार-पत्र प्रदेश की जनता की निर्भीक, निष्पक्ष और जनहितैषी आवाज बनेगा।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि उत्तराखंड देवभूमि होने के साथ-साथ संघर्ष और त्याग की भूमि भी है। राज्य आंदोलन से लेकर विकास की वर्तमान यात्रा तक मीडिया ने हमेशा महत्वपूर्ण भूमिका निभाई है। उन्होंने कहा कि जब उत्तराखंड “विकसित उत्तराखंड 2026” के लक्ष्य की ओर बढ़ रहा है, तब एक जिम्मेदार और सकारात्मक मीडिया की आवश्यकता पहले से अधिक महसूस की जा रही है।
ऋतू खंडूड़ी ने कहा कि ‘एनकाउंटर समाचार’ नाम अपने आप में एक संदेश देता है। इसका अर्थ अन्याय, भ्रष्टाचार और झूठ के खिलाफ संघर्ष करते हुए सत्य को सामने लाना है। उन्होंने उम्मीद जताई कि यह समाचार-पत्र अपने नाम के अनुरूप समाज की विसंगतियों और जनसमस्याओं को प्रमुखता से उठाकर उनके समाधान की दिशा में प्रभावी भूमिका निभाएगा।
उन्होंने कहा कि लोकतंत्र के चौथे स्तंभ के रूप में मीडिया की सबसे बड़ी जिम्मेदारी सत्य और तथ्यपरक जानकारी जनता तक पहुंचाना है। आज सोशल मीडिया के दौर में अफवाहें तेजी से फैलती हैं, ऐसे समय में समाचार-पत्रों की जिम्मेदारी और बढ़ जाती है कि वे तथ्यों की जांच-पड़ताल कर प्रमाणिक खबरें प्रकाशित करें।
विधानसभा अध्यक्ष ने पत्रकारों से ग्रामीण और सीमांत क्षेत्रों, शिक्षा, स्वास्थ्य, युवाओं, आपदा प्रबंधन तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्राथमिकता देने का आग्रह किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी के नेतृत्व में राज्य सरकार पारदर्शिता और सुशासन के लिए प्रतिबद्ध है तथा स्वस्थ आलोचना लोकतंत्र को और मजबूत बनाती है। मीडिया सरकार और जनता के बीच सेतु का कार्य करता है और उन्हें विश्वास है कि यह नया समाचार-पत्र इस भूमिका को और प्रभावी बनाएगा।
उन्होंने पत्रकारों के कार्य की सराहना करते हुए कहा कि धूप, बारिश या आपदा जैसी कठिन परिस्थितियों में भी पत्रकार सबसे पहले घटनास्थल पर पहुंचकर जनता की आवाज बनते हैं। उन्होंने सभी पत्रकारों से निष्पक्षता, साहस और प्रतिबद्धता के साथ पत्रकारिता करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम में पूर्व मेयर सुनील उनियाल गामा, पूर्व मेयर गौरव गोयल, राज्यमंत्री सुरेंद्र मोघा, पूर्व राज्यमंत्री सुशील राठी, वरिष्ठ भाजपा नेता कपिल गुप्ता, सुरेंद्र शर्मा, सुनीता लोधी, विकास गर्ग, अनिल मनोचा, एस.एस. राणा, बबिता गोयल, रितिन गोयल, प्रवीण मोघा, वरिष्ठ पत्रकार विजय जायसवाल, इमरान देशभक्त सहित बड़ी संख्या में पत्रकार और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के अंत में दैनिक एनकाउंटर समाचार के संपादक विकास गर्ग ने उपस्थित दर्जनों वरिष्ठ पत्रकारों को सम्मानित किया तथा सभी अतिथियों का आभार व्यक्त किया। Thumbnail banner bnakar Bhejo
