भड़ाना ने कराया खाटू श्याम भजन संध्या का भव्य आयोजन, मंदिर के विकास के लिए दिए 31 लाख रुपये

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

 मंगलौर विधानसभा क्षेत्र के सबसे बड़े गांव लिबरहेड़ी में रविवार को आस्था, श्रद्धा और भक्ति का अद्भुत संगम देखने को मिला। लिबरहेड़ी गांव पहुंचने पर हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना का ग्रामीणों ने फूल-मालाओं से भव्य स्वागत किया। ढोल-नगाड़ों और जयकारों के बीच उनका अभिनंदन किया गया। भड़ाना ने ग्रामीणों के स्नेह और सम्मान के लिए सभी का आभार व्यक्त करते हुए इसे अपना सौभाग्य बताया।हरियाणा के पूर्व कैबिनेट मंत्री एवं मंगलौर विधानसभा से पूर्व भाजपा प्रत्याशी करतार सिंह भड़ाना के सौजन्य से गांव के मंदिर परिसर में विशाल हवन-यज्ञ, जागरण, भजन संध्या और भंडारे का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में हरियाणा की प्रसिद्ध भजन गायिका प्रियंका चौधरी ने खाटू श्याम के एक से बढ़कर एक भजनों की प्रस्तुति देकर श्रद्धालुओं को मंत्रमुग्ध कर दिया। देर रात तक चले भजन कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु भक्ति रस में डूबे रहे।
कार्यक्रम के दौरान करतार सिंह भड़ाना ने गांव के मंदिर के विकास एवं सौंदर्यीकरण के लिए 31 लाख रुपये देने की घोषणा की। उनकी इस घोषणा पर उपस्थित ग्रामीणों ने तालियों की गड़गड़ाहट के साथ उनका स्वागत किया और आभार व्यक्त किया।
अपने संबोधन में पूर्व कैबिनेट मंत्री करतार सिंह भड़ाना ने कहा कि वर्ष 2024 के उपचुनाव में उन्हें गांव के लोगों का भरपूर प्रेम और समर्थन मिला था। उन्होंने कहा कि वह चुनाव में बहुत कम मतों के अंतर से जीतने से रह गए, लेकिन उनके लिए चुनाव का परिणाम नहीं बल्कि जनता का विश्वास सबसे बड़ी पूंजी है। उन्होंने कहा कि लिबरहेड़ी के लोगों ने जिस स्नेह और विश्वास के साथ उनका साथ दिया, उसके लिए वह स्वयं को हमेशा उनका ऋणी मानते हैं।
भड़ाना ने कहा कि वह अपने समर्थकों और मतदाताओं का कर्ज कभी नहीं चुका सकते। इसी भावना के साथ उन्होंने गांव के मंदिर प्रांगण में प्रसिद्ध भजन गायिका प्रियंका चौधरी को आमंत्रित कर खाटू श्याम की भव्य भजन संध्या आयोजित कराई, ताकि गांव के लोग धार्मिक वातावरण में एक साथ जुड़ सकें और आध्यात्मिक आनंद का अनुभव कर सकें।
उन्होंने कहा कि धार्मिक और सामाजिक कार्यक्रम समाज में भाईचारा, एकता और संस्कारों को मजबूत करने का माध्यम होते हैं। आने वाले समय में भी वह क्षेत्र के विकास और सामाजिक कार्यों के लिए निरंतर प्रयास करते रहेंगे।
भजन संध्या के दौरान श्रद्धालु खाटू श्याम के भजनों पर झूमते नजर आए। कार्यक्रम में हवन-यज्ञ के बाद विशाल भंडारे का भी आयोजन किया गया, जिसमें हजारों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया। पूरे मंदिर परिसर को आकर्षक ढंग से सजाया गया था और भक्ति का माहौल देर रात तक बना रहा।
कार्यक्रम में क्षेत्र के अनेक गणमान्य नागरिक, सामाजिक कार्यकर्ता, जनप्रतिनिधि तथा बड़ी संख्या में ग्रामीण मौजूद रहे। ग्रामीणों ने करतार सिंह भड़ाना द्वारा मंदिर के लिए की गई 31 लाख रुपये की घोषणा की सराहना करते हुए इसे गांव के धार्मिक विकास की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम बताया।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!