रुड़की में मुख्यमंत्री धामी ने सुना प्रधानमंत्री मोदी के ‘मन की बात’ का 135वां संस्करण, कहा— ‘सबका प्रयास’ से ही बनेगा विकसित भारत

(ब्योरो दिलशाद खान।KNEWS18)

रुड़की/हरिद्वार, 28 जून। मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने रविवार को रुड़की में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के लोकप्रिय रेडियो कार्यक्रम ‘मन की बात’ के 135वें संस्करण को भाजपा कार्यकर्ताओं, जनप्रतिनिधियों एवं अधिकारियों के साथ सुना। इस दौरान कार्यक्रम का सीधा प्रसारण बड़े उत्साह के साथ देखा और सुना गया। मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री का ‘मन की बात’ कार्यक्रम केवल एक संवाद नहीं, बल्कि देशवासियों को प्रेरित करने और जनभागीदारी को सशक्त बनाने का प्रभावी माध्यम बन चुका है।
कार्यक्रम के उपरांत मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने अपने संबोधन में देश के विभिन्न हिस्सों में जनसहयोग से किए जा रहे प्रेरणादायी कार्यों, पर्यावरण संरक्षण, सांस्कृतिक विरासत के संरक्षण, नवाचार, युवाओं की भागीदारी तथा स्थानीय उत्पादों को बढ़ावा देने जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर विस्तार से अपने विचार रखे। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री का प्रत्येक संदेश समाज को सकारात्मक दिशा देने के साथ-साथ राष्ट्र निर्माण में प्रत्येक नागरिक की भागीदारी सुनिश्चित करने का आह्वान करता है।
मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रधानमंत्री द्वारा दिया गया ‘सबका प्रयास’ का संदेश विकसित भारत के संकल्प को साकार करने की मजबूत आधारशिला है। उन्होंने कहा कि जब समाज का प्रत्येक वर्ग अपनी जिम्मेदारियों का निर्वहन करते हुए राष्ट्रहित में योगदान देता है, तभी देश तेज गति से विकास की ओर अग्रसर होता है। उन्होंने प्रदेशवासियों से भी प्रधानमंत्री के संदेशों को अपने जीवन में अपनाने और समाज के उत्थान में सक्रिय भूमिका निभाने का आह्वान किया।
मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तराखंड सरकार भी प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के मार्गदर्शन में जनकल्याण और सुशासन के लक्ष्य को लेकर निरंतर कार्य कर रही है। राज्य सरकार पर्यावरण संरक्षण, महिला सशक्तिकरण, युवा सशक्तिकरण, स्थानीय उत्पादों के प्रोत्साहन, स्वरोजगार, सांस्कृतिक धरोहर के संरक्षण तथा समग्र विकास के लिए अनेक योजनाओं को प्रभावी ढंग से लागू कर रही है। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि जनसहभागिता के बल पर उत्तराखंड विकास के नए आयाम स्थापित करेगा।
इस अवसर पर राज्यसभा सांसद कल्पना सैनी, परिवहन मंत्री प्रदीप बत्रा, जिला पंचायत अध्यक्ष किरण चौधरी, भाजपा जिलाध्यक्ष मधु सिंह,वरिष्ठ भाजपा नेता संजय अरोड़ा ,रुड़की नगर निगम की मेयर अनीता अग्रवाल, राज्य मंत्री देशराज कर्णवाल, श्यामवीर सैनी, आदेश सैनी, शोभाराम प्रजापति, भाजपा ओबीसी मोर्चा के प्रदेश अध्यक्ष राकेश गिरी, जिलाधिकारी मयूर दीक्षित तथा वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक नवनीत सिंह भुल्लर सहित भाजपा के मंडल अध्यक्ष, पदाधिकारी और सैकड़ों की संख्या में कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने प्रधानमंत्री के विचारों को राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरणादायी बताते हुए जनहित और विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराई। मुख्यमंत्री ने भी सभी से प्रधानमंत्री के संदेशों को जन-जन तक पहुंचाने और विकसित भारत के संकल्प को साकार करने में सक्रिय भागीदारी निभाने का आह्वान किया। कार्यक्रम का समापन राष्ट्रहित एवं उत्तराखंड के समग्र विकास के संकल्प के साथ हुआ।

Spread the love

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

प्रमुख खबरे

error: Content is protected !!